सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति एक पादरी को धमकाते हुए दिख रहा है। वह धमकाते हुए कह रहा है कि 'मेरे हिंदू राष्ट्र में सनातन धर्म के अलावा कोई विदेशी धर्म का प्रचार नहीं होगा।' वीडियो में जो शख्स धमकाते हुए दिख रहा है, उसका नाम श्री सत्यनिष्ठ आर्य बताया जा रहा है। हालांकि, दावा किया जा रहा है कि वह एक बांग्लादेशी नागरिक है, जिसने अपना नाम बदल लिया है। दावा यह भी किया जा रहा है कि वह गाजियाबाद में कहीं रह रहा है।

 

उसका यह वीडियो आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो को लोग शेयर कर रहे हैं और उसका समर्थन कर रहे हैं। तो वहीं कुछ ऐसे भी हैं जो इस वीडियो को घृणित बताते हुए सत्यनिष्ठ आर्य पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

 

सत्यनिष्ठ आर्य का यह वीडियो तब आया है, जब क्रिसमस आने वाला है। वीडियो में वह पादरी से कई आपत्तिजनक बातें भी करता नजर आ रहा है।

 

यह भी पढ़ें-- देशभर में क्रिसमस की धूम, तुलसी पूजन क्यों ट्रेंड करने लगा?

क्या है पूरा मामला?

सोशल मीडिया पर कुछ दिन से यह वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह किसी कार्यक्रम में हैं और पादरी को धमकाता दिख रहा है।

 

वायरल वीडियो की शुरुआत में वह कहता है, 'मैं ये पूछना चाहता हूं मिस्टर फादर से कि जीसस क्राइस्ट का ग्रंथ का नाम बताओ?' तब पादरी जवाब देता है और फिर सत्यनिष्ठ आर्य कहता है, 'बाइबिल कहां बनी है?'

 

आगे सत्यनिष्ठ आर्य कहता है, 'भारतवर्ष में यह पैदा हुआ ही नहीं था। विदेशी क्रिश्चियन लोगों का, विदेशी भाषाओं का बाइबिल हमारे इंडिया में चलेगा नहीं। हमारा क्या है? चारों वेद हैं। मनुस्मृति है। उपनिषद है। हम कोई भी क्रिश्चियनों का बाइबिल फॉलो नहीं करेंगे।'

 

 

इसके बाद वह आगे 'जय श्रीराम' का नारा भी लगाता है। वह कहता है, 'जीसस क्राइस्ट हमारे नहीं हैं। हमारा कौन है? राम भगवान।'

 

सोशल मीडिया पर उसका लगभग 3 मिनट का यह वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के मुताबिक, एक महिला जब बीच में रोकती है तो उसके साथ भी बदसलूकी की जाती है।

 

यह भी पढ़ें-- भारत आए मेसी ने लगाए 'हर हर महादेव' के नारे, देखें वीडियो

सत्यनिष्ठ आर्य या बांग्लादेशी?

जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इसे लेकर और भी कई तरह के दावे किए जाने लगे। दावा है कि यह बांग्लादेशी नागरिक है।

 

फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर ने दावा करते हुए X पर लिखा, 'यह आदमी जो ईसाइयों को परेशान कर रहा है और जीसस क्राइस्ट का मजाक उड़ा रहा है, वह बांग्लादेश का सनीउर रहमान है। अभी भारत में रहता है। वह पहले मुस्लिम था। बाद में उसने खुद को नास्तिक बताया। 2018 में उसने अपना नाम बदलकर 'श्री सत्यनिष्ठ आर्य' रख लिया। अब वह ईसाइयों और इस्लाम के खिलाफ नफरत भरे वीडियो बनाता है। उसके वीडियो नफरत भरी बातों से भरे होते हैं और वह पेटीएम-गूगल पे के जरिए पैसे मांगता है।'

 

 

सत्यनिष्ठ आर्य के भड़काऊ वीडियो वायरल होते रहे हैं। वह अपने वीडियो में लोकेशन कर्नाटक की कोरमंगला बताता है। 

 

हालांकि, हेट स्पीच और हेट क्राइम्स के खिलाफ काम करने वाली संस्था 'टीम राइजिंग फाल्कन' की पोस्ट पर कोरमंगला पुलिस ने जवाब दिया है कि इसका कर्नाटक से कोई लेना-देना नहीं है।

 

 

टीम राइजिंग फाल्कन ने एक पोस्ट में दावा किया है कि यह व्यक्ति एक बांग्लादेशी नागरिक है और अब उसके उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में किसी पिंकी चौधरी नाम के व्यक्ति के घर पर छिपे होने का शक है।

 

टीम राइजिंग फाल्कन ने मांग की है कि इन दावों की तुरंत जांच की जाए। अगर ये सच पाए जाते हैं तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए एक गंभीर खतरा होगा। उन्होंने उसके खिलाफ UAPA या NSA के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।