• NEW DELHI
02 Mar 2026, (अपडेटेड 02 Mar 2026, 10:57 AM IST)
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर भारत पर भी दिखने लगा है। इस क्षेत्र में जाने और आने वाली कई फ्लाइट्स रद्द होने के कारण कई एयरपोर्ट्स पर यात्री फंसे हुए हैं।
टर्मिनल के बाहर इंतजार करते यात्री, Photo Credit: PTI
अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर हमले शुरू कर दिए। इन हमलों के बाद से मिडिल ईस्ट में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं, जिसके चलते इस क्षेत्र से आने-जाने वाली फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। इसका असर भारत के कई एयरपोर्ट्स पर भी दिखा। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कई उड़ाने रद्द हो गई। उड़ानें रद्द होने के कारण कई यात्री एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे और उन्हें टर्मिनल के बाहर ही इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने बताया कि वह बिना खाने, पीने के ही घंटों से इंतजार कर रहे हैं।
रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही करीब 100 इंटरनेशनल उड़ाने रद्द कर दी गईं, जिससे हजारों या6ी टर्मिनल पर ही फंस गए। जिन देशों की फ्लाइट्स रद्द की गई उनमें ईरान, इराक, इजरायल और सऊदी अरब समेत 11 देश शामिल हैं। इन देशों के एयरस्पेस बंद हैं, जिसका सीधा असर दिल्ली से यूरोप, अमेरिका और खाड़ी देशों को जोड़ने वाली उड़ानों पर पड़ा है।
अचानक उड़ाने रद्द होने से यात्री काफी ज्यादा परेशान हैं। अकेले दिल्ली एयरपोर्ट पर हजारों यात्री टर्मिनल पर ही इंतजार करते रहे। दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे एक यात्री ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'एयर इंडिया की मस्कट जाने वाली फ्लाइट सुबह करीब 10 बजे टेक ऑफ करने वाली थी लेकिन अब कैंसल हो गई है। मैं ट्रैवल इंडस्ट्री में काम करता हूं। मेरे कुछ कलाइंट्स मुंबई से टेक ऑफ करने वाले थे लेकिन अब वह एयर इंडिया की फ्लाइट कैंसिल हो गई है।'
उन्होंने बताया कि उन्हें फ्लाइट के रीशेड्यूल की कोई भी अपडेट नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रमजान के दौरान लोग इबादत के लिए मक्का और मदीना जाते हैं लेकिन अब मिडिल ईस्ट जाने वाली सभी फ्लाइट्स रद्द की जा रही हैं।
मुंबई में भी फंसे यात्री
मिडिल ईस्ट की फ्लाइट्स रद्द होने का असर दिल्ली समेत देश के तमाम एयरपोर्ट्स पर देखने को मिला। महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट पर भी हजारों यात्री परेशान दिखे। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच कई फ्लाइट्स कैंसिल होने से छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स काफी समय तक फंसे रहे।
एक यात्री ने कहा, '28 तारीख से हम लोग यहां फंसे हुए हैं। 28 तारीख को मेरी फ्लाइट थी लेकिन वह कैंसिल हो गई। इसके बाद हमने एजेंट से भी बात कर ली है वह भी कह रहा है कि अभी इंतजार करना होगा।' उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि यहां हमें रहने और खाने पीने का इंतजाम करने के लिए काफी ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है।
भारत के तमाम शहरों से मिडिल ईस्ट और यूरोप जाने वाली उड़ाने रविवार को रद्द रही। अकेले दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 उड़ाने रद्द रहीं। एयरपोर्ट और एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि मिडिल ईस्ट की स्थिति को देखते हुए यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरपोर्ट पर आने से पहले फ्लाइट की स्थिति को देख लें।