एक यात्री पर दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट में वॉशरूम के अंदर बीड़ी पीने का आरोप लगा है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना शनिवार को हुई, जब आरोपी आशीष अकासा एयर की फ्लाइट से दिल्ली से गोवा जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, यात्री ने सफर के दौरान प्लेन के टॉयलेट में बीड़ी जलाई और उसके पास लाइटर भी मिला। आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं।
एयरलाइन ने अपनी शिकायत में कहा कि यात्री के इस काम से प्लेन और उसमें सवार सभी लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। एयरलाइन ने लिखा, 'फ्लाइट के दौरान यात्री ने शौचालय में बीड़ी पी और उसके पास लाइटर भी था, जो प्लेन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जोखिम भरा था।'
यह भी पढ़ें: 'अकासा एयर की फ्लाइट में बैठने के बाद हुआ फंगल इन्फेक्शन', महिला का दावा
जान का खतरा
पुलिस ने बताया कि इस हरकत से बाकी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान को खतरा हो सकता था। शिकायत मिलने के बाद मोपा एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में आशीष के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज
केस भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) और सिविल एविएशन की सुरक्षा से जुड़े गैरकानूनी कृत्यों को रोकने वाले कानून के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है।
यह भी पढ़ें: '10 बजे फ्लाइट थी अब कैंसिल...', मिडिल ईस्ट संकट के बीच एयरपोर्ट पर फंसे यात्री
