बिहार के सत्तारूढ़ गठबंधन में किस पार्टी के खाते में कितनी सीटें जाएंगी, अभी यह तय नहीं है। पहले कहा जा रहा था कि सीट बंटवारा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान की वजह से अटका है, अब इस दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं। चिराग पासवान ही नहीं, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी से लेकर राष्ट्रीय लोक मंच के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा तक ने यह इशारा किया है कि अभी बातचीत बाकी है।

राष्ट्रीय लोक मंच के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने तो यहां तक कह दिया है कि अभी बातचीत पूरी नहीं हुई है। सीटों को लेकर मंथन जारी है। मीडिया में चालाकी से कुछ खबरें चलाई जा रहीं हैं कि सीट वार्ता पर बात पूरी हो गई है। ऐसी खबरों पर ध्यान न दीजिए, अभी वार्ता अधूरी है। उनका इशारा साफ है कि जिन बातों को लेकर एनडीए में सहमति की बात की जा रही है, उपेंद्र कुशवाहा उसके लिए तैयार ही नहीं हैं। 

यह भी पढ़ें: बिहार की सियासत में राजनीतिक घरानों का कितना असर, कौन बेअसर?

उपेंद्र कुशवाहा बना रहे हैं दबाव

उपेंद्र कुशवाहा, अध्यक्ष, राष्ट्रीय लोक मोर्चा:-
इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए। वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है। इंतजार कीजिए। मीडिया में कैसे खबर चल रही है, मुझको नहीं पता। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है तो यह छल है, धोखा है। आप लोग ऐसे ही सजग रहिए।

NDA के नेता सीट बंटवारे पर क्या कह रहे हैं?


बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल:-
पटना में तीन दिन तक चुनाव समिति की बैठक हुई। वहां 2020 में हारी सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार की गई है। इस सूची पर आज दिल्ली में चर्चा होगी। कल इसे केंद्रीय चुनाव समिति के सामने पेश किया जाएगा। एनडीए में सब ठीक है। केंद्रीय नेतृत्व मिलकर सीटों का अंतिम बंटवारा घोषित करेगा।

एलजेपी (रामविलास) से सांसद वीना देवी ने चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी की नाराजगी के सवाल पर कहा, 'अभी तो एनडीए गठबंधन की बैठक चल रही है। जल्द बता दिया जाएगा कि कौन किस सीट से चुनाव लड़ रहा है। हम चट्टानी एकता के साथ बता रहे हैं कि गठबंधन की 5 पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं। कोई नाराजगी नहीं है। हम बिहार में प्रचंड बहुमत से सरकार से बना रहे हैं।'

यह भी पढ़ें: मगध और वैशाली जैसे महाजनपदों से बिहार राज्य कैसे बना? पढ़िए इतिहास

मृत्युंजय तिवारी, प्रवक्ता, आरजेडी:-
कहीं कोई पेच महागठबंधन में नहीं फंसा है। महागठबंधन में सब ऑल इज वेल है। सीट बंटवारे का निर्णय अंतिम रूप से ले लिया गया है। जल्द घोषणा होगी। एनडीए में सिर फुटव्वल है। दिल्ली से लेकर पटना तक बैठक कर रही है फिर भी वहां ऑल इज नॉट वेल है। प्रथम चरण के नामांकन के अंतिम दिन तक एनडीए में भगदड़ मचनी तय है।  

उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर बीजेपी ने क्या कहा?

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, यह छल करने की कोशिश है। सीट शेयरिंग पर फैसला नहीं हुआ है। जब इस पर दिलीप जायसवाल से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि किसी को भी दुख पहुंच सकता है।

दिलीप जायसवाल, बिहार बीजेपी अध्यक्ष:-

एनडीए में सब ठीक ठाक है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर कुछ भी नंबर चला दे रहे हैं। जब तक एनडीए गठबंधन के सर्वोच्च नेता मिलकर एक नंबर का एलान नहीं करते हैं तब तक इसे फाइन न माना जाए। किसी का व्यथित होना सामान्य है। इस तरह के दावों से हमें भी दुख पहुंचा है। 

NDA सीट बंटवारे पर फैसला कब होगा?

शनिवार को दिल्ली में एनडीए के घटक दलों की बैठक होने प्रस्तावित है। सीट समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है। बीजेपी कोर कमेटी की बैठक भी दिल्ली में हो रही है, जिसमें दो चरणों में बिहार के लिए विधानसभा उम्मीदवारों पर आम सहमति बनाई जाएगी। बैठक की अध्यक्ष जेपी नड्डा कर रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के सीनियर नेता शामिल होंगे।  

यह भी पढ़ें- UN, गुजरात फिर बिहार, आखिर प्रशांत किशोर की पूरी कहानी क्या है?

पटना में हुई बैठक में क्या तय हुआ?

बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार प्रभारी विनोद तावडे और अन्‍य वरिष्‍ठ नेताओं ने गुरुवार को पटना में एनडीए के सहयोगी दलों के साथ अलग-अलग और संयुक्‍त बैठकें की। बीजेपी, राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा, लोक जनशाक्ति पार्टी (राम विलास) और हिन्‍दुस्‍तानी आवाम मोर्चा के नेताओं के साथ चर्चा हुई है। बीजेपी के सीनियर नेता नित्‍यानंद राय ने दिल्‍ली में चिराग पासवान से मुलाकात की थी। सीट शेयरिंग पर सहमति बनने के दावे किए जा रहे हैं। 

अभी तक सीट बंटवारे का क्या फॉर्मूला सामने आया है?

बीजेपी 101 और जेडीयू 102 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा, लोक जनशाक्ति पार्टी (राम विलास) और हिन्‍दुस्‍तानी आवाम मोर्चा के बीच बाकी बची सीटों का बंटवारा होना है। बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं।

महागठबंधन का हाल क्या है?

अखिलेश प्रसाद सिंह, अध्यक्ष, कांग्रेस प्रचार समिति:-
महागठबंधन में भी सीटों का समझौता हो चुका है और जल्‍द ही इसकी घोषणा की जाएगी।

महागठबंधन में क्या हो रहा है?

लालू यादव आरेजडी की ओर से नामों पर अंतिम रूप से मोहर लगाएंगे। कांग्रेस आलाकमान बिहार में सीट बंटवारे पर मुहर लगाएगा। सीपीआईएम ने अपने दो मौजूदा विधायकों सत्‍येंद्र यादव और अजय कुमार को अपने नामांकन भरने का निर्देश भी जारी कर दिया है। वाम दलों ने सीट पर आम सहमति न बन पाने की वजह से नाराजगी भी जाहिर की है। 

यह भी पढ़ें- सदियों का इतिहास, सैकड़ों ऐतिहासिक स्थल, टूरिज्म में पीछे क्यों बिहार?

बिहार में चुनाव का तारीख क्या है?

बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर 2 चरणों में चुनाव होगा। पहले 121 सीटों पर 6 नवंबर को वोटिंग होगी, वहीं 122 विधानसभाओं पर दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को वोटिंग होगी।