रोहतास जिले की दिनारा विधानसभा लोकसभा चुनाव में बक्सर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। यह विधानसभा सीट सोन नदी के किनारे स्थित है। जिला मुख्यालय से इसकी दूरी करीब 40 किमी है। इसके आसपास कैमूर की पहाड़ियां हैं। लघु उद्योग के अलावा यहां कोई रोजगार का अन्य बड़ा साधन नहीं है। अधिकांश लोगों का जीवन यापन खेती-किसानी से चलता है। रोजगार की तलाश में लोगों को अन्य प्रदेशों का रुख करना पड़ता है। ग्रामीण इलाकों में बिजली-पानी और सड़क जैसी समस्याएं आम हैं।
हाल ही में सड़क न बनने से खफा ग्रामीणों ने आरजेडी विधायक विजय कुमार मंडल का घेर लिया था। लोगों ने विधायक को वादा याद दिलाया। मामला यही नहीं रुका। ग्रामीणों ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करके विधायक के खिलाफ शिकायत दी। अब आशंका जताई जा रही है कि विजय कुमार मंडल का टिकट कट सकता है।
यह भी पढ़ें: करगहर विधानसभा: क्या कांग्रेस से JDU छीन पाएगी अपनी 2 बार की जीती सीट?
मौजूदा समीकरण
दिनारा विधानसभा क्षेत्र की 95.17 फीसद आबादी ग्रामीण इलाकों में रहती है। सिर्फ 4.83 प्रतिशत मतदाता शहरी हैं। यहां अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या 17.69 फीसद है। वहीं अनुसूचित जनजाति के वोटर्स एक फीसद से भी कम हैं। उनकी हिस्सेदारी महज 0.29 प्रतिशत है। दिनारा में मुस्लिम वोटर्स की हिस्सेदारी 6.8 फीसद है। यादव वोटर्स सिर्फ 1 फीसद है। एक अनुमान के मुताबिक दिनारा में करीब 45 फीसद ओबीसी मतदाता हैं। सामान्य वर्ग में भूमिहारों का दबदबा है। उनकी हिस्सेदारी 25 फीसद है।
2020 चुनाव का रिजल्ट
पिछले चुनाव में कुल 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने विजय कुमार मंडल को अपना प्रत्याशी बनाया। जेडीयू ने दो बार के विधायक जय कुमार सिंह पर भरोसा जताया। मगर जब चुनाव नतीजे आए तो सभी हैरत में पड़ गए। जय कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 27,252 वोट मिले। विजय कुमार मंडल को कुल 59,541 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद सिंह को कुल 51,313 वोट मिले। उन्हें विजय कुमार मंडल के सामने 8,228 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
मौजूदा विधायक का परिचय
पिछले चुनाव में आरजेडी नेता विजय कुमार मंडल के सामने जेडीयू के कद्दावर नेता जय कुमार सिंह टिक नहीं सके। मुख्य मुकाबला विजय कुमार मंडल और एलजेपी नेता राजेंद्र सिंह के बीच रहा। 2020 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक दिनारा के मौजूदा विधायक विजय कुमार मंडल ने आरा के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की है। उनके पास दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति और कोई कर्ज नहीं है। खेती और सामाजिक कार्य को अपना पेशा बता रखा है। उनके खिलाफ चार आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: सासाराम विधानसभा: RJD और BJP में कांटे की टक्कर, अबकी कौन मारेगा बाजी?
विधानसभा सीट का इतिहास
दिनारा विधानसभा सीट पर समाजवादी दलों का हमेशा ही दबदबा रहा। पहले चुनाव में कांग्रेस जीती लेकिन दूसरे और तीसरे चुनाव में जनता ने प्रजा सोशलिस्ट पार्टी का साथ दिया। 1969 में दूसरी बार कांग्रेस जीती। कुल 16 विधानसभा चुनाव में से सिर्फ 5 बार ही कांग्रेस को अपना विधायक बनाने का मौका मिला। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू चार बार जीती। प्रजा सोशलिस्ट पार्टी और जनता दल को दो-दो बार कामयाबी मिली। संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, जनता पार्टी, बीएसपी और आरजेडी को एक-एक बार मौका मिला। दिनारा विधानसभा सीट पर बीजेपी अभी तक नहीं जीती है। रामधानी सिंह चार, राम आशीष सिंह तीन और लक्ष्मण राय व जय कुमार सिंह सिंह दो-दो बार विधायक रह चुके हैं।
| वर्ष | विजेता | दल |
| 1952 | रामानंद उपाध्याय | कांग्रेस |
| 1957 | राम आशीष सिंह | प्रजा सोशलिस्ट पार्टी |
| 1962 | राम आशीष सिंह | प्रजा सोशलिस्ट पार्टी |
| 1967 | राम आशीष सिंह | संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी |
| 1969 | रामानंद प्रसाद सिंह | कांग्रेस |
| 1972 | राम नारायण साह | कांग्रेस |
| 1977 | श्योपूजन सिंह | जनता पार्टी |
| 1980 | लक्ष्मण राय | कांग्रेस |
| 1985 | लक्ष्मण राय | कांग्रेस |
| 1990 | रामधनी सिंह | जनता दल |
| 1995 | रामधनी सिंह | जनता दल |
| 2000 | रामधनी सिंह | जेडीयू |
| 2005 (फरवरी) | रामधनी सिंह | जेडीयू |
| 2005 (नवंबर) | सीता सुंदरी देवी | बीएसपी |
| 2010 | जय कुमार सिंह | जेडीयू |
| 2015 | जय कुमार सिंह | जेडीयू |
| 2020 | विजय कुमार मंडल |
आरजेडी |
