राजस्थान के जैसलमेर में हुई एक चोरी अब पुलिस रिकॉर्ड से ज्यादा सोशल मीडिया पर दर्ज हो चुकी है। यहां चोर घर से कीमती सामान ले गया, लेकिन जाते-जाते दीवार पर लिपस्टिक से लिखा एक ऐसा मैसेज छोड़ गया, जिसने इस वारदात को गंभीर अपराध से बदलकर वायरल किस्से में बदल दिया। जैसलमेर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस की फाइलों से निकलकर सोशल मीडिया की टाइमलाइन पर जगह बना ली है। वजह यह है कि यहां चोर सिर्फ चोरी करके नहीं गया बल्कि जाते-जाते एक ऐसा मैसेज छोड़ गया, जिसे पढ़कर लोग हंस भी रहे हैं और हैरान भी हैं।
राजस्थान के जैसलमेर में एक कॉलोनी है IGNP। यहां सहायक इंजीनियर सोहन जांगिड़ का सरकारी आवास है। सोहन जांगिड़ किसी काम से शहर से बाहर गए हुए थे। घर पर कोई नहीं था। चोरों को मौका मिला तो घर में घुस गए, मौके का फायदा उठाकर ताले तोड़े और घर में लूट मचा दी। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी ली और लैपटॉप, टीवी, महंगे परफ्यूम, कपड़े और दूसरे कीमती सामान लेकर फुर्र हो गए।
यह भी पढ़ें: 'मुझे ट्रंप पर भरोसा नहीं...', भारत-अमेरिका की टैरिफ डील पर बने मीम वायरल
मैसेज ने सोशल मीडिया पर काटा गदर
कहानी यहीं खत्म नहीं होती है। चोरी के बाद चोर का 'क्रिएटिव मोड' ऑन हो गया। घर में रखी लिपस्टिक उठाई गई और सफेद दीवारों को बना दिया गया संदेशों का कैनवास। दीवार पर बड़े अक्षरों में लिखा गया 'घर में दारू रख रहे हो तो साथ में चिप्स भी रखा करो।'
चोरी की, घर के मालिक को थैंक्यू बोल गया चोर
इतना ही नहीं, चोर ने पुलिस और सिस्टम पर तंज कसते हुए यह भी लिख दिया कि थाने में शिकायत करने से समय बर्बाद होगा, इसलिए रिपोर्ट न करने की सलाह दी। संदेश के आखिर में चोर ने खुद को 'बिहारी बाबू' बताया और लिखा कि उसने घर का अन्न खाया, उसे अच्छा लगा और मजबूरी में पहली बार चोरी करनी पड़ी। जाते-जाते 'धन्यवाद' कहना भी नहीं भूला।
यह भी पढ़ें: ISPL के रोबोट ने सलमान को दिखाए तेवर, VIDEO वायरल हो गया
दीवारों पर लिखे मैसेज देख चौंकी पुलिस
जब मकान मालिक वापस लौटे और पुलिस मौके पर पहुंची तो दीवारों पर लिखा संदेश देखकर हर कोई हैरान रह गया। आमतौर पर चोर सबूत छोड़ने से बचते हैं, लेकिन यहां चोर ने खुद अपने हाथों से कहानी लिख दी। पुलिस अब फिंगरप्रिंट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि चोर ने घर में काफी वक्त बिताया है, जिससे उसकी पहचान में मदद मिल सकती है।
फिलहाल यह मामला जैसलमेर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग चोर की 'ईमानदारी, सलाह और साहित्यकार वाले अंदाज पर चुटकियां ले रहे हैं। इस चोरी में सबसे बड़ी रिकवरी सोना-चांदी नहीं, बल्कि वह लाइन है, जिसने एक आम वारदात को वायरल किस्सा बना दिया।