logo

ट्रेंडिंग:

80 बंधक रिहा, BLA के 13 लड़ाके मारे गए; ट्रेन हाईजैक की अब तक की कहानी

बलूचिस्तान में मंगलवार को बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया। इस ट्रेन में अब भी 200 से ज्यादा बंधक हैं। BLA के दर्जनों लड़ाकों के मारे जाने का दावा भी किया जा रहा है। BLA ने भी 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया है।

balochistan train hijack

जाफर एक्सप्रेस BLA के कब्जे में है। (Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Budget2

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मंगलवार को क्वेटा से पेशावर जा रही 'जाफर एक्सप्रेस' हाईजैक हो गई। कट्टरपंथी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ट्रेन को बेपटरी कर हाईजैक कर लिया। ट्रेन की 9 बोगियों में करीब 500 यात्री सवार हैं। 


पाकिस्तान BLA को आतंकी संगठन मानता है। बताया जा रहा है कि बंधकों को रिहा कराने के लिए सुरक्षाबलों और कट्टरपंथियों के बीच गोलीबारी चल रही है।

5 प्वॉइंट्स में समझें पूरा मामला

  • अटैक किसपरः क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस पर। जाफर एक्सप्रेस मंगलवार सुबह 9 बजे क्वेटा से चली थी। ट्रेन को 1.30 बजे सिब्बी पहुंचना था। इससे पहले 1 बजे बलूचिस्तान के बोलान जिले के माशफाक में हमला हुआ। BLA ने बयान जारी कर ट्रेन कब्जे में होने का दावा किया।
  • कैसे हुआ अटैकः जहां से ट्रेन गुजर रही थी, वह पहाड़ी इलाका है। यहां 17 सुरंगें हैं, जिस कारण ट्रेन धीमी करना पड़ता। BLA ने इसका फायदा उठाया। BLA ने सबसे पहले माशफाक में टनल नंबर-8 को उड़ा दिया। इससे ट्रेन बेपटरी हो गई। BLA ने फायरिंग कर ट्रेन हाईजैक कर ली।
  • कौन हैं बंधकः बताया जा रहा है कि इस ट्रेन में पाकिस्तानी सेना, पुलिस, एंटी-टेररिज्म फोर्स और ISI के कर्मचारी भी सवार थे। सभी पंजाब जा रहे थे। BLA ने इन सभी को बंधक बना लिया है। ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे। BLA का दावा है कि पाकिस्तानी सुरक्षाबल के 100 से ज्यादा जवान उसके कब्जे में हैं।
  • कितना नुकसानः इस हमले में दोनों तरफ से मारे जाने का दावा किया जा रहा है। सुरक्षा अधिकारियों ने 13 कट्टरपंथियों के मारे जाने का दावा किया है। हालांकि, पाकिस्तानी मीडिया में कहा जा रहा है कि 16 कट्टरपंथी मारे गए हैं। वहीं, BLA का दावा है कि पाकिस्तानी सेना के 30 सैनिकों को मार दिया गया है। गोलीबारी में ट्रेन का ड्राइवर और कुछ यात्रियों के घायल होने की भी खबर है।
  • अभी कितने बंधकः ट्रेन में करीब 500 यात्री थे। BLA ने पहले ही कई महिलाओं और बच्चों को छोड़ने का दावा किया था। देर रात बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने दावा किया कि 80 बंधकों को छुड़ा लिया गया है। इनमें 43 पुरुष, 26 महिलाएं और 11 बच्चे हैं। हालांकि, स्थानीय मीडिया में 104 बंधकों को छुड़ाने का दावा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें-- पाकिस्तान ट्रेन हाईजैक: फायरिंग जारी, अफगानिस्तान में मास्टरमाइंड

प्लानिंग के साथ किया गया अटैक!

जाफर एक्सप्रेस पर BLA ने पूरी प्लानिंग के साथ अटैक किया है। BLA के लड़ाके पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि BLA ने इस हमले के लिए अपने सबसे घातक लड़ाके- मजीद ब्रिगेड और फतेह को तैयार किया था। 


पाकिस्तानी मीडिया DAWN की रिपोर्ट के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस सुबह 9 बजे क्वेटा से चली थी। 157 किलोमीटर दूर माशफाक में टनल नंबर-8 के पास BLA ने हमला कर दिया। कच्ची बोलान के पुलिस अधिकारी राणा मुहम्मद दिलावर ने DAWN को बताया, 'ट्रेन पहाड़ियों के चारों ओर एक सुरंग के ठीक पहले फंस गई है।'


माना जा रहा है कि BLA ने इलाके की सुरंगों का फायदा उठाकर हमले को अंजाम दिया। सुरंग के कारण ट्रेन की स्पीड कम कर दी जाती है। इससे पहले BLA ने रेलवे ट्रैक भी उड़ा दिया था। 

बड़ा सवालः यह हमला क्यों?

बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे अशांत प्रांत है। यहां 1948 से ही बलूचों और पाकिस्तानी सेना के बीच टकराव होता रहा है। बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान से अलग होने की मांग अरसे से करते आ रहे हैं।


BLA की मांग है कि बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग किया जाए। BLA की सबसे प्रमुख मांग है कि बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सरकार या सुरक्षा एजेंसी का कोई भी नुमांइदा वहां नहीं होना चाहिए। 


इसके अलावा, चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) भी बलूचिस्तान से होकर गुजरता है। BLA इसका विरोध करती है। BLA इस प्रोजेक्ट को बंद करने की मांग कर रहा है। उसका दावा है कि इससे स्थानीय संसाधनों का दोहन हो रहा है। इसके अलावा, BLA बलूच कैदियों की रिहाई की मांग भी कर रही है।

 

यह भी पढ़ें-- वीजा था, तब भी नहीं मिली एंट्री; पाकिस्तानी डिप्लोमैट को US से लौटाया

पाकिस्तानी सरकार क्या कर रही?

जाफर एक्सप्रेस के हाईजैक होने के बाद इमरजेंसी लगा दी गई है। पाकिस्तान की सरकार और सेना एक्टिव हो गईं हैं। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों का दावा है कि BLA से उनकी लड़ाई जारी है। दोनों ओर से गोलीबारी भी चल रही है। हालांकि, पहाड़ी इलाका होने से यहां गोलन और सिब्बी के इलाके तक पहुंचना बड़ी चुनौती है।


गृह मंत्री मोहसिन नकवी का कहना है, 'निर्दोषों पर गोली चलाने वाले दरिंदे किसी भी रियायत के हकदार नहीं हैं।' बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद का दावा है कि सुरक्षाबलों ने कट्टरपंथियों को चारों तरफ से घेर लिया है।


बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देर रात आर्मी चीफ आसिम मुनीर से मुलाकात की। इस दौरान एयरफोर्स चीफ भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री शरीफ ने इस मिशन की जिम्मेदारी आर्मी चीफ मुनीर को सौंपी है। 


बताया जा रहा है कि बंधकों को छुड़ाने के लिए पाकिस्तानी सेना एयरस्ट्राइक की तैयारी कर रहा है। मंगलवार शाम से ही आसमान पाकिस्तानी सेना के विमान उड़ रहे हैं। तुर्किए से मिले ड्रोन और F-16 लड़ाकू विमान भी आसमान में देखा गया है। हालांकि, BLA ने धमकी दी है कि अगर कोई भी एक्शन लिया जाता है तो बंधकों को मार दिया जाएगा।


फिलहाल, हालत नाजुक बने हुए हैं। क्वेटा में मेडिकल इमरजेंसी लगा दी गई है। सैनिकों और डॉक्टरों की एक टीम भी मौके पर भेजी गई है। हेल्थ डिपार्टमेंट के प्रवक्ता डॉ. वसीम बैग ने बताया कि सभी डॉक्टरों, कंसल्टेंट, फार्मासिस्ट, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को अस्पताल बुला लिया गया है।

क्या है बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी?

1947 में पाकिस्तान के अलग मुल्क बनने के बाद से ही बलूचिस्तान में अशांति है। बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान से अलग होकर अपना अलग मुल्क बनाना चाहते हैं। 


माना जाता है कि साल 2000 में BLA का गठन हुआ था। बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार अकबर खान मुगती इसके अहम नेता थे। 26 अगस्त 2006 को उनकी हत्या कर दी गई थी। उनके बाद बालाच मिरी को इसका मुखिया बनाया गया। नवंबर 2007 में बालाच मिरी की भी हत्या हो गई। उसी साल पाकिस्तानी सरकार ने BLA को आतंकी संगठन घोषित किया।


पिछले कुछ सालों में BLA ने पाकिस्तानी सरकार और सेना पर हमले तेज कर दिए हैं। इस इलाके में BLA ने पहले भी रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया है। पिछले साल BLA ने कई पटरियों को उड़ा दिया था, जिस कारण करीब डेढ़ महीने तक क्वेटा से पेशावर तक ट्रेन सेवाएं बाधित रही थीं। नवंबर में क्वेटा रेलवे स्टेशन पर सुसाइड बम ब्लास्ट में 26 लोग मारे गए थे।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap