कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मदनायकनहल्ली थाना क्षेत्र में एक युवती की हत्या के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतका देवश्री के दोस्त प्रेम वर्धन को उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्रेम वर्धन घटना को अंजाम देने के बाद कथित तौर पर तिरुपति भाग गया था और पुलिस उसकी तलाश में थी। गिरफ्तारी के बाद प्रेम ने बताया कि देवश्री की किसी लड़के के साथ दोस्ती थी, जो उसे पसंद नहीं थी। प्रेम उससे जलता था, इसलिए उसने देवश्री की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या कमरे पर हुई थी, जहां वह किराए पर रह रहा था। प्रेम और देवश्री के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस हुई और उसके बाद प्रेम ने गुस्से में देवश्री पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया, 'घटना को अंजाम देने के बाद वह मेट्रो में सवार होकर भाग गया। इसके बाद वह तिरूपति जाने वाली बस में सवार हो गया।' प्रेम को अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें: 9 साल की बच्ची ने 5 बार टीचर से मदद मांगी, बाद में चौथी मंजिल से कूदी
हत्या के बाद कमरा बंद करके भागा
मानसा नाम की एक महिला ने पुलिस को उसके किराए के कमरे में लाश होने की सूचना दी थी। यह लाश देवश्री की थी, जो आचार्या कॉलेज में बैचलर ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट की फाइनल ईयर की स्टूडेंट थी। वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश की थी। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि प्रेम और देवश्री सुबह करीब 9 बजकर 30 मिनट पर किराए के कमरे में पहुंचे थे। रात 8 बजकर 30 मिनट पर प्रेम कमरा बाहर से बंद करके वहां से भाग गया था। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया था और प्रेम की तलाश शुरू कर दी थी।
मोबाइल सिग्नल से मिली जानकारी
सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने प्रेम के दोस्तों और पड़ोसियों की गवाही के आधार पर प्रेम को मुख्य आरोपी माना। प्रेम घटना के बाद से फरार था और उसने अपना फोन भी बंद कर लिया था। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से उसके बारे में जानकारी इकट्ठा की। बीच-बीच में पुलिस को उसके मोबाइल सिग्नल भी मिल रहे थे। पुलिस की एक टीम ने प्रेम के मोबाइल टावर को ट्रेस किया और उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद तिरुपति पुलिस से संपर्क करके उसे गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार में सरकार बनने के बाद पहली राजनीतिक हत्या, VIP नेता को मारी गोली, मौत
मंदिर जाकर करवाया मुंडन
प्रेम घटना के बाद से फरार हो गया था और तिरुपति जाकर उसने अपना भेष बदल लिया था। उसने अपने सिर को मुंडवा लिया था और मंदिर में बाल चढ़ा दिए थे। वह भेष बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसके मोबाइल सिग्नल से उसका पता चला और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में प्रेम ने मान लिया कि उसने देवश्री की हत्या की है। उसने बताया कि देवश्री की किसी अन्य व्यक्ति से दोस्ती थी और वह उससे जलता था इसलिए उसने देवश्री की हत्या कर दी।