दिल्ली विधानसभा में बीजेपी को मिली जीत के बाद नतीजों का ऐलान किए जाने के बाद से ही इस बात पर चर्चाएं जोर पर थीं कि कौन दिल्ली का सीएम बनेगा? लेकिन बुधवार को बीजेपी के विधायक दल की मीटिंग के बाद अब रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लग गई है।
यानी कि रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली सीएम होंगी और प्रवेश वर्मा दिल्ली के अगले डिप्टी सीएम। साथ ही विजेंदर गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। हालांकि, मीडिया में सीएम की रेस में रेखा गुप्ता का नाम आगे चल रहा था लेकिन इनके अलावा प्रवेश वर्मा, विजेंदर गुप्ता, आशीष सूद, शिखा रॉय इत्यादि का नाम भी आगे था। कुछ लोग बांसुरी स्वराज, मनोज तिवारी और चंदन चौधरी व पंकज कुमार सिंह के नाम पर भी चर्चा कर रहे थे।
यह भी पढ़ेंः 'शीशमहल' की होगी जांच, केंद्रीय सतर्कता आयोग ने दिए आदेश
ऐसे में खबरगांव आपको बता रहा है कि कौन हैं रेखा गुप्ता?
संघ से रहा जुड़ाव
रेखा गुप्ता मौजूदा वक्त में शालीमार बाग से बीजेपी विधायक हैं और लंबे वक्त से संघ से जुड़ी रही हैं। इसके पहले वह शालीमार बाग से ही तीन बार की पार्षद रही हैं। दिल्ली में पिछले मेयर के चुनाव में पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था हालांकि, वह आम आदमी पार्टी के शैली ओबरॉय के सामने चुनाव हार गई थीं। इसके पूर्व जब दिल्ली तीन नगर निगमों में बंटा था तब वह दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रह चुकी हैं।
छात्र जीवन से ही राजनीति में
हरियाणा में जन्मी रेखा गुप्ता ने ही छात्र जीवन से ही राजनीति में कदम रख दिया था। दिल्ली विश्वविद्यालय में डिग्री के दौरान वह डीयू की अध्यक्ष रहीं हैं। शिक्षा की बात करें तो रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमए की डिग्री ली और पेशे से वकील रही हैं। इनके पति का नाम मनीष गुप्ता है और पिता स्टेट बैंक में ब्रांच मैनेजर थे। इसके अलावा काफी लंबे समय से आरएसएस की सदस्य रही हैं।
चौथी बीजेपी मुख्यमंत्री
गुरुवार को शपथ ग्रहण लेने के साथ ही वह बीजेपी की चौथी व शालीमार बाग से बनने वाली दूसरी सीएम बन जाएंगी। बीजेपी 1993 से 1998 के बीच सत्ता में थी उसके बाद 15 सालों तक कांग्रेस तो 12 सालों तक आम आदमी पार्टी सत्ता पर काबिज रही।
अब 27 सालों के बाद बीजेपी फिर से सत्ता में आई है। रेखा गुप्ता के पहले सुषमा स्वराज, साहिब सिंह वर्मा और मदन लाल खुराना मुख्यमंत्री रह चुके हैं। साथ ही वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री तो बीजेपी की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी।
कितनी है संपत्ति
विधानसभा चुनाव के दौरान उनके द्वारा चुनाव आयोग के समक्ष दिए गए हलफनामे से पता चलता है कि उनके पास कितनी संपत्ति है-
रेखा गुप्ता की संपत्ति कुल संपत्ति: ₹5.31 करोड़ (5 करोड़+)
रेखा गुप्ता पर लोन व अन्य देनदारियां: ₹1.20 करोड़ (1 करोड़+)
रेखा गुप्ता की वार्षिक आय
2023-24: ₹6.92 लाख (7 लाख)
2022-23: ₹4.87 लाख (5 लाख)
2021-22: ₹6.51 लाख (6.5 लाख)
2020-21: ₹6.07 लाख (6 लाख)
2019-20: ₹5.89 लाख (6 लाख)
रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता की आय
2023-24: ₹97.33 लाख (~97 लाख)
2022-23: ₹64.56 लाख (~65 लाख)
2021-22: ₹23.13 लाख (~23 लाख)
राजनीति सफर पर एक नजर
1994- दौलत राम कॉलेज से छात्र संघ की सेक्रेटरी
1996- दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष
2004-2006- बीजेपी युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव
2007-2009 - महिला कल्याण एवं बालि विकास समिति की अध्यक्ष
2009- दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की महासचिव रह चुकी हैं।
2010- इस साल से लेकर अब तक बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं।
2007 और 2012- उत्तरी पीतमपुरा (वॉर्ड 54) से दो बार निर्वाचित पार्षद
2015 और 2020- आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी से चुनाव हारीं।
2025- आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29595 वोटों से हराया।
दिल्ली में रही हैं महिला सीएम
अब रेखा गुप्ता के एक बार फिर से सीएम बनने से यह साबित हो गया कि दिल्ली में महिला सीएम की भरमार रही है। 1993 से 1998 तक सुषमा स्वराज तो 1998 से 2013 तक कांग्रेस की शाली दीक्षित सत्ता पर काबिज रही हैं। इसके बाद आम आदमी पार्टी में भी अरविंद केजरीवाल से हटने के बाद आतिशी सीएम बनाई गई थीं और अब रेखा गुप्ता अगली सीएम बनने वाली हैं।
यह भी पढ़ेंः यमुना का असली सिरदर्द तो दिल्ली के STP हैं! गंदे नालों की हकीकत जानिए