पूरे देश के सरकारी स्कूलों को लेकर लोगों में एक आम धरणा है कि यहां बच्चों की पढ़ाई से लेकर उनके रहन-सहन पर खास ध्यान नहीं दिया जाता। इसकी बानगी कभी-कभी सोशल मीडिया के माध्यम से दिखाई भी देती है। कुछ ऐसा ही वाकया कर्नाटक के एक सरकारी स्कूल से आया है। कर्नाटक के बागलकोट जिले के सरकारी हायर प्राइमरी स्कूल में छात्रों द्वारा खुले नाले के पास अपनी लंच प्लेट धोने का मामला सामने आया है। इसकी एक फोटो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को जांच के आदेश दे दिए। दरअसल, बागलकोट जिले के जामखंडी तालुक के अलाबल गांव में मौजूद सरकारी स्कूल की यह फोटो बुधवार को फेसबुक पर वायरल हुई। इस फोटो ने लोगों का ध्यान खींचा तो लोगों ने मंत्रियों और सरकार को टैग किया।
माता-पिता ने लगाया गंभीर आरोप
बच्चों के माता-पिता और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्कूल में पीने के पानी और हाथ धोने की सही सुविधाओं की कमी को दिखाती है। अभिभावकों ने सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताएं भी जताई हैं। अभिभावकों में इस बात का डर है सीवेज के पानी के संपर्क में आने से बच्चों को बीमारी का खतरा हो पैदा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: BHU में दो छात्र गुटों की हिंसक झड़प, पत्थरबाजी, कैंपस में भारी पुलिस तैनाती
बाल संरक्षण ने लिया संज्ञान
नाले में प्लेट धोने का मामला सामने आने के बाद कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इन रिपोर्टों पर संज्ञान लिया है। कमीशन के अध्यक्ष शशिधर एस कोसांबे ने कहा कि गुरुवार को स्कूल के हेडमास्टर के खिलाफ स्वत: शिकायत दर्ज की गई। कोसांबे ने कहा, 'आयोग एक वायरल रिपोर्ट और वीडियो पर कार्रवाई कर रहा है जिसमें छात्र लंच के बाद सीवेज के पानी में प्लेटें धोते हुए दिख रहे हैं।'
प्रिंसिपल पर होगा कड़ा एक्शन?
कोसांबे ने आगे कहा, जिला प्रशासन को स्कूल का दौरा करके रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा, 'मैंने जिला प्रशासन से स्कूल का दौरा करने, लापरवाह हेडमास्टर, टीचर्स और SDMC सदस्यों के खिलाफ एक्शन लेने और रिपोर्ट जमा करने को कहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर और क्षेत्र शिक्षा अधिकारी को खुद स्कूल जाकर एक्शन लेने का निर्देश दिया गया है। डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर्स भी जांच में शामिल हैं।'
यह भी पढ़ें: गुजरात में बुजुर्ग पिता ने तेंदुआ मार डाला, बेटे पर किया था हमला
सार्वजनिक शिक्षा के उप निदेशक अजीत मन्निकेरी ने कहा कि उन्होंने स्कूल का दौरा करके एक्शन शुरू किया है। उन्होंने कहा, 'मैंने आज स्कूल का दौरा किया और सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय, अलबल के हेडमास्टर नंदा भीमाजी कुलकर्णी और SDMC सदस्यों को खराब सुविधाओं, जिसमें छात्रों के गंदे पानी में प्लेटें धोना और साफ पीने का पानी न होना शामिल है, के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।'
उन्होंने आगे कहा कि अधिकारियों को 3 दिनों के अंदर लिखकर जवाब देना होगा, नहीं तो उन्हें डिसिप्लिनरी एक्शन का सामना करना पड़ेगा।
