बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल गरमाता जा रहा है। एनडीए में सीटों का बंटवारा हो चुका है। मगर महागठबंधन में अब तक सीट शेयरिंग नहीं हुई है। इस बीच महागठबंधन में शामिल पार्टियों ने बिना सीट बंटवारे के ही टिकट बांटना शुरू कर दिया है। बुधवार को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से पर्चा दाखिल कर दिया था। इसके बाद बुधवार देर रात कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों को सिंबल देना शुरू कर दिया। अब तक कांग्रेस ने लगभग दो दर्जन उम्मीदवारों को टिकट बांट दी है।
बुधवार को कांग्रेस ने X पर अपने उम्मीदवारों का एलान किया। कांग्रेस ने इससे पहले लिस्ट भी जारी नहीं की। कांग्रेस ने सीधे ही उम्मीदवारों को टिकट देना शुरू कर दिया।
बिहार कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम एक बार फिर कुटुंबा सीट से चुनाव लड़ेंगे। राजेश राम यहां से दो बार से विधायक हैं। बिहार कांग्रेस ने X पर उम्मीदवारों को सिंबल सौंपे जाने की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
यह भी पढ़ें-- EBC को मौका, मुस्लिम से परहेज, JDU की पहली लिस्ट में क्या है?
कांग्रेस ने किन-किन को दिया टिकट
बिहार कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर उम्मीदवारों का एलान किया है। इसके मुताबिक, वजीरगंज सीट से शशि शेखर सिंह को टिकट दिया गया है। नालंदा सीट से कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया को उम्मीदवार बनाया गया है।
बरबीघा सीट से कांग्रेस ने त्रिशूलधारी सिंह और राजापाकर सीट से प्रतिमा दास को टिकट दिया है। गोविंदगंज से शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय और मुजफ्फरपुर सीट से विजेंद्र चौधरी को टिकट मिला है।
इनके अलावा, गोपालगंज सीट से ओम प्रकाश गर्ग, अमरपुर सीट से जितेंद्र सिंह, बेगूसराय सीट से अमिता भूषण जबकि सुल्तानगंज से ललन कुमार कांग्रेस से चुनाव लड़ेंगे। रोसड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस ने बीके रवि को उम्मीदवार बनाया है।
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम कुटुंबा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, बिहार यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश गरीब को बछवाड़ा और आनंद शंकर सिंह को औरंगाबाद विधानसभा से उम्मीदवार बनाया गया है।
यह भी पढ़ेंः बिहार के 31 विधायकों की उम्र 70 के पार, फिर भी चुनाव लड़ने को हैं तैयार
तेजस्वी ने राघोपुर से भरा पर्चा
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को राघोपुर सीट से नामांकन दाखिल कर दिया। तेजस्वी लगातार तीसरी बार इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। तेजस्वी के खिलाफ बीजेपी से सतीश यादव चुनाव लड़ेंगे।
तेजस्वी यादव ने अपने हलफनामे में अपने पास 8.1 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की जानकारी दी है। उनकी पत्नी राजश्री उर्फ रेचल के पास भी 1.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
हलफनामे में उन्होंने बताया है कि उनके पास 6.12 करोड़ की चल और 1.88 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी राजश्री के पास 59.69 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। तेजस्वी के पास 1.5 लाख और उनकी पत्नी राजश्री के पास 1 लाख रुपये कैश है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बैंकों में उनके अकाउंट हैं और उनके ऊपर 55.55 लाख रुपये की उधारी है। तेजस्वी के पास 200 ग्राम और राजश्री के पास 480 ग्राम गोल्ड और 2 किलो चांदी है।
यह भी पढ़ेंः BJP ने निकाली दूसरी लिस्ट, मैथिली ठाकुर और पूर्व IPS आनंद मिश्रा को भी मिला टिकट
ऐसे कैसे लड़ेगा महागठबंधन?
बिहार में दो चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने में अब सिर्फ दो ही दिन बाकी है। दूसरे चरण की 122 सीटों के लिए भी 20 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल करना है लेकिन अब तक महागठबंधन में सीट बंटवारा नहीं हो पाया है।
सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस और आरजेडी के बीच कई दिनों से बातचीत चल रही है लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है। ऐसे में सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या इस बार बिना सीट बंटवारे के ही महागठबंधन चुनाव लड़ने जा रहा है?
सिर्फ कांग्रेस और आरजेडी ही नहीं, बल्कि महागठबंधन में शामिल वामपंथी पार्टियों ने भी उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। CPI(ML)L ने 18 उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरजेडी ने CPI(ML)L को 19 सीटें ऑफर की थीं। हालांकि, CPI(ML)L को अभी और 3-4 सीटें मिलने की उम्मीद है।
महागठबंधन में अब तक सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बनने की एक वजह कई और पार्टियों के इससे जुड़ने को माना जा रहा है। मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP), पशुपति पारस की LJP(R) और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) भी ज्यादा सीटें मांग रही हैं।