दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास खड़ी एक कार में रविवार को तीन लोगों के शव मिलने के बाद से राजधानी में सनसनी फैल गई थी। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, क्योंकि शवों पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं थे। कार के अंदर प्लास्टिक की बोतलें और कुछ गिलास मिले, जिनमें कथित तौर पर जहर के अंश पाए गए थे। हालांकि, पुलिस ने जब गहराई से मामले की जांच की तो यह एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला।

 

इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी कमरुद्दीन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो गाजियाबाद के लोनी इलाके में खुद को बाबा बताकर एक तथाकथित तांत्रिक केंद्र चलाता था। पुलिस के अनुसार, उसने धनवर्षा करने यानी अचानक धन लाभ का लालच देकर तीनों को अपने जाल में फंसाया और योजनाबद्ध तरीके से उनकी हत्या कर दी।

 

यह भी पढ़ें: लेम्बोर्गिनी हादसा: कौन चला रहा था कार? पुलिस और आरोपी के वकील का बयान अलग-अलग

कौन थे तीनों मृतक?

रविवार दोपहर करीब 3:50 बजे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि एक सफेद टिगोर कार में तीन लोग अचेत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि 76 वर्षीय रणधीर ड्राइविंग सीट पर मृत थे। आगे की सीट पर 47 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर शिव नरेश का शव मिला, जबकि पीछे की सीट पर 40 वर्षीय लक्ष्मी मृत पाई गईं।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि रणधीर और शिव नरेश बापरोला गांव के निवासी थे और एक-दूसरे को जानते थे। लक्ष्मी जहांगीरपुरी की रहने वाली थीं और पश्चिमी दिल्ली में केयरगिवर के रूप में काम करती थीं। वह शिव नरेश के संपर्क में थीं।

 

यह भी पढ़ें: क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के चक्कर में CA को लगा हजारों का चूना

ऐसे रची गई साजिश

जांच में पता चला कि तीनों घटना से एक दिन पहले और घटना वाले दिन लोनी गए थे और कमरुद्दीन से लगातार संपर्क में थे। आरोपी ने उन्हें विशेष पूजा के जरिए धनवर्षा कराने का भरोसा दिलाया और दो लाख रुपये नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा।

 

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कमरुद्दीन ने स्वीकार किया कि उसने पहले से जहर मिले लड्डू तैयार कर रखे थे। वह तीनों के साथ कार में बैठा और उन्हें शराब व कोल्ड ड्रिंक के साथ वही लड्डू खिलाए। जब वे बेहोश हो गए तो वह नकदी लेकर कार को फ्लाईओवर के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।