अमेरिका घूमने गई एक भारतीय महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस महिला ने एक स्टोर से लगभग एक लाख के सामान चुरा लिए थे।
आरोपी महिला और अमेरिकी पुलिस: Photo Credit: Viral video
अमेरिका घूमने गई एक भारतीय महिला अचानक सुर्खियों में आ गई है। महिला एक बड़े स्टोर 'टारगेट स्टोर' के अंदर कथित रूप से चोरी करती पकड़ी गई है। सोशल मीडिया पर काफी तेजी से इसका वीडियो वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला करीब सात घंटे तक एक टारगेट स्टोर में घूम रही थी। लंबे समय तक महिला को घूमता देख स्टोर के मैनेजर ने पुलिस बुला ली। इसके बाद जो हुआ उसने पुलिस को भी परेशान कर दिया। पुलिस ने महिला के पास से चोरी किया हुआ सामान भी बरामद किया है। महिला के पास से लगभग एक लाख रुपये से ज्यादा का सामान मिला जो उसने चोरी किया था।
यह मामला अमेरिका के इलिनॉयस राज्य के एक टारगेट स्टोर का है। स्टोर में एक भारतीय महिला सुबह से सामान की खरीदारी करने के लिए गई थी। महिला कभी सामान उठा रही थी, कभी फोन चला रही थी तो कभी स्टोर में घूमती नजर आ रही थी। उसके संदिग्ध व्यवहार को देखकर स्टोर मैनेजर ने पुलिस को बुला लिया।
पुलिस जब वहां पहुंची तो महिला एक बड़ी सी ट्राली में ढेर सारा सामान भरकर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी लेकिन उसने किसी भी सामान का पेमेंट नहीं किया था। वहां के एक कर्मचारी ने बताया, 'हम इस महिला को सुबह से देख रहे हैं। वह सामान उठा रही थी लेकिन पैसे नहीं दे रही थी। आखिर में वह बिना पेमेंट किए वेस्ट गेट से बाहर निकलने लगी।' अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि महिला ने लगभग 1,300 डॉलर (लगभग ₹1.08 लाख) के सामान स्टोर से चुराए थे।
पकड़े जाने पर मांगी माफी
जब पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने अपनी गलती मानी और कहा, 'अगर ऐसा है तो माफ कीजिए। मैं यहां की नहीं हूं। मैं भारत से आई हूं और यहां नहीं रुकूंगी।' उसने कहा कि वह सामान का पूरा पैसा देने के लिए तैयार है लेकिन पुलिस ने उसकी बात पर भरोस नहीं किया। वायरल वीडियो में वहां की एक महिला पुलिस अफसर उससे पूछती है, ' क्या भारत में चोरी करना सही है? मुझे तो ऐसा नही लगता।'
महिला के बिल की जांच करने के बाद पुलिस ने उसके हाथों में हथकड़ी लगा दी और उसे पुलिस स्टेशन ले गई। थाने में महिला की औपचारिक कागजी कार्यवाही की गई। यह घटना 1 मई 2025 की बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और इस पर शॉपलिफ्टिंग, वीजा स्थिति और अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के कानूनी प्रभाव को लेकर बहस छिड़ गई है। हालांकि, टारगेट स्टोर की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है और पुलिस की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार है। वीडियो को देखकर एक शख्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'एक टूरिस्ट के रूप में, मैं यह समझ ही नहीं पा रहा कि कोई मेहमान बनकर इस देश में आए और उसके कानूनों को तोड़ने की हिम्मत करे। यह भाषा या संस्कृति की बात नहीं है। उसे बिल्कुल पता है कि वह क्या कर रही है।'
दूसरे शख्स ने लिखा, 'मैं UK में 7 साल तक एक टूरिस्ट के तौर पर रहा हूँ और हर नियम का पालन करता था। टूरिस्ट अपने देश और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह महिला एक अपराधी है जो सहानुभूति पाने की कोशिश कर रही है। जो शायद भारत में चल जाता, पर अमेरिका में नहीं।' एक अन्य शख्स ने लिखा, 'भारत को वैश्विक मंच पर शर्मिंदा कर दिया! गलत कारणों से सुर्खियों में आई। देश का सम्मान करें, बदनामी नहीं।'
गौरतलब है शॉप के चोरी के मामले में अभी कुछ दिन पहले एक भारतीय छात्र टेक्सास में पकड़ा गया था। बता दें कि अमेरिका में शॉपलिफ्टिंग (दुकानों से चोरी) के आरोप आपके वीजा स्टेटस पर गंभीर असर डाल सकते हैं। इससे H-1B वीज़ा रिन्युअल, ग्रीन कार्ड आवेदन यहां तक कि निर्वासन (deportation) का खतरा भी बन सकता है।