logo

ट्रेंडिंग:

हरियाणा से कश्मीर तक डॉक्टरों की गिरफ्तारी, 'व्हाइट कॉलर' टेरर मॉड्यूल की कहानी

लाल किला के पास हुए धमाके की जांच अब NIA को सौंप दी गई है। माना जा रहा है कि हाल ही में पुलिस ने जिन तीन डॉक्टरों को गिरफ्तार किया था, उनसे डॉ. उमर मोहम्मद का कनेक्शन था।

red fort

लाल किला के पास धमाके के बाद का मंजर। (Photo Credit: PTI)

लाल किला के पास मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार को चलती कार में धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज ढाई किलोमीटर दूर आईटीओ तक सुनाई दी। यह इतना जोरदार था कि मेट्रो स्टेशन के शीशे तक टूट गए। चश्मदीदों ने बताया कि धमाके के बाद गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए थे। 9 लोगों की मौत भी हो गई। एक चश्मदीद ने बताया कि सड़क पर फेफड़ा पड़ा हुआ था। कुछ दूरी पर हाथ पड़ा था। यह सब बताता है कि यह धमाका कितना भयावह था।


राजधानी दिल्ली सालों बाद इस तरह का धमाका हुआ था। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि देर शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर स्लो स्पीड से चल रही कार में धमाका हो गया। कार के अंदर कुछ लोग सवार थे। जिस कार में यह धमाका हुआ, वह ह्युंडई i20 थी। इस कार की खरीद और बिक्री में शामिल तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।


अब तक जो पता चला है कि उसके मुताबिक, कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस इसे 'फिदायीन हमला' भी मान रही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जिस कार में धमाका हुआ, उसे कथित तौर पर डॉ. उमर मोहम्मद नाम का व्यक्ति चला रहा था। वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के कोइल गांव का रहने वाला था। डीएनए टेस्ट के लिए डॉ. उमर की मां का ब्लड सैंपल लिया जाएगा। 


दिल्ली में यह ब्लास्ट ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से कई डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से हजारों टन विस्फोटक, हथियारों और गोला-बारूद बरामद हुआ था। इसे 'व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल' कहा जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें-- लाल किला: ब्लास्ट से 7 घंटे पहले 12वीं के छात्र की वह पोस्ट, जो अब हो रही वायरल

डॉ. उमर मोहम्मद के बारे में क्या पता है?

पिछले कुछ दिनों में जगह-जगह से कई डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों में शामिल थे। 


फरीदाबाद से भी हाल ही में डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई उर्फ मुसैब को गिरफ्तार किया गया था। इसके ठिकानों से 2,900 किलो विस्फोटक बरामद हुए थे, जिसमें 360 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट भी था। इसके अलावा कई हथियार भी बरामद हुए थे। माना जा रहा है कि हाल ही में साथी डॉक्टरों की धरपकड़ से घबराकर ही डॉ. उमर मोहम्मद ने हड़बड़ी में लाल किला के पास इस धमाके को अंजाम दिया होगा। 

 


डॉ. मुजम्मिल भी पुलवामा के उसी कोइल गांव के रहने वाले हैं, जहां से डॉ. उमर मोहम्मद का ताल्लुक है। माना जा रहा है कि डॉ. उमर भी उसी 'व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल' का हिस्सा था। 


न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि डॉ. उमर मोहम्मद पेशे से डॉक्टर था और वह कथित तौर पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा था। पुलवामा के रहने वाले तारिक ने कथित तौर पर डॉ. उमर को वही i20 कार दी थी, जिसमें धमाका किया गया था।

 

यह भी पढ़ें-- 'सड़क पर फेफड़े, कटा हुआ हाथ', लाल किला धमाके पर चश्मदीदों ने क्या बताया?

'व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल' क्या है?

पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया था कि जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े 'व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल' का पर्दाफाश करते हुए 3 डॉक्टरों समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास 2,900 किलो विस्फोटक जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह मॉड्यूल कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।


जिन 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, उनमें से 7 कश्मीर के रहने वाले हैं। गिरफ्तार होने वालों में आरिफ निसार डार उर्फ साहिल, यासीर-उल-अशरफ, मकसूद अहमद डार उर्फ शाहिद, मौलवी इरफान अहमद, जमीर अहमद उर्फ मुतलाशा, डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई उर्फ मुसैब, डॉ. आदिल और डॉ. शाहीन शामिल हैं। 


पुलिस ने बताया कि 19 अक्टूबर को नौगाम की कई जगहों पर जैश-ए-मोहम्मद के कई पोस्टर चिपके हुए थे, जिनमें पुलिस और सुरक्षाबलों को धमकाया गया था। इसके बाद जांच शुरू की गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बयान जारी कर कहा, 'जांच से एक व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल का पता चला, जिसमें कट्टरपंथी प्रोफेशनल और छात्र शामिल थे। ये लोग पाकिस्तान और दूसरे देशों में बैठे अपने आकाओं से संपर्क में थे।'

 

यह भी पढ़ें-- 'मैं चाहती हूं कि मेरे दोनों बेटो को छोड़ दें', डॉ. मुजम्मिल की मां ने की अपील

 

कहां-कहां से डॉक्टर हुए गिरफ्तार?

अब तक देखा जाए तो आधा दर्जन डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को पुलिस ने बताया कि तीन डॉक्टर- डॉ. मुजम्मिल अहमद को फरीदाबाद से, डॉ. आदिल राठेर को सहारनपुर और डॉ. शाहीन को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है।


डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में टीचर हैं। जैश के पोस्टर मिलने के बाद उन्हें वांटेड घोषित किया गया था। इसके बाद 30 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। 


वहीं, डॉ. आदिल अहमद जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के रहने वाले हैं। वह अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में रेसिडेंट डॉक्टर थे। उन्हें अक्टूबर 2024 को निकाल दिया गया था। डॉ. आदिल को 6 नवंबर को यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने लखनऊ की डॉ. शाहीन को भी गिरफ्तार किया है। उनकी कार से AK47 भी बरामद हुई थी। 


ये तीनों डॉक्टर आपस में जुड़े हुए थे। सोमवार को फरीदाबाद पुलिस ने बताया था कि 2,900 किलो विस्फोटक बरामद हुए थे। इसमें 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट था। इसके साथ ही पुलिस ने असॉल्ट राइफल, पिस्टल, कारतूस और मैग्जीन भी जब्त की थी। ये सब कुछ अल फलाह यूनिवर्सिटी के 500 मीटर के दायरे में बने डॉ. मुजम्मिल के घर से बरामद हुई थीं।

 

यह भी पढ़ें-- लाल किला ब्लास्ट: जिस कार में हुआ धमाका, उसे चलाने वाले उमर की फोटो आई सामने

 

उमर का इन सबसे क्या कनेक्शन था?

पुलिस का मानना है कि लाल किला के पास जिस कार में ब्लास्ट हुआ था, उसे डॉ. उमर मोहम्मद चला रहा था। वह अपने साथी डॉक्टरों की गिरफ्तारी से घबरा हुआ था। इसलिए हड़बड़ी में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।


लाल किला के पास यह धमाका तब हुआ था, जब कुछ ही घंटों पहले डॉ. मुजम्मिल, डॉ. आदिल और डॉ. शाहीन को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि डॉ. मुजम्मिल गनई और डॉ. शाहीन सईद, दोनो फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े थे। पुलिस ने बताया कि डॉ. शाहीन भारत में जैश की महिला विंग का काम संभाल रही थी। वह कथित तौर पर जैश की महिला विंग जमात-उल-मोमिनात की सरगना थी।


पुलिस ने बताया कि डॉ. उमर भी अल फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ा था। डॉ. मुजम्मिल की बहन ने बताया कि उमर बचपन से ही इंट्रोवर्ट था और अपनी पढ़ाई और काम पर ही ध्यान देता था।


अब तक आधिकारिक तौर पर लाल किला के पास हुए धमाके को आतंकी हमला घोषित नहीं किया गया है। इस बीच इस धमाके की जांच NIA को सौंप दी गई है।

Related Topic:#Delhi Blast Case

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap