एशिया कप 2025 के आखिरी सुपर-4 मुकाबले में भारत और श्रीलंका के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। शुक्रवार (26 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 202 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंका ने भी निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बना दिए मुकाबला टाई हो गया। श्रीलंकाई टीम की ओर से पथुम निसंका ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली। निसंका ने 58 गेंद में 107 रन जड़े, जिसमें 7 चौके और 6 छक्के शामिल रहेवह आखिरी ओवर में आउट हुएहालांकि सुपर ओवर में उन्हें नहीं भेजा गया।

 

श्रीलंका ने सुपर ओवर में कुसल परेरा और दसुन शनाका को उतारा। भारतीय टीम की ओर से अर्शदीप सिंह गेंद डालने आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर परेरा को चलता कर दिया। इसके बाद कामिंदु मेंडिस बैटिंग करने आए और उन्होंने दूसरी गेंद पर सिंगल निकाला। शनाका तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। चौथी गेंद वाइड रही और फिर अर्शदीप ने पांचवीं गेंद पर शनाका को आउट कर श्रीलंका को 2 रन पर ही रोक दिया। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वनिंदु हसरंगा की पहली गेंद को गैप में धकेलकर 3 रन लिए भारत को जीत दिला दी। टीम इंडिया इस मैच से पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी थी। वहीं श्रीलंकाई टीम फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी थी। ऐसे में इस मुकाबले का कुछ खास महत्व नहीं था। हालांकि एक डेड-रबर मैच भी यादगार बन गया।

 

यह भी पढ़ें: एशिया कप के 'किंग' बने अभिषेक शर्मा, कोहली-रिजवान सब छूटे पीछे

सुपर ओवर में हुआ भयंकर ड्रामा

अर्शदीप ने सुपर ओवर की चौथी लीगल गेंद बेहतरीन यॉर्कर डाली थी, जिस पर शनाका अपना शॉट मिस कर बैठे। गेंद सीधे विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों में गई। शनाका ने सिंगल चुराना चाहा लेकिन दूसरे छोर से कामिंदु मेंडिस से साथ नहीं मिला। संजू ने गेंद को सीधे स्टंप पर दे मारा और दोनों श्रीलंकाई बल्लेबाज बीच में खड़े पाए गए। इसके बाद जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला।

 

संजू का अंडर-आर्म थ्रो स्टंप पर लगने के बाद अर्शदीप ने अपील की थी, जिस पर अंपायर ने अपनी उंगली खड़ी कर दी। अंपायर ने शनाका को कैच आउट करार दिया था। ऐसे में शनाका ने अपना विकेट बचाने के लिए रिव्यू की मांग की और अंपायर से कहा कि यह डेड बॉल होनी चाहिए। रिप्ले में दिखा कि गेंद उनके बल्ले पर लगकर संजू के पास नहीं गई थी। अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। नियमों के अनुसार, शनाका रन आउट होने से भी बच गए। ऐसा इसलिए, क्योंकि जैसे ही फील्ड अंपायर बल्लेबाज को आउट देता है, तो गेंद को डेड मान लिया जाता है। यहां अंपायर का फैसला भले ही बदल गया लेकिन नियम के मुताबिक, गेंद डेड हो गई थी, जिससे शनाका रन आउट नहीं हुए।

 

यह भी पढ़ें: 'गन सेलिब्रेशन' पर लगेगा जुर्माना, ICC की सुनवाई में क्या-क्या हुआ?

 

डेथ ओवर्स में भारत ने की वापसी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने 12 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 134 रन बना लिए थे। उसे जीत के लिए 8 ओवर में 69 रन की दरकार थी। पथुम निसंका और कुसल परेरा आसानी से रन बटोर रहे थे। श्रीलंका की टीम आसानी से जीतती दिख रही थी। वरुण चक्रवर्ती ने 13वें ओवर में परेरा (58) को आउट कर भारत को राहत दिलाई। इसके बाद कुलदीप ने श्रीलंकाई कप्तान चरिथ असलंका (5) को पवेलियन भेजा। अर्शदीप ने 17वें ओवर की चौथी गेंद पर कामिंदु मेंडिस (3) का विकेट चटकाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। असलंका ने इसी ओवर की आखिरी गेंद को छक्के के लिए भेजा और टी20 इंटरनेशनल में अपना पहला शतक पूरा किया।

 

श्रीलंका को अब जीत के लिए 18 गेंद में 33 रन चाहिए थे। अक्षर पटेल ने 18वें ओवर में 10, जबकि अर्शदीप ने 19वें ओवर में 11 रन दिए। आखिरी ओवर में 11 रन डिफेंड करने की जिम्मेदारी कप्तान सूर्या ने हर्षित राणा को दी। हर्षित ने पहली ही गेंद पर निसंका का बड़ा विकेट झटका। श्रीलंका की अब उम्मीदें शनाका पर थीं, जो 8 गेंद में 14 रन बना चुके थे। हालांकि वह नॉन स्ट्राइक पर थे। नए बल्लेबाज जनिथ लियानगे ने दूसरी गेंद पर 2 रन निकाला। तीसरी गेंद पर वह रिवर्स लैप लगाने के प्रयास में चूक गए। शनाका दूसरे छोर से तुरंत भागे और स्ट्राइक पर आ गए। श्रीलंका के खाते में बाई के रूप में 1 रन भी जुड़ गया।

 

शनाका ने ओवर की चौथी गेंद पर 2 रन लिया और फिर पांचवीं गेंद को चौके के लिए भेजा। श्रीलंका को आखिरी गेंद पर 3 रन की जरूरत थी। हर्षित राणा ने स्टंप में बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली, जिसे शनाका लॉन्ग ऑन की दिशा में खेलकर 2 रन ही जुटा पाए और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया, जहां भारत ने बाजी मार ली।

 

ऐसी रही भारत की पारी

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने दूसरे ही ओवर में शुभमन गिल (4) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सूर्या के साथ 59 रन की साझेदारी कर भारत को शुरुआती झटके से उबारा। सूर्या 13 गेंद में 12 रन बनाकर सातवें ओवर में पवेलियन लौटे। उनके जाने के कुछ देर बाद अभिषेक भी आउट हो गए। बाएं हाथ के इस युवा सलामी बल्लेबाज ने 31 गेंद में 61 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

 

अभिषेक के आउट होने के बाद पांचवें नंबर पर उतरे संजू सैमसन ने 23 गेंद में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर रन रेट कम नहीं होने दिया। तिलक वर्मा ने 34 गेंद में नाबाद 49 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला। अक्षर (नाबाद 21) ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकार भारत को 200 के पार पहुंचाया। इस एशिया कप में पहली बार किसी टीम ने 200 रन के आंकड़े को पार किया।