केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि महिलाएं सिर्फ़ कर्ज़ लेकर अपनी आजीविका भर न कमाएं बल्कि उससे भी आगे बढ़कर अपना खुद का आउटलेट खोलें या कंपनी की मालिक बनें।
इसके लिए उन्होंने शी मार्ट (SHE Mart) योजना की घोषणा की। शी मार्ट का पूरा नाम सेल्फ-हेल्प आंत्रेप्रेन्योर (Self-Help Entrepreneur) है। इस योजना के तहत महिलाएं स्वयं सहायता समूह के जरिए रिटेल दुकानें चला सकेंगी। इस योजना से महिलाओं को बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी, अपना ब्रांड बनाना आसान होगा और नियमित आय बनी रहेगी। साथ ही, स्थानीय संस्थाओं जैसे स्वयं सहायता समूहों को और मजबूत किया जा सकेगा।
यह भी पढे़ंः भारत में निर्माण पर जोर, कैंसर की दवाएं होंगी सस्ती, समझिए कैसा है हेल्थ बजट
खुलेंगी रिटेल दुकानें
शी मार्ट के जरिए महिलाएं ग्रुप में बड़े स्तर पर ज्यादा लोन के साथ रिटेल दुकानें शुरू कर सकेंगी। इन आउटलेट्स के जरिए सरकार का आरोप है कि वह ग्रामीण प्रोडक्ट्स को बड़े ब्रांड्स के साथ खड़ा कर सकेगी।
सरकार का मानना है कि रेग्युलर बैंक ऋण के जरिए यह संभव नहीं हो पाता है इसलिए इसके लिए बेहतर उपाय करने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सामान्य बैंक लोन से इतना बड़ा कदम नहीं उठाया जा सकता। इसलिए महिलाओं को नई और बेहतर फाइनेंसिंग की सुविधा दी जाएगी।
उत्पादकता बढ़ाने पर जोर
बजट भाषण में सीतारमण ने कहा कि ये प्रस्ताव देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों और सार्वजनिक-निजी निवेश को सीधे फायदा पहुंचाएंगे। वित्त मंत्री ने संसद को बताया, 'हमारा पहला कर्तव्य है कि आर्थिक विकास को तेज करें और बनाए रखें। उत्पादकता बढ़ाएं, प्रतिस्पर्धा मजबूत करें और वैश्विक उतार-चढ़ाव से बचाव करें।' यह प्रस्ताव मुख्य रूप से लखपति दीदी कार्यक्रम की सफलता की वजह से आया है।
यह भी पढ़ेंः सेमीकंडक्टर और AI के लिए सरकार ने खोला खजाना, कितने पैसे मिले?
क्या है लखपति दीदी योजना?
यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास मंत्रालय चलाता है। इसका मकसद ग्रामीण महिलाओं को मदद करना है, खासकर स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्यों को। इन महिलाओं को छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू करने में मदद मिलती है ताकि वे हर साल कम से कम 1 लाख रुपये की स्थिर कमाई कर सकें। इससे वे आर्थिक रूप से मजबूत और स्वतंत्र बनती हैं।
इस कार्यक्रम में महिलाओं को कई स्किल सिखाई जाती हैं, जैसे प्लंबिंग करना, LED बल्ब बनाना, ड्रोन इस्तेमाल करना और ठीक करना।