पढ़ाई के बढ़ते दबाव के कारण कई बार बच्चे कुछ ऐसे कदम उठा लेते हैं जिनके बारे में माता-पिता सोच भी नहीं सकते। फरवरी और मार्च के महीने में देश के अलग-अलग हिस्सों में 10-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ अन्य कक्षाओं की परीक्षा भी होगी और इन परीक्षाओं को लेकर कई बच्चे तनाव में भी हैं। परीक्षा के दबाव से बचने के लिए एक बच्चे ने ऐसा कदम उठाया जिसकी चर्चा अब हर तरफ है। बच्चा पढ़ाई के दबाव से परेशान होकर अपने घर से तीन लाख रुपये लेकर गोवा भाग गया। 

 

यह मामला गुजरात के वडोदरा का है। 11वीं कक्षा की परीक्षाएं शुरू होने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है। ऐसे में बच्चों पर पढ़ाई का दबाव है और इस दबाव से बचने के लिए वडोदरा का 17 साल का छात्र गोवा भाग गया। वह घर से 3 लाख रुपये लेकर गया। 

 

यह भी पढ़ें: 'बच्चों ने लव मैरिज की तो परिवार का बहिष्कार होगा', MP में पंचायत का फैसला

गोवा में मिला सुरक्षित 

परिवार वालों ने बताया कि वह लड़का घर से जो 3 लाख रुपये लेकर भागा था उसमें उसकी बहन की यूपीएससी परीक्षा की फीस भी थी। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने उस छात्र को गोवा में ढूंढ लिया गया। 

पुलिस के अनुसार, यह घटना समा-सावली रोड इलाके की है। लड़का मंगलवार रात करीब 12 बजे अपनी मां और बहन से कहता है कि वह सोने जा रहा है। इसके बाद लड़का अपने कमरे में चला जाता है। घर वालों को रोज की तरह लगा कि वह अपने कमरे में सोने जा रहा है लेकिन वह तो गोवा भाग गया। अगली सुबह जब वह कमरे से नहीं निकला तो घर वाले उसके कमरे में गए। कमरे का दरवाजा खुला था लेकिन लड़का वहां पर नहीं था। 

दोस्त के साथ गोवा गया

जब घर वालों को लड़का कमरे में नहीं मिला तो वह परेशान हुए। उसका फोन भी बंद था और घर की तिजोरी से 3 लाख रुपये भी गायब हो गए थे। इससे घर वाले और ज्यादा परेशान हो गए। स्कूल में पूछताछ की तो पता चला कि उसने स्कूल टीचर को मैसेज किया था कि वह उस दिन क्लास में नहीं आएगा। इसके बाद घर वालों ने पुलिस में शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। 

 

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। एक कैमरे में वह लड़का रात करीब 1 बजकर 45 मिनट पर बैग लेकर घर से निकलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वह पहले टैक्सी लेकर मुंबई पहुंचा और फिर वहां से अपने एक दोस्त के साथ गोवा चला गया। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और गोवा के एक बीच के पास उसे और उसके दोस्त को ढूंढ लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों 50 हजार रुपये खर्च कर चुके थे। 

 

यह भी पढ़ें: मंत्री ने भाषण में आंबेडकर का नाम नहीं लिया, भड़क गई महिला कर्मचारी

पढ़ाई के दबाव के कारण उठाया कदम

पुलिस ने जब पूछताछ कि तो लड़का रोने लगा। उसने पुलिस को बताया कि वह 11वीं क्लास में पढ़ाई करता है और परीक्षा के दबाव के कारण वह बहुत परेशान था। उसने बताया कि उसे कुछ समय के लिए ब्रेक चाहिए था, इसलिए वह घर से भाग गया था। उसने यह भी बताया कि उसका इरादा एक हफ्ते में घर लौटने का था। 

 

पुलिस ने पूछताछ के बाद लड़के की काउंसलिंग की और लड़के को और उसके दोस्त को वडोदरा वापस ले आए। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित उनके परिवार को सौप दिया। पुलिस ने इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया।