भारत और न्यूजीलैंड ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के मकसद से सोमवार को मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर कर दिए। इस समझौते पर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। यह एफटीए भारत के 100 प्रतिशत निर्यात को न्यूजीलैंड में ड्यूटी फ्री पहुंच प्रदान करता है।
यह समझौता भारत और न्यूजीलैंड सरकार के पिछले दिसंबर 2025 में बातचीत पूरी करने के बाद साइन किया गया है। इस समझौते में 20 अध्याय शामिल हैं। इसमें दोनों देशों के सामान का व्यापार, इसके उपाय, दोनों देशों में पहले के विवादों का निपटारा, कानूनी नियम को सरल बनाना शामिल है।
पीयूष गोयल ने क्या कहा?
FTA पर साइन करने के बाद पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच डील नौ महीने में पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि यह रफ़्तार 'हमारे देशों के बीच भरोसे की गहराई और एक जैसी उम्मीद' को दिखाती है। उन्होंने कहा, 'इस FTA पर साइन करना विकासशील दुनिया के साथ भारत के जुड़ाव में एक और अहम पड़ाव है और हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के और करीब लाता है।'
यह भी पढ़ें: 'बिना शादी के उसके साथ क्यों रहने लगी?' SC ने लिव इन रिलेशन पर की सख्त टिप्पणी
किस क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा?
साथ ही इसमें सभी टैरिफ लाइन यानी उत्पाद श्रेणियां शामिल हैं। इससे कपड़ा, गार्मेंट्स, चमड़ा, जूते, ज्वेलरी, इंजीनियरिंग सामान और प्रोसेस्ड फूड जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों की प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ेगी। इससे छोटे, लघु एवं मझोले उद्यमों (MSME) और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इससे समझौते से पहले न्यूजीलैंड सिरेमिक, कालीन, मोटर वाहन व उसके कलपुर्जों जैसे भारतीय उत्पादों पर 10 प्रतिशत तक का शुल्क लगाता था। अब इनपर कोई शुल्क नहीं लगेगा, जिससे बिना किसी शुल्क के बाजार पहुंच मिलने से भारतीय उत्पाद वहां अन्य देशों की वस्तुओं से प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। समझौते के तहत भारत को अपने विनिर्माण क्षेत्र के लिए लकड़ी के लट्ठे, कोकिंग कोयला और धातुओं के कबाड़ जैसे कच्चे माल भी ड्यूटी फ्री मिलेंगे जिससे उत्पादन लागत घटेगी एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ेगी।
भारत की तरफ से न्यूजीलैंड को पेशकश
दूसरी ओर, भारत ने 70.03 प्रतिशत शुल्क श्रेणियों (जिसकी मूल्य के हिसाब से द्विपक्षीय व्यापार में 95 प्रतिशत हिस्सेदारी है) पर शुल्क में रियायत देने की पेशकश की है जबकि 29.97 प्रतिशत शुल्क श्रेणियों को संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए बाहर रखा गया है।
यह भी पढ़ें: ‘यह मेरी आखिरी सभा है’, बंगाल में विजय संकल्प रैली में क्या बोले पीएम मोदी?
इन संवेदनशील उत्पादों में मुख्य रूप से दूध, क्रीम, पनीर, अन्य पशु उत्पाद (भेड़ के मांस को छोड़कर), कृषि उत्पादों में प्याज, चना, मटर, मक्का, बादाम, चीनी, कृत्रिम शहद, वसा एवं तेल, हथियार एवं गोला-बारूद, रत्न एवं आभूषण, तांबा और एल्युमिनियम से जुड़े उत्पाद शामिल हैं।
कई श्रेणियों पर शुल्क खत्म करेगा भारत
भारत लकड़ी, ऊन, भेड़ का मांस और कच्चा चमड़ा जैसे उत्पादों सहित न्यूजीलैंड की करीब 30 प्रतिशत शुल्क श्रेणियों पर शुल्क खत्म करेगा। वहीं 35.60 प्रतिशत शुल्क श्रेणियों पर तीन, पांच, सात और 10 वर्ष में चरणबद्ध तरीके से शुल्क समाप्त किया जाएगा। इनमें पेट्रोलियम तेल, माल्ट एक्सट्रैक्ट, वनस्पति तेल, चयनित मशीनरी आदि शामिल हैं।
न्यूजीलैंड के जिन उत्पादों को शुल्क में रियायत मिलेगी उनमें वाइन, दवाएं, पॉलिमर, एल्युमिनियम, लोहा-इस्पात उत्पाद शामिल हैं। वहीं मनुका शहद, सेब, कीवी फल और एल्ब्यूमिन जैसे कुछ उत्पाद शुल्क दर कोटा के तहत आएंगे। समझौते में भारत में 20 अरब डॉलर के निवेश को सुगम बनाने की प्रतिबद्धता भी शामिल है। साथ ही, निवेश लक्ष्य पूरे न होने की स्थिति में संतुलन स्थापित करने के लिए एक उपबंध (रीबैलेंसिंग क्लॉज) भी जोड़ा गया है। वर्ष 2024 में दोनों देशों के बीच वस्तुओं व सेवाओं का कुल द्विपक्षीय व्यापार 2.4 अरब डॉलर रहा था।