ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम भारत से नहीं खेलेगी। भारत-पाकिस्तान की टक्कर 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाली थी लेकिन पाकिस्तान की टीम इस मुकाबले में नहीं उतरेगी। पाकिस्तान की सरकार ने अपनी टीम से इस हाई-वोल्टेज मैच का बायकॉट करने के लिए कहा है। पाकिस्तानी सरकार ने अपने आधिकारिक 'X' हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पाक क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति दे दी गई है लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में टीम नहीं खेलेगी।
पाकिस्तान की सरकार ने अपने फैसले का कारण नहीं बताया है लेकिन यह साफ है कि उसने बांग्लादेश का साथ देने के लिए यह कदम उठाया है। बांग्लादेश ने अपने मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की थी, जिसके बाद उसे टूर्नामेंट से निकाल दिया गया। बांग्लादेश ने अपनी खिलाड़ियों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए भारत में खेलने से इनकार किया था। हालांकि वर्ल्ड क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ICC ने अपनी जांच में पाया कि बांग्लादेशी टीम को कोई खतरा नहीं है लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद उसे 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर बाहर कर दिया गया। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप C में जगह मिली।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने इस मामले पर कहा था कि बांग्लादेश के साथ नाइंसाफी हुई है। नकवी ने इशारो-इशारों में पूरे टी20 वर्ल्ड कप का बायकॉट करने की बात कही थी। PCB चीफ ने इसे लेकर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात भी की थी। अब शाहबाज सरकार ने फैसला किया है कि पूरे टूर्नामेंट का नहीं बल्कि सिर्फ भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया जाएगा। इस एक फैसले से किसे, कितना नुकसान होगा? आइए समझते हैं।
यह भी पढ़ें: पहली 16 गेंद में 18 रन, फिर आई ईशान किशन की आंधी और टूट गया सूर्या का रिकॉर्ड
ICC की कमाई पर पड़ेगा असर
भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होने पर सबसे बड़ा असर ICC की कमाई पर पड़ेगा। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के अनुसार, पिछले 20 सालों में भारत-पाक मैचों से अनुमानित कमाई 10,000 करोड़ रुपये (1.3 अरब डॉलर) हुई है। सबसे ज्यादा पैसे विज्ञापनों से आए हैं। भारत-पाक मैच में 10 सेकंड के टेलीविजन विज्ञापन स्लॉट की कीमत 14 लाख से लेकर 60 लाख रुपये तक होती है। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों की एक टक्कर से ICC को 100 से 110 करोड़ रुपये सिर्फ विज्ञापन से मिल जाते हैं। टिकटों की बिक्री भी ICC की कमाई का बड़ा जरिया है।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन का खेल खत्म? टी20 वर्ल्ड कप से पहले लगातार पांचवें मैच में हुए फ्लॉप
पाकिस्तान का होगा बड़ा नुकसान
पाकिस्तान को इस मुकाबले से हटने पर 2 पॉइंट्स गंवाने होंगे। साथ ही उसका नेट रन रेट भी खराब होगा। ICC की प्लेइंग कंडीशन के क्लॉज 16.10.7 के अनुसार, पाकिस्तान के 20 ओवर में 0 रन माने जाएंगे। इससे उसका नेट रन रेट माइनस में भी जा सकता है। वहीं भारत को फायदा होगा। टीम इंडिया का एक भी ओवर नहीं गिना जाएगा।
इसके अलावा पाकिस्तान को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। भारत-पाकिस्तान का मैच किसी भी ICC इवेंट का सबसे बड़ा मुकाबला होता है। इस मैच पर दुनियाभर के फैंस की निगाहें होती हैं, जिसके चलते तगड़ी कमाई होती है।
भारत-पाक मुकाबलों का वादा कर ICC ने महंगे ब्रॉडकास्ट डील किए हैं। अगर यह मैच नहीं होता है तो टूर्नामेंट का ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर कोर्ट जा सकता है और ICC से हर्जाने की मांग कर सकता है। समझा जा रहा है कि ICC इस हर्जाने का भुगतान पाकिस्तान को दिए जाने वाले रिवेन्यू से करेगा। इसके अलावा पाकिस्तान पर कुछ पाबंदियां भी लगाई जा सकती हैं। पाकिस्तान को आगामी टूर्नामेंट्स में भाग लेने पर रोक लगाया जा सकता है। ICC ने पाकिस्तान को वॉर्निंग भी दी है कि इसका असर दीर्घकालिक होगा।
BCCI का क्या होगा?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस टूर्नामेंट का सह-मेजबान है। साथ ही वह सबसे बड़ा रिवेन्यू जेनरेट करने वाला बोर्ड है। ICC की कमाई में BCCI का सबसे ज्यादा योगदान और सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। BCCI को आर्थिक नुकसान हो सकता है लेकिन ग्लोबल स्टेज पर वह PCB को अलग-थलग कर सकता है। यानी टीम इंडिया से पाकिस्तान के नहीं खेलने पर भारतीय बोर्ड उतना नुकसान में नहीं रहेगा, जितना PCB को होगा।