दिल्ली के विधानसभा चुनाव में त्रेता से लेकर द्वापर तक के सारे किरदार उतर आए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस की सियासी लड़ाई में ऐसे-ऐसे शब्द बाण छोड़े जा रहे हैं, जो रामायण और महाभारत की कहानियों में सुनने को मिलते हैं।
तीनों राजनीतिक पार्टियां AI, वीडियो स्पूफिंग से लेकर मॉर्फ्ड पोस्टर तक का जमकर इस्तेमाल कर रही हैं। सियासी बहसबाजी में जिन शब्दों पर सियासत हो रही है, वह भी बेहद दिलचस्प है। अहंकार, रावण, दुर्योधन, इंकलाब, आपदा और लुटेरे जैसे शब्द छाए हुए हैं। आम आदमी पार्टी तो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को रावण तक बता दे रहे हैं।
कांग्रेस की ओर से भी शब्दबाण छोड़े जा रहे हैं। किस पार्टी का पंसदीदा नारा क्या है, आइए विस्तार से समझते हैं।
AAP के 'जुबानी तरकश' में क्या है?
AAP ने Hotstar के चर्चित सिरीज 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' की स्पूफिंग की है। एक क्लिप शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी ने लिखा है, 'दिल्ली का रावण। अपनी इस दिल्ली को रावण से बचाओ।' AAP के इस वीडियो में रावण को दिखाया गया है। वह दिल्लीवासियों को संबोधित करते हुए कहता है कि दिल्लीवासी सुन लें, उसके 10 सिर आज भी जिंदा हैं।
बीजेपी को गाली गलौच पार्टी बताया गया है। पोस्टर में AAP ने रावण के 10 सिरों के अवगुण गिनाए हैं। आम आदमी पार्टी ने बीजेपी कअवकुणों में अवगुणों में अहंकार, सत्ता की वासना, लोभ, क्रोध, अभिमान, ईर्ष्या, असत्य, धूर्तता, स्वार्थ और शक्ति के दुरुपयोग को गिना है।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली में लोगों को धमकाया जा रहा है, महिलाओं की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है, लोभ की वजह से जनकल्याणकारी योजनाओं को मुफ्त की रेवड़ी कहा जा रहा है, दिल्ली के लोगों के साथ धूर्तता की जा रही है।
BJP के शब्द कोश में क्या है?
भारतीय जनता पार्टी ने अरविंद केजरीवाल को 'भ्रष्टाचारी, आपदा, लुटेरा, झुठेरा और अर्बन नक्सल' बताया है। बीजेपी महल के तर्ज पर शीशमहल का टर्म लेकर आई। बीजेपी सासंद मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल के बारे में कहा कि वह लुटेरा, झुठेरा और अर्बन नक्सल हैं।
गृहमंत्री अमित शाह उन्हें झूठा बता चुके हैं। उन्होंने कहा था, 'दिल्ली में केजरीवाल ऐसी सरकार चला रहे हैं... जो वादे करती है, उसे पूरा नहीं करती और फिर से झूठ के एक बहुत बड़े पुलिंदे और भोले से चेहरे के साथ जनता के सामने उपस्थित होती है। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में इतनी सफाई से झूठ बोलने वाला व्यक्ति नहीं देखा है।'
बीजेपी ने एक क्रिएटिव पोस्टर में अरविंद केजरीवाल को ऑक्टोपस बना दिया है। पोस्टर में लिखा अरविंद केजरीवाल कहते नजर आ रहे हैं कि मेरा मकसद भ्रष्टाचार को उजागर करना है। उनके हाथों में हवाला, विज्ञापन घोटाला, क्लासरूम घोटाला, शराब घोटाला, सीसीटीवी घोटाला, राशन घोटाला, बीडब्ल्यूडी घोटाला और शीशमहल घोटाले का जिक्र किया गया है।
कांग्रेस की 'जुबानी तरकश' में क्या-क्या है?
कांग्रेस के सियासी डिक्शनरी में आधुनिक शब्दों की भरमार है। छोटा रिचार्ज, बहुरुपिया, इंकलाब, पलटीबाज और बेईमान जैसे शब्दों का चुनावी कैंपेन में जमकर इस्तेमाल हो रहा है। कांग्रेस आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों पार्टियों के नेताओं को जमकर कोस रही है।
कांग्रेस की कैंपेनिंग में शायर इमरान प्रतापगढ़ी भी उतरे हैं। वह अपनी चुनावों में बार-बार दोहरा रहे हैं,'यह लड़ाई केवल चुनावी लड़ाई नहीं है। एक तरफ वो ताकतें हैं जो नफरत के साथ खड़ी है और दूसरी तरफ वो ताकत है जो मोहब्बत के साथ खड़ी है। एक तरफ नरेंद्र मोदी और उनका छोटा रिचार्ज खड़ा है वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी जी खड़े हैं।'