पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने कई दिग्गजों के घरों पर छापा मारा है। इनमें कोलकाता पुलिस के डिप्टी पुलिस कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास का घर भी शामिल है। शांतनु सिन्हा बिस्वास को ममता बनर्जी का करीबी माना जाता है। इसके अलावा बेहाला स्थित सन एंटरप्राइज के एमडी जॉय कामदार के आवास पर छापेमारी की है। ईडी की इस कार्रवाई के बाद अब पश्चिम बंगाल में राजनीतिक पारा चढ़ने वाला है।
ईडी की टीम रविवार सुबह करीब 7 बजे शांतनु सिन्हा बिस्वास के बालीगंज स्थित उनके घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक यह छापेमारी दक्षिण कोलकाता के बालीगंज इलाके में कथित सोना पप्पू सिंडिकेट केस से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास पहले कालीघाट पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी रह चुके हैं, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले बंगाल में जुड़े 7 लाख वोटर, किसको होगा फायदा?
कई जगहों पर रेड
इसके साथ ही ईडी ने कई अन्य ठिकानों पर भी रेड मारी है। ईडी ने दक्षिण कोलकाता के बेहाला इलाके में एक कारोबारी जॉय कामदार के आवास पर भी छापा मारा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कमदार रियल एस्टेट प्रमोशन के कारोबार से जुड़े हैं। उनके घर की पहले भी तलाशी ली जा चुकी है और उनका नाम सोना पप्पू के ठिकानों पर हुई कार्रवाई के दौरान सामने आया था। ईडी ने कुल तीन जगहों पर छापा मारा है इनमें शांतनु सिन्हा बिस्वास के दो ठिकाने हैं।
कुछ दिन पहले हुई छापेमारी
इससे पहले भी ईडी पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर चुकी है। कुछ दिन पहले ही ईडी ने पूर्व राज्य मंत्री पार्थ चटर्जी के शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में भी उनके आवास पर छापेमारी की थी। इसके अलावा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने हाल ही में टीएमसी के एक विधायक देबाशीष कुमार के आवास पर भी छापा मारा था।
यह भी पढ़ें: UP में स्मार्ट मीटर को बवाल जारी, लोग बोले बिजली काट रहे, बैकफुट पर योगी सरकार
चुनाव में ईडी मुद्दा
बता दें कि ईडी पश्चिम बंगाल चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बन चुकी है। चुनाव की घोषणा से पहले ही ईडी की रेड को लेकर ममता बनर्जी मुखर होकर सामने आ चुकी हैं। ममता बनर्जी और उनकी पार्टी इसे केंद्र सरकार की ओर से की जाने वाली कार्रवाई बता रही हैं। ऐसे में अब ईडी की इस कार्रवाई के बाद सीएम ममता के वार और ज्यादा तीखे हो सकते हैं और ईडी के दुरुपयोग का आरोप बीजेपी और केंद्र सरकार पर लग सकता है।
