हिमाचल से कश्मीर तक इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई तो टूरिस्ट भी पहाड़ों की तरफ जाने लगे। लंबे समय से पहाड़ बर्फ का इंतजार कर रहे थे और बीते हफ्ते यह इंतजार खत्म हुआ। शिमला से श्रीनगर तक पहाड़ों पर बर्फ की चादर बिछ गई। बर्फबारी शुरू होते ही गणतंत्र दिवस के कारण एक लंबा विकेंड भी आ गया यानी टूरिस्ट के लिए छुट्टी में बर्फबारी का आनंद लेने का एक बेहतरीन पैकेज। मौके का फायदा उठाकर दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से टूरिस्ट पहाड़ों की तरफ चले गए लेकिन बर्फ का आनंद लेने के लिए गए कुछ लोगों के लिए उनकी यह ट्रिप बहुत दर्दनाक और परेशानी भरी रही।
सोशल मीडिया पर एक तरफ लोग बर्फ का आनंद लेते हुए तस्वीरें और रील्स शेयर कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग अन्य लोगों से अपील कर रहे हैं कि पहाड़ों की तरफ मत आना। ऐसा इसलिए क्योंकि बर्फबारी शुरू होते ही हजारों की संख्या में टूरिस्ट पहाड़ों की तरफ जाने लगे। शिमला मनाली जैसी मशहूप टूरिस्ट स्पॉट पर तो लंबे ट्रैफिक जाम लग गए हैं। लोगों को घंटों ट्रैफिक में इंतजार करना पड़ रहा है और कुछ लोगों के पास तो खाने-पीन की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है।
यह भी पढ़ें: धर्म स्थलों पर मुस्लिमों की एंट्री बैन, CM धामी बोले, 'फैसला सरकार नहीं करेगी'
लोगों ने सुनाई आपबीती
दिल्ली एनसीआर से भी कई लोग बर्फ का आनंद लेने शिमला-मनाली जैसी जगहों पर गए लेकिन कुछ लोग जाम में फंसकर ही रह गए। हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में एक ऐसे ही ग्रुप की स्टोरी शेयर की है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली एनसीआर के भरत शर्मा ने अपने तीन दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश की ट्रिप प्लान की। वे तीन दिन तक मनाली से करीब 14 किलोमीटर दूर सोलंग वैली में रहे और इसके बाद 23 जनवरी को वह दिल्ली की ओर लौटे।
भरत शर्मा और उनके दोस्त 23 जनवरी को तड़के जब दिल्ली वापस लौटने लगे तो वहां हल्की बर्फबारी हो रही थी। लंबे समय के बाद बर्फबारी हो रही थी तो उन्होंन सोचा की बर्फबारी का आनंद लिया जाए। इसलिए वह मनाली के लिए निकल गए।
मनाली में जाम में फंसे
भरत शर्मा ने बताया, 'हमने अपना दिन मनाली में बिताने का फैसला किया। हम सोलंग से मनाली करीब 1 घंटे में पहुंच गए थे लेकिन असली दिक्कत वहीं से शुरू हुई।' उन्होंने बताया कि मनाली मॉल रोड से पहले उन्हें करीब 2 करोड़ लंबा ट्रैफिक जाम मिला।
उन्होंने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे मनाली पहुंचे और उसके बाद तो उनके लिए मुश्किलों का दौर ही शुरू हो गया। मनाली के बाहरी इलाकों में ट्रैफिक जाम इतना ज्यादा था कि उन्हें 24 घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। उन्होंने बताया कि कार मुश्किल से ही आगे बढ़ रही थी। एक बार में 10 या 20 मीटर ही कार आगे बढ़ पा रही थी। हालत इतनी खराब थी कि एक घंटे में वह सिर्फ 10 मीटर सफर ही तय कर पाए। वह करीब 24 घंटे जाम में फंसे रहे और 24 जनवरी को दोपहर 2 बजे के बाद जाम खुलना शुरू हुआ। इस दौरान उनके पास पानी और खाने का सामान भी बहुत कम बचा था। अगले दिन जब बर्फ हटाई गई उसके बाद ही वह आगे बढ़ पाए। दिल्ली तक पहुंचते-पहुंचते उन्होंने 40 घंटे कार में ही बिता दिए थे।
यह भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस पर गलत दिशा में सैल्यूट करने लगीं मशहूर IAS टीना डाबी, वीडियो वायरल
ना होटल ना वॉशरूम
पहाड़ों का आनंद लेने दोस्तों के साथ ट्रिप पर गए इस पूरे ग्रुप के लिए यह ट्रिप एक खौफनाक घटना में बदल गई। उनके पास गाड़ी में जो कुछ था उसे खाकर उन्होंने समय बिताया। बाहर बहुत ज्यादा ठंड थी। ना रास्ते पर वॉशरूम थे ना खाना। प्रशासन की ओर से ट्रैफिक जाम नहीं खुलवाया गया और ना ही जाम में फंसे लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाई गई। जब उन्होंने पुलिस से मदद मांगी तो पुलिस ने कहा कि वह अपनी कार को छोड़कर मनाली में जाकर होटल रूम ले लें।
उन्होंने बताया कि मनाली में होटल बहुत मंहगे हो गए और 15-17 हजार एक रात के लिए चार्ज करने लगे। उन्होंने बताया कि जाम में फंसे टूरिस्ट्स को भी होटल वालों ने अपने वॉशरूम नहीं इस्तेमाल करने दिए।
गाड़ी छोड़ने को मजूबर टूरिस्ट
उन्होंने बताया कि कई टूरिस्ट जाम में ही अपनी गाड़ी छोड़ मनाली की ओर रवाना हो गए। सोशल मीडिया पर भी इस तरह की कई वीडियो और फोटो शेयर किए जा रहे हैं। बर्फबारी के कारण लोगों का चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसी तरह के जाम में फंसी एक महिला ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लोगों से अपील की कि वे पहाड़ों पर ना आएं। इस तरह की कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही हैं।
