IPL 2026 का 56वां मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। यह मैच गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच 12 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम का प्लेऑफ क्वालीफाई करना संभव है। फिलहाल गुजरात और हैदराबाद दोनों के 14-14 अंक हैं। पॉइंट्स टेबल में हैदराबाद दूसरे और गुजरात तीसरे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में फैंस की नजरें अब दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 पर टिकी हुई हैं।
गुजरात और हैदराबाद के बीच 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें गुजरात का पलड़ा भारी रहा है। गुजरात ने 5 मैच जीते हैं जबकि हैदराबाद सिर्फ एक मैच जीत पाया है। वहीं एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। गुजरात ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कुल 28 मैच खेले हैं। इन 28 मैचों में से उसने 16 मैच जीते हैं और 12 हारे हैं। वहीं, इस मैदान पर खेले गए मैचों में हैदराबाद पांच में से सिर्फ एक मैच ही जीत पाया है।
यह भी पढ़ें: 'मेरी मां क्रिकेट के बारे में नहीं...', IPL में छाने के बाद बोले माधव तिवारी
अहमदाबाद की पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच इस सीजन संतुलित नजर आई है, जहां बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों को भी मदद मिली है। यहां लगातार बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने को नहीं मिले हैं। इस मैदान पर मौजूदा सीजन में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 181 रन रहा है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार यह मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा। इस विकेट पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों का पलड़ा अब तक भारी रहा है।
अप्रैल में इसी पिच पर गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया था। उस मैच में तिलक वर्मा की 101 रन की शानदार पारी की बदौलत मुंबई ने 199 रन बनाए थे। इसके जवाब में गुजरात की टीम सिर्फ 100 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में माना जा रहा है कि यह विकेट पूरी तरह बल्लेबाजों के अनुकूल नहीं होगी। इस पिच पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच बराबरी की टक्कर देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: रायपुर में रोमांच की सारी हदें पार... RCB ने आखिरी गेंद पर मारी बाजी, MI बाहर
अहमदाबाद वेदर रिपोर्ट
अहमदाबाद में मैच के दौरान भीषण गर्मी देखने को मिल सकती है। शहर में फिलहाल हीटवेव अलर्ट जारी है और दिन का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। हालांकि मैच शुरू होने तक तापमान थोड़ा गिरकर 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। अच्छी बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है। यानी मुकाबले में मौसम कोई रुकावट नहीं डालेगा।
GT vs SRH संभावित प्लेइंग-11
- गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, मानव सुथार, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।
- सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नीतीश रेड्डी, अनिकेत वर्मा/स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, साकिब हुसैन।