ईशान किशन जब टी-20 विश्व कप जीतने के बाद पहली बार बिहार की राजधानी पटना पहुंचे तो राजधानी का माहौल किसी उत्सव से कम नहीं दिखा। पटना एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए हजारों की संख्या में प्रशंसक जुटे थे। हाथों में तिरंगा, पोस्टर और फूलों के गुलदस्ते लिए फैंस अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। जैसे ही ईशान किशन एयरपोर्ट से बाहर निकले, भारत माता की जय और ईशान-ईशान के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत ने देशभर में खुशी की लहर दौड़ा दी है और बिहार के लोगों के लिए यह गर्व का क्षण इसलिए भी खास है क्योंकि राज्य के बेटे ईशान किशन इस जीत का हिस्सा रहे। उनके पटना पहुंचते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं और जोरदार तालियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कई प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की, जबकि कुछ युवाओं ने उन्हें कंधों पर बैठाकर जश्न मनाने की इच्छा भी जताई।
खेल मंत्री ने किया सम्मानित
इस मौके पर बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी एयरपोर्ट पहुंचीं। उन्होंने ईशान किशन को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि ईशान ने न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। मंत्री ने कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए ईशान किशन एक बड़ी प्रेरणा हैं और सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मीडिया से बातचीत करते हुए ईशान किशन ने टीम इंडिया की जीत को पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा वर्ल्ड कप जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है। जब यह सपना पूरा होता है तो जो खुशी मिलती है, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। यह जीत हम सभी भारतीयों की है।
यह भी पढ़ें: आ गई कुलदीप यादव की शादी की तारीख, कौन हैं होने वाली पत्नी वंशिका?
कड़ी मेहनत के कारण ही मिली सफलता
उन्होंने कहा कि टीम की सफलता के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, टीम भावना और देश के करोड़ों प्रशंसकों का समर्थन है। ईशान ने बताया कि मैदान पर उतरते समय हर खिलाड़ी के मन में सिर्फ एक ही लक्ष्य होता है देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और जीत हासिल करना। युवाओं के लिए संदेश देते हुए ईशान किशन ने कहा कि अगर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ खेला जाए तो किसी भी छोटे शहर या गांव से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज के युवा खिलाड़ियों के पास बेहतर अवसर और संसाधन हैं, इसलिए उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।
विवादित मुद्दे पर टिप्पणी करने से किया इनकार
पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के एक बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में ईशान किशन ने संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह इस तरह के विवादित मुद्दों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते है। उनका कहना था कि उनका पूरा ध्यान केवल क्रिकेट पर है और वह टीम इंडिया के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर फोकस करना चाहते हैं। ईशान किशन ने आगे कहा कि आने वाले मैचों में भी टीम इंडिया का लक्ष्य लगातार अच्छा प्रदर्शन करना और देश को जीत दिलाना रहेगा।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप जीतने का तगड़ा इनाम, टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये देगा BCCI
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर उनका प्रयास रहेगा कि वह लगातार रन बनाएं और टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दें। पटना एयरपोर्ट पर उमड़ा यह उत्साह साफ बता रहा था कि बिहार के लोग अपने इस स्टार खिलाड़ी पर कितना गर्व महसूस करते हैं। वर्ल्ड कप जीत की खुशी के साथ जब ईशान किशन अपने गृह राज्य पहुंचे तो यह सिर्फ एक खिलाड़ी की वापसी नहीं थी, बल्कि बिहार के लिए गर्व और जश्न का एक यादगार पल बन गया।
