logo

ट्रेंडिंग:

तो पकड़ा जाता सैफ का हमलावर? बांद्रा पुलिस पर क्यों उठ रहे सवाल

सैफ अली खान पर हमला करने वाला अब तक फरार है। इस बीच बांद्रा पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठने लगे हैं। पुलिस अफसरों का मानना है कि बांद्रा पुलिस समय रहते अलर्ट कर देती तो हमलावर को पकड़ा जा सकता था।

bandra police

प्रतीकात्मक तस्वीर। (Photo Credit: PTI)

बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाला हमलावर अब तक फरार है। पुलिस की तीन दर्जन टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। इस बीच बांद्रा पुलिस पर सवाल भी उठने लगे हैं। सीनियर पुलिस अफसरों का मानना है कि इस मामले को बांद्रा पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया और क्राइम ब्रांच और रेलवे पुलिस (GRP) से तुरंत संपर्क नहीं किया, ताकि हमलावर को भागने से रोका जा सके। एक सीनियर अफसर ने कहा कि अगर तुरंत कार्रवाई की जाती तो हमले के कुछ घंटों के भीतर ही हमलावर को पकड़ा जा सकता था।

बांद्रा पुलिस पर क्या उठे सवाल?

अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स ने एक सीनियर पुलिस अफसर के हवाले से बताया कि बांद्रा पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया और इस बारे में आसपास के पुलिस थानों और क्राइम ब्रांच से संपर्क नहीं किया।


पुलिस अफसर ने कहा, 'क्राइम ब्रांच को इस घटना के बारे साढ़े 3 घंटे बाद सुबह 6 बजे बताया गया था। रात का समय था। सड़क परी भीड़भाड़ नहीं थी। अगर बांद्रा पुलिस ने आसपास के पुलिस थानों, पेट्रोलिंग व्हीकल और मार्शलों को सतर्क कर दिया होता तो संदिग्ध को पकड़ा जा सकता था।' उन्होंने बताया कि बांद्रा पुलिस ने FIR की कॉपी और CCTV फुटेज भी क्राइम ब्रांच से साझा नहीं किए।


एक और पुलिस अफसर ने कहा, 'बांद्रा पुलिस हमलावर की CCTV फुटेज मुंबई पुलिस, GRP और क्राइम ब्रांच जैसी एजेंसियों को दे सकती थी और रेलवे स्टेशन और शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर नाकाबंदी कर सकती थी।'

 

ये भी पढ़ें-- घर में कैसे घुसा? CCTV से कैसे बचा? सैफ पर अटैक के 5 अनसुलझे सवाल

क्या चूक रही है पुलिस?

एक रिटायर्ड पुलिस अफसर ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा कि हाईप्रोफाइल मामलों में पहले सभी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया जाता था लेकिन अब ऐसा तब होता है जब आरोपी शहर से भाग जाता है। उन्होंने कहा, 'सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वाले आरोपी शहर से भाग गए थे और तीन दिन बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाबा सिद्दीकी की हत्या करने वाला मेन शूटर क्राइम सीन पर आया था और फिर लीलावती अस्पताल भी गया था लेकिन फिर भी वो शहर से भागने में कामयाब रहा। अब सैफ अली खान के मामले में भी ऐसा ही हुआ।'

 

ये भी पढ़ें-- मीडिया के सामने आया सैफ को अस्पताल पहुंचाने वाला ऑटो ड्राइवर, क्या कहा

हमलावर को ढूंढ रहीं 35 टीमें

सैफ अली खान पर 17 जनवरी की रात करीब 2.30 बजे हमला हुआ था। बताया जा रहा है कि हमलावर चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था। हमलावर ने सैफ के बाएं हाथ, पीठ, गर्दन और सिर पर चाकू से 6 वार किए थे। सैफ पर ये हमला बांद्रा स्थित उनके घर पर हुआ था। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने घर में घुसने के लिए उन सीढ़ियों का इस्तेमाल किया, जिन्हें आग लगने की स्थिति में इस्तेमाल किया जाता है।


माना जा रहा है कि आरोपी चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था। सैफ के छोटे बेटे जेह की नैनी एलियामा फिलिप ने सबसे पहले हमलावर का सामना किया था। हमलावर ने उनसे 1 करोड़ रुपये मांगे थे। तभी सैफ आ गए और हमलावर ने उनपर हमला कर दिया। CCTV फुटेज में हमलावर बिल्डिंग की सीढ़ियों से ही उतरता दिख रहा है। उसने ब्राउन रंग की टीशर्ट पहनी थी और लाल रंग का गमछा डाला था। पुलिस का मानना है कि वहां से भागने से पहले हमलावर ने कपड़े बदल लिए होंगे।


इस मामले में गुरुवार को पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया था। हालांकि, पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया था। जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया था, उसकी शक्ल सैफ पर हमला करने वाले से मिलती-जुलती थी। 


आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की 35 टीमें तैनात हैं। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला संदिग्ध मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के बीच नजर आया था। सुबह 8 बजे तक संदिग्ध बांद्रा इलाके में घूम रहा था लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई।

Related Topic:#Saif Ali Khan

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap