logo

ट्रेंडिंग:

आर्थिक सर्वे पेश, अब बजट की बारी... संसद कल तक के लिए स्थगित

बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण दोनों सदनों में आर्थिक सर्वे पेश किया। बजट शनिवार को पेश किया जाएगा।

parliament budget session

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण। (Photo Credit: PTI)

संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। संसद सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से हुई। अभिभाषण में राष्ट्रपति मुर्मू ने मोदी 3.0 का विजन रखा। इसके साथ ही मोदी सरकार की उपलब्धियां भी बताईं। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वे पेश किया। संसद के दोनों ही सदनों की कार्यवाही को शनिवार तक स्थगित कर दिया गया है। अब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को 2025-26 का बजट पेश करेंगी।

16 बिल होंगे पास

संसद के बजट सत्र में 16 बिल पास होने की उम्मीद है। इनमें वक्फ (संशोधन) विधेयक, बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक, रेलवे (संशोधन) विधेयक, आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, तेल क्षेत्र (विनियमन और विकास) संशोधन विधेयक शामिल हैं।

 

दो हिस्सों में होगा बजट सत्र

संसद का बजट सत्र दो हिस्सों में होगा। सत्र का पहला हिस्सा 31 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान 9 बैठकें होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट पेश करेंगी। इससे पहले आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। इसके बाद दूसरा हिस्सा 10 मार्च से 4 अप्रैल तक होगा। पूरे बजट सत्र में कुल 27 बैठकें होंगी।

बजट सत्र से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए बनें रहें खबरगांव के साथ...

 

 

Live Updates

January 31, 13:25

राज्यसभा में पेश हुआ आर्थिक सर्वे

लोकसभा के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यसभा में आर्थिक सर्वे पेश कर दिया है। उन्होंने 2024-25 का आर्थिक सर्वे पेश किया है। इसके साथ ही राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। शनिवार को लोकसभा में बजट पेश होने के एक घंटे बाद राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी। अब शनिवार को 2025-26 का बजट पेश किया जाएगा।

 

January 31, 13:10

निर्मला सीतारमण ने पेश किया आर्थिक सर्वे

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में 2024-25 का आर्थिक सर्वे पेश कर दिया है। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को शनिवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया है। लोकसभा के बाद अब राज्यसभा में आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा।

 

January 31, 12:01

तीसरे कार्यकाल में 3 गुना तेजी से कामः राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा कि तीसरे कार्यकाल में तीन गुना रफ्तार से विकास हो रहा है। सरकार ने संविधान के लागू होने से पहले बने कानूनों की विस्तृत समीक्षा की है और कई कानूनों में संशोधन किया है, निरस्त किया है। गुलामी के कानूनों को हटाकर दंड संहिता को हटाकर न्याय संहिता लागू की गई है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भी कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।

 

January 31, 11:37

सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जोरः राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आसान कनेक्टिविटी और अर्बन टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी काम हो रहा है। बहुआयामी और सर्वस्व विकास की नीतियों पर काम करती आई है। मेरी सरकार ने जितना बल फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया है, उतना ही सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर दिया है। अस्पताल, इलाज और सेवा की व्यवस्था होने के कारण परिवार पर स्वास्थ्य का खर्च कम हो रहा है। देश में 1.75 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर बने हैं। देश में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या और इलाज में होने वाले खर्च को देखते हुए कैंसर दवाओं को कस्टम ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है। सर्वाइकल कैंसर के लिए 9 करोड़ महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। दिमागी बुखार से लड़ने में काफी सफलता मिली है। इससे होने वाली मृत्यु दर घटकर 6 प्रतिशत हो गई है। टीबी के मरीजों की संख्या भी घटी है। हम सब मिलकर टीबी मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए योगदान दें। भारत में मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में भी व्यापक सुधार हुआ है। सरकार अगले 5 साल में मेडिकल कॉलेजों में 75 हजार नई सीटों के सृजन पर भी काम कर रही है। हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान दिया जा रहा है।

January 31, 11:31

इन्फ्रास्ट्रक्चर पर फोकसः राष्ट्रपति

उन्होंने कहा कि बीते दशक में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के माइलस्टोन तय किए हैं। इससे नए रोजगार का निर्माण हो रहा है। देश के हर हिस्से को हाईवे और एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करने के लिए मिशन मोड से काम कर रही है। दो साल पहले बुनियादी ढांचे का बजट 2 लाख करोड़ था, जो पिछले बजट में बढ़कर 11 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया। एक दशक में काम को आगे ले जाते हुए पिछले 6 महीने में भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर में रैपिड निवेश किया है। उन्होंने कहा कि देश की एयरलाइन ने 1700 से ज्यादा नए विमानों के ऑर्डर दिए हैं। हम एयरपोर्ट का भी विस्तार कर रहे हैं। एक दशक में एयरपोर्ट की संख्या दोगुनी हो गई है। विकसित भारत को गति देने के लिए हमारे शहरों को फ्यूचर रेडी बनाना जरूरी है। हमारी सरकार आधुनिकिकरण कर रही है। लगभग 28 हजार करोड़ के निवेश से देशभर में 12 इंडस्ट्रियल नोड और शहरों के पास 100 औद्योगिक पार्क बनाने का निर्णय लिया है। शहरी यातायात को सुगम बनाने के कार्य लगातार जारी हैं।

January 31, 11:29

टेक्नोलॉजी का ग्लोबल प्लेयर है भारतः राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स बैंकिंग व्यवस्था से बाहर रहे हैं। आज उन्हें स्वनिधि योजना का लाभ मिल रहा है। देश में छोटे बिजनेस को भी आगे बढ़ाने का समान अवसर मिल रहा है। 10 साल में प्रगति के जो नए अध्याय लिखे हैं, उनमें से एक स्वर्णिम सौपान भारत डिजिटल क्रांति का भी है। आज भारत टेक्नोलॉजी का प्रमुख ग्लोबल प्लेयर है। भारत में 5जी सर्विसेस की शुरुआत इसका बड़ा उदाहरण है। भारत की यूपीआई व्यवस्था से दुनिया के कई देश प्रभावित हैं। डिजिटल टेक्नोलॉजी को सामाजिक न्याय और समानता के एक टूल के तौर पर इस्तेमाल किया है। गांव में भी बैंकिंग सेवाएं और यूपीआई उपलब्ध हैं। लोगों के जीवन से सरकार का प्रभाव कम करने के लिए ई-गवर्नेंस को महत्व दिया है। तेजी से डिजिटाइज होते हमारे समाज में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा साइबर सिक्योरिटी है। साइबर क्राइम को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

January 31, 11:23

भारत को ग्लोबल इनोवेशन पावर हाउस बनाना हैः राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ग्वालियर में विशेष खेल केंद्र खोला गया है। हाल ही में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भी भारत ने परचम लहराया है। फिट इंडिया मूवमेंट के जरिए हम सशक्त युवा शक्ति का निर्माण कर रहे हैं। विकसित भारत के निर्माण में किसान, जवान, विज्ञान के साथ ही अनुसांधन की बड़ी भूमिका है। हमारा लक्ष्य भारत को ग्लोबल इनोवेशन पावर हाउस बनाना है। 10 हजार करोड़ की लागत से विज्ञान और प्रोद्योगिकी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इंडिया एआई मिशन प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि बायो मैनुफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए पॉलिसी आई है। बायो इकोनॉमी का मकसद प्राकृतिक संसाधनों का कुशल उपयोग करना है। मेरी सरकार ने कोविड और युद्ध जैसी वैश्विक चिंताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था ने जो स्थायित्व दिखाया है, वो इसके सशक्त होने को दर्शाता है।

 

January 31, 11:19

3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्यः राष्ट्रपति

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के द्वारा लोकसभा और राज्यसभा में महिलाओं का आरक्षण सुनिश्चित किया है। मेरी सरकार का लक्ष्य देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना है। बीते 6 महीने में 50 लाख लखपति दीदी बनी हैं। उन्होंने कहा कि बीमा शक्ति अभियान भी शुरू किया गया है। हमारी बेटियां ओलंपिक में मेडल लाकर देश को गौरवान्वित कर रही हैं। पिछले एक दशक में मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहल ने रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। मेरी सरकार ने युवाओं के बेहतर कौशल के लिए इंटर्नशिप योजना शुरू की है। आज देश में डेढ़ लाख से अधिक स्टार्टअप हैं। 1 हजार करोड़ रुपये की लागत से स्पेस सेक्टर में वेंचर कैपिटल की शुरुआत की गई है। फ्यूचर ऑफ वॉर श्रेणी में एआई अपनाने में भारत दुनिया को रास्ता दिखा रहा है। ईज ऑफ डूइंग रिसर्च के लिए वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शनशिप लागू कर दी गई है। स्कूलों की गुणवत्ता में भी व्यापक सुधार हुआ है। एशिया रैंकिंग में हमारे 163 विश्विद्यालय शामिल हुए हैं।

January 31, 11:12

अपने घर का सपना पूरा होगाः राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार का मंत्र है, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास और यही मंत्री विकसित भारत बनाएगा। गरीब को गरिमापूर्ण जीवन मिलने से उसमें जो सशक्तिकरण का भाव पैदा होता है, वो गरीबी से उसे लड़ने में मदद करता है। उन्होंने कहा, मेरी सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग के गठन का निर्णय लिया है। इससे सरकारी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि होगी। यूनिफाइड पेंशन स्कीम के तहत सुनिश्चित पेंशन देने का निर्णय भी लिया गया है। मध्यम वर्ग का अपने घर का सपना पूरा करने के लिए भी मेरी सरकार प्रतिबद्ध है। रेरा जैसे कानून बनाकर अपने घर के सपने को सुरक्षा दी गई है।

 

January 31, 11:05

राष्ट्रपति का अभिभाषण शुरू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण शुरू हो गया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मैं सभी देशवासियों की तरफ से बाबा साहेब आंबेडकर समेत सभी संविधान निर्माताओं को नमन करती हूं। इस देश में महाकुंभ का आयोजन भी चल रहा है। महाकुंभ भारत की सामाजिक चेतना का पर्व भी है। करोड़ों लोग प्रयागराज में स्नान कर चुके हैं। मौनी अमावस्या पर हुए हादसे पर दुख व्यक्त करती हूं। मनमोहन सिंह जी को खोया है। 10 साल तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त करती हूं। उन्होंने कहा, पिछले कार्यकाल 3 गुना तेजी से काम हो रहा है। आज देश बड़े निर्णयों और नीतियों को लागू होते देख रहा है। इन निर्णयों में गरीब, युवा, मध्यम वर्ग, किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलेगी। पीएम आवास योजना का विस्तार करते हुए 3 करोड़ अतिरिक्त परिवारों को नए घर देने का फैसला लिया गया है। गांव-गरीबों की आवासीय भूमिका और वित्तीय समावेशन के लिए प्रतिबद्ध हैं।

January 31, 11:00

संसद भवन पहुंचीं राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन से संसद भवन पहुंच गईं हैं। थोड़ी देर में राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उनका स्वागत किया।

 

January 31, 10:58

11 बजे से राष्ट्रपति का अभिभाषण

चूंकि ये साल का पहला संसद सत्र होगा, इसलिए राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी। परंपरा के मुताबिक, संसद के पहले सत्र में राष्ट्रपति का अभिभाषण होता है। इसके बाद अभिभाषण पर चर्चा होती है। आखिरी में प्रधानमंत्री अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हैं।

January 31, 10:54

राष्ट्रपति संसद भवन के लिए रवाना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन के लिए रवाना हो गई हैं। घुड़सवार दस्ते के साथ राष्ट्रपति बग्घी पर सवार होकर संसद भवन के लिए रवाना हुईं। राष्ट्रपति का अभिभाषण 11 बजे से शुरू होगा।

January 31, 10:49

पहला सत्र, जिसमें विदेशी चिंगारी नहीं आईः PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, '2014 के बाद ये पहला सत्र है जब कोई विदेशी चिंगारी नहीं आई है, विदेश से आग लगाने की कोई कोशिश नहीं हुई है। 10 साल से देख रहा हूं कि लोग शरारत करने के लिए तैयार बैठे होते थे और उसको यहां हवा देने वालों की कमी नहीं है। हर सत्र से पहले लोग शरारत के लिए तैयार रहते थे।'

 

January 31, 10:46

क्या बोले पीएम मोदी?

बजट सत्र की शुरुआत से ठीक पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, 'हमारा युवा देश है, युवा शक्ति है और आज जो 20-25 साल की आयु के नौजवान हैं, जब वे 45-50 साल के होंगे तो तब वे विकसित भारत के सबसे बड़े लाभार्थी होने वाले हैं।'

 

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap