अमेजन के शेयर प्राइस भले ही ऊपर नीचे न हो रहे हो लेकिन अंदर ही अंदर निवेशकों का भरोसा डगमगाने लगा है। कंपनी अपने तिमाही कमाई से ठीक पहले हजारों कॉर्पोरेट कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने जा रही है। बाजार में सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि जहां एक तरफ अमेजन खर्च कम करने के लिए छंटनी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बेतहाशा खर्च बढ़ा रही है। रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेजन 28 जनवरी से करीब 14,000 से 15,000 कॉर्पोरेट पदों को खत्म करना शुरू कर देगी।
यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब कंपनी ने हाल ही में अपने इंफ्रास्ट्रक्चर और AI पर होने वाले खर्च को 55% बढ़ाकर 35.1 बिलियन डॉलर कर दिया है। निवेशकों को डर है कि कंपनी की कमाई तो बढ़ रही है लेकिन भारी खर्च की वजह से मुनाफे की रफ्तार लगभग थम सी गई है। हैरानी की बात यह है कि जहां एनवीडिया, ऐपल और मेटा जैसी दूसरी बड़ी टेक कंपनियों को लेकर बाजार में उत्साह है, वहीं अमेजन को लेकर निवेशकों के बीच चिंता बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बजट टीम में शामिल लोग कौन हैं?
अमेजन में आगे क्या होगा?
अमेजन की इस छंटनी का असर किसी एक डिपार्टमेंट पर नहीं बल्कि एडब्ल्यूएस, रिटेल ऑपरेशंस, प्राइम वीडियो और एचआर जैसे कई बड़े यूनिट्स पर पड़ेगा। कंपनी के सीईओ एंडी जेसी का कहना है कि ये बदलाव केवल पैसे बचाने के लिए नहीं बल्कि ऑटोमेशन और AI को अपनाने का एक हिस्सा हैं। हालांकि, आम निवेशकों को यह बात हजम नहीं हो रही है। उन्हें लग रहा है कि ये नौकरियां वापस नहीं आएंगी क्योंकि इनकी जगह अब मशीनें ले रही हैं।
कमाई-मुनाफे का बिगड़ता बैलेंस
आंकड़ों पर गौर करें तो अमेजन ने तीसरी तिमाही में 35.1 बिलियन डॉलर खर्च किए, जिससे कंपनी के पास मौजूद कैश गिरकर 14.8 बिलियन डॉलर रह गया। हालांकि अमेजन की क्लाउड सर्विस 20% की रफ्तार से बढ़ रही है लेकिन जिस हिसाब से कंपनी पैसा लगा रही है, उस हिसाब से मुनाफा नहीं बढ़ पा रहा है।
यह भी पढ़ें: निर्मला सीतारमण के बजट से आम आदमी को उम्मीद क्या है?
5 फरवरी की तारीख है अहम
अब पूरी दुनिया की नजरें 5 फरवरी को आने वाले कंपनी के रिपोर्ट कार्ड पर टिकी हैं। बाजार यह देखना चाहता है कि अमेजन के 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा का भारी निवेश वाकई में भविष्य में तगड़ा फायदा पहुंचाती है या नहीं। हालांकि, वॉल स्ट्रीट के बड़े एक्सपर्ट्स अब भी अमेजन पर भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने इसके शेयर के लिए 340 डॉलर तक का लक्ष्य रखा है। उनका मानना है कि AI आने वाले समय में अमेजन के लिए बड़े मुनाफे के रास्ते खोलेगा।
