टैरिफ को लेकर अमेरिका और भारत के बीच जो तनाव चल रहा है, वह कम हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह किसी भी समय भारत पर लगे टैरिफ को कम कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और भारत एक निष्पक्ष 'ट्रेड डील' पर पहुंचने के काफी करीब हैं।
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा, 'हम एक निष्पक्ष समझौता करने जा रहे हैं। इससे पहले जो समझौते हुए हैं, वह सही नहीं रहे हैं लेकिन अब हम नए समझौते के काफी करीब पहुंच गए हैं।' ट्रंप ने दावा किया कि भारत-अमेरिका के बीच जो समझौता होगा, उससे दोनों पक्षों को फायदा होगा।
ट्रंप ने कहा, 'हम भारत के साथ एक समझौता कर रहे हैं जो पहले किए गए समझौतों से काफी अलग हैं। इसलिए अभी वे मुझे पसंद नहीं करते लेकिन वे हमें फिर से पसंद करेंगे।'
यह भी पढ़ें-- नर्स, डॉक्टर और इंजीनियर, भारत के कामगारों के दम पर चल रही दुनिया
टैरिफ को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है।
ट्रंप से जब भारत पर लगाए गए टैरिफ को कम करने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, 'फिलहाल रूसी तेल की वजह से भारत पर टैरिफ लगाया था, जो बहुत ज्यादा है और उन्होंने रूसी तेल का व्यापार बंद कर दिया है। इसमें काफी कमी आई है। इसलिए हम टैरिफ कम करने जा रहे हैं।'
मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह 'किसी भी समय' भारत पर लगे टैरिफ को कम कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: मुनीर ने मांगे $10 हजार, इजरायल बोला- $100; क्या बिक रही है पाकिस्तानी आर्मी?
भारत पर लगाया था 50% टैरिफ
रूसी तेल का हवाला देते हुए ट्रंप ने अमेरिका आने वाले भारतीय इम्पोर्ट पर 50% टैरिफ लगा दिया था। इसमें से 25% टैरिफ रूसी तेल खरीदने पर पेनाल्टी के तौर पर लगाया था।
हालांकि, भारत ने साफ कर दिया था वह अपने हितों को ध्यान में रखकर व्यापार करता है। भारत ने यह भी कहा था कि अमेरिका और यूरोप खुद रूस के साथ व्यापार करते हैं लेकिन दूसरे को करने से रोकते हैं। भारत ने ट्रंप के टैरिफ को 'अनुचित' बताया था।
इसके बाद से ही भारत और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ गया था। दोनों के बीच ट्रेड डील को लेकर भी चल रही बातचीत थम गई थी। हालांकि, बाद में इसे लेकर बातचीत दोबारा शुरू हो गई है। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर अब तक 5 दौर की बातचीत हो चुकी है।