हर साल फरवरी और मार्च में स्कूल एग्जाम होते हैं। 10वीं और 12वीं के छात्रों को इसी समय में बोर्ड की परीक्षाएं देनी होती हैं। बोर्ड परीक्षाओं का समय नजदीक आते ही छात्रों की चिंता बढ़ जाती है। ऐसे में लाखों छात्र कम समय में ज्यादा से ज्यादा तैयारी करने की कोशिश में जुटे हैं। कई छात्रों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि सिलेबस बहुत ज्यादा है और समय बहुत कम। ऐसे में छात्रों को समझ नहीं आता की तैयारी कैसे की जाए। स्कूल, कोचिंग और ट्यूशन के साथ साथ अब छात्र ऑनलाइन खासकर AI की मदद परीक्षा की तैयारी के लिए करते हैं।

 

एग्जाम के प्रेशर के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल ChatGpt छात्रों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है। इस टूक का इस्तेमाल करके छात्र अपनी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो ChatGpt न केवल सिलेबस समझने में मदद करता है बल्कि एग्जाम के लिए स्ट्रैटजी बनाने से लेकर रिवीजन तक में आपकी मदद कर सकता है। खास बात यह है कि छात्र अपनी जरूरत के हिसाब से इससे सवाल पूछ सकते हैं और तुरंत जवाब पा सकते हैं। इसका मतलब है कि आपको एक टीचर मिल गया। 

 

यह भी पढ़ें: अग्निवीर वायु भर्ती के लिए क्या पढ़े? तैयारी के टिप्स नोट कर लीजिए

सिलेबस समझने में मददगार ChatGpt

बोर्ड परीक्षाओं से पहले सबसे बड़ी समस्या सिलेबस को लेकर होती है। कई बार छात्रों को यह समझ नहीं आता कि कौन सा टॉपिक ज्यादा महत्वपूर्ण है और किसे पहले पढ़ना चाहिए। ChatGpt की मदद से छात्र पूरे सिलेबस की आसान समरी तैयार कर सकते हैं। लंबे चैप्टर से जरूरी पार्ट आप निकाल सकते हैं।  ChatGpt से चैप्टर की समरी निकाली जा सकती है। इससे आपका समय बच जाएगा। 

इसके अलावा छात्र अलग अलग चैप्टर की तुलना भी कर सकते हैं और यह जान सकते हैं कि कौन सा चैप्टर पेपर के लिहाज से ज्यादा जरूरी है। ChatGpt थ्योरी वाली सब्जेक्ट में आपकी काफी ज्यादा मदद कर सकता है। थ्योरी वाले चैप्टर को ChatGpt आपको आसानी से समझा सकता है। 

कॉन्सेप्ट क्लियर करने में आसानी

कई सब्जेक्ट्स में ऐसे टॉपिक होते हैं जो किताब में दिए गए होते हैं लेकिन छात्रों को पूरी तरह समझ में नहीं आते हैं। ऐसे में ChatGpt एक डिजिटल टीचर की तरह काम कर सकता है। छात्र किसी भी टॉपिक को आसान भाषा में समझाने के लिए कह सकते हैं। इसके अलावा अगर किसी टॉपिक पर आपको किसी चीज में दिक्कत हो तो आप साथ में सवाल भी कर सकते हैं। इसके साथ ही एक ही प्रश्न के आप अलग-अलग तरह से जवाब लिखने के बारे में भी ChatGpt से जान सकते हो। 

पैटर्न समझने के लिए जरूरी

 

बोर्ड एग्जाम की तैयारी में पुराने क्वेश्चन पेपर की प्रैक्टिस बेहद जरूरी माना जाता है। ChatGpt की मदद से छात्र पिछले सालों में पूछे गए महत्वपूर्ण प्रश्नों की लिस्ट तैयार कर सकते हैं। इससे उन्हें यह समझने में मदद मिलती है कि किस तरह के सवाल बार बार पूछे जाते हैं और किस टॉपिक से कितनी बार प्रश्न आ चुके हैं। इसके अलावा छात्र किसी भी चैप्टर से आने वाले संभावित प्रश्नों की भी लिस्ट बनवा सकते हैं। 

शॉर्ट नोट्स बनाने में मदद

पेपर से कुछ समय पहले या फिर एक दिन पहले पढ़ने के लिए हर छात्र शॉर्ट नोट्स बनाता है। रिवीजन के समय लंबी किताबें दोबारा पढ़ना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। ऐसे में शॉर्ट नोट्स बहुत काम आते हैं। पेपर से कुछ समय पहले या फिर एक दिन पहले पढ़ने के लिए हर छात्र शॉर्ट नोट्स बनाता है। ChatGpt की मदद से छात्र किसी भी टॉपिक के छोटे और सटीक नोट्स तैयार कर सकते हैं। यह नोट्स परीक्षा से पहले जल्दी रिवीजन करने में मदद करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: CUET UG में जरूरी है जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट, सिलेबस से तैयारी तक हर डिटेल्स जानें

मॉक टेस्ट बनाने में मददगार

बोर्ड एग्जाम की तैयारी में मॉक टेस्ट की भूमिका बेहद अहम होती है। ChatGpt की मदद से छात्र अपने सब्जेक्ट के अनुसार मॉक टेस्ट तैयार कर सकते हैं। छात्र यह भी तय कर सकते हैं कि उन्हें किस लेवल का पेपर चाहिए। अपने हिसाब से छात्र मॉक टेस्ट तैयार करवा सकते हैं और इनकी प्रैक्टिस कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र अपने उत्तरों को चेक भी करवा सकते हैं।  ChatGpt से यह समझा जा सकता है कि उत्तर में कहां कमी रह गई है और ज्यादा नंबर स्कोर करने के लिए इसे बेहतर तरीके से कैसे लिखा जा सकता है। 

इन बातों का रखें ध्यान

ChatGpt पढ़ाई में और एग्जाम की तैयारी में मदद कर सकता है लेकिन यह किताबों की जगह कभी नहीं ले सकता। छात्रों को परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहने की जरूरत होती है। ऐसे में ज्यादा समय  ChatGpt का इस्तेमाल करने से आपका स्क्रीनटाइम ज्यादा बढ़ जाएगा। यह आपकी सोचने समझने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। कई बार  ChatGpt गलत तथ्य भी दे देता है। ऐसे में आपको तथ्यों की समझ होना भी जरूरी है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि  ChatGpt आपके लिए एक उपयोगी टूल हो सकता है लेकिन पूरी तरह से  ChatGpt पर निर्भर रहना आपके लिए मुश्किलें ला सकता है।