उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फिरोजाबाद के टूंडला थाना क्षेत्र में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पत्नी ने वेबसाइट से जहर मंगवाया था। पहले पत्नी ने दही में मिलाकर जहर देने की कोशिश की, जब पति नहीं मरा तो उसे खिचड़ी में मिलाकर खिला दिया। पती ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला फिरोजाबाद के उलाऊ गांव का है। आरोपी पत्नी ने पहली बार सुनील को दही में जहर मिलाकर दिया था। जहरीली दही खाने से सुनील की तबियत बिगड़ने लगी तो घर वाले उसे अस्पताल ले गए। बाद में डॉक्टरों ने उसे ठीक करके घर भेज दिया। अगले दिन आरोपी पत्नी ने सुनील को खिचड़ी में जहर मिलाकर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सामान्य मौत मानकर परिवार के लोगों ने मृतक सुनील के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
यह भी पढ़ें: पकड़ा गया ओडिशा का धनकुबेर अधिकारी, 1.5 करोड़ नकद के साथ सोना बरामद
अंतिम संस्कार के बाद हुआ शक
शुरुआत में परिवार को शक नहीं हुआ और मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। मौत के डेढ़ महीने बाद मृतक की मां को शक हुआ। शक के आधार पर मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि बहू के चाल चलन ठीक नहीं हैं। उसके चेहरे पर पति की मौत का कोई गम नहीं है। उन्होंने बताया कि एक पड़ोसी आकर घंटों–घंटों तक घर में बैठा रहता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच करने मृतक के घर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी शशि के कमरे से जहर की पुड़िया मिली। जहर की पुड़िया मिलने से शक और बढ़ गया, ऐसे में पुलिस ने शशि की वॉट्सएप चैट खंगाली तो पता चला कि वो पड़ोसी यादवेंद्र के साथ प्रेम संबंध में थी। इसी वजह से उसने पति सुनील की हत्या की थी। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार में 55 अपराधियों की संपत्ति जब्त करेगी ED, भेजा गया प्रस्ताव
आरोपियों ने कबूला अपना जुर्म
पुलिस ने दोनों आरोपियों गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू की, तो पता चला कि उन दोनों ने मृतक सुनील को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। इसके लिए ऑनलाइन 150 रुपए का जहर भी मंगाया था। 13 मई को शशि ने सुनील को दही में जहर मिलकार दिया था। दही खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। सास के साथ मिलकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, एक ही दिन में सुनील की तबीयत ठीक हो गई। ऐसे में उसने अगले दिन यानी 14 मई को खिचड़ी में जहर मिलाकर खिला दिया, जिससे उसके पति की मौत हो गई।