देशभर में NEET (UG) 2026 को लेकर घमासान जारी है। 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को कथित पेपर लीक और धांधली के कारण रद्द कर दिया गया था। इसके बाद से छात्र परेशान थे। अब NTA ने बड़ा फैसला लिया है और इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करने की डेट घोषित कर दी गई है। NTA की ओर से जारी नई तारीखों के अनुसार, अब NEET (UG) 2026 जून के महीने में 21 तारीख को होगा।
इस संबंध में NTA ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। NTA ने अपनी पोस्ट में NEET (UG) 2026 की नई तारीख का एलान करते हुए लिखा, 'राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से NEET (UG) 2026 की पुनः-परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।'
यह भी पढ़ें: 'हम भी सनातन धर्म को खत्म करने...', TVK विधायक ने मचाई खलबली, फिर दी सफाई
3 मई को हुई थी परीक्षा
NEET (UG) 2026 परीक्षा देशभर में 3 मई को आयोजित की गई थी। हालांकि, बाद में पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इसके पीछे मुख्य वजह यह थी कि 3 मई को हुई परीक्षा में जो पेपर आया था उसके सवाल 1 मई से ही वायरल हो रहे थे। एक गेस पेपर 1 मई को वायरल हुआ था और 3 मई को फाइनल परीक्षा में 140 प्रश्न उसी गेस पेपर में से ही थे।
12 मई को रद्द की परीक्षा
NEET (UG) 2026 परीक्षा का पेपर लीक होने की जानकारी के बाद NTA ने इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया। 12 मई को NTA ने इस सबंध में जानकारी देते हुए लिखा, 'केंद्रीय एजेंसियों और NTA की जांच के बाद यह फैसला किया गया है कि 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द करके फिर से परीक्षा कराई जाएगी। NTA के मुताबिक, परीक्षा की नई तारीख और एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख का एलान जल्द ही किया जाएगा।'
यह भी पढ़ें: कौन हैं IAS पद्मा जायसवाल, जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में केंद्र सरकार ने हटाया?
जमकर हो रहा हंगामा
इस परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद से जमकर हंगामा हो रहा है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि पेपर में कई प्रश्न वही थे जो पहले गेस पेपर में दिए गए थे। शुरुआत में इसकी जांच राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने की थी लेकिन बाद में इसकी जांच CBI को सौंप दी गई। इस मामले में अब तक करीब 45 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, NTA को लेकर लगातार लोग सवाल उठा रहे हैं। दिल्ली से लेकर देश के अलग-अलग कोनों तक पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।