महनार विधानसभा, वैशाली जिले की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में से एक है। विधानसभा की सीट संख्या 129 है। यहां की विधायक बीना सिंह हैं। वह राष्ट्रीय जनता दल की नेता हैं। साल 2008 में हुए परिसीमन में इस विधानसभा से महनार और बोरहां ब्लॉक को इस विधानसभा से जोड़ा गया। मोहनार विधानसभा, हाजीपुर लोकसभा सीट के ही अंतर्गत आता है। यहां से कई नजदीकी शहरों की दूरी कम है, जिसकी वजह से अन्य विधानसभाओं की तुलना में यहां के इलाके ज्यादा विकसित हैं।

यहां से हाजीपुर की दूरी 39 किलोमीटर है, वहीं समस्तीपुर और पटना की दूरी 60 किलोमीटर से भी कम है। यहां की सड़कें दुरुस्त हैं। महनार कस्बाई इलाका है लेकिन विधानसभा के ज्यादातर हिस्से ग्रामीण हैं। यहां स्थानीय स्तर पर बाजार लगता है। खुदरा बाजार के लिए यह इलाका चर्चित है। यह गंडक नदी के किनारे बसा है। यहां की लीची मशहूर है। 2020 में चिराग पासवान के NDA से अलग होने की वजह से यहां JDU को झटका लगा था, इस बार चिराग एनडीए का हिस्सा हैं। 

यह भी पढ़ें: राघोपुर विधानसभा: तेजस्वी यादव को टक्कर दे पाएगा NDA?

मुद्दे क्या हैं?

महनार गंगा नदी का मैदानी हिस्सा है। यहां खेती होती है। किसान धान-गेंहू के अलावा दाल और सब्जियों की भी खेती करते हैं। कुछ जगहों पर गन्ने की भी खेती होती है। रोजगार, उद्योगों की कमी, पलायन और अच्छे स्कूलों की कमी का मुद्दा लोग उठा रहे हैं। अस्पतालों की भी व्यवस्था बहुत अच्छी नहीं है। बड़ी आबादी रोजगार के लिए पड़ोसी शहरों में काम करती है। 

सामाजिक ताना-बाना 

महनर विधानसभा में कुल वोटरों की संख्या करीब 529501 है। पुरुष मतदाताओं की संख्या करीब 280011 है, वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 249490 है। 14 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। यहां करीब 21 प्रतिशत अल्पसंख्यक वोटर हैं। बीते 3 चुनाव में 55 फीसदी से भी कम वोटिंग हुई है। अनुसूचित जाति और यादव वोटर भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

विधायक का परिचय

बीना सिंह राष्ट्रीय जनता दल से जुड़ी हैं। वह पूर्व सांसद राम किशोर सिंह की पत्नी हैं। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में वह जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को हरा चुकी हैं। बीना सिंह ने अपनी कुल संपत्ति 4 करोड़ रुपये से ज्यादा घोषित की है। उन पर 29 लाख रुपये से ज्यादा कर्ज है। वह बिहार विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट हैं। 

2025 में क्या समीकरण बन रहे हैं?

NDA बिखरा था तो आरजेडी ने आसानी से बढ़त हासिल की। चिराग पासवान ने नीतीश कुमार के चहेते जेडीयू उम्मीदवार के खिलाफ प्रत्याशी उतार दिया था। अब एनडीए के सारे दल एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। जीत का अंतर सिर्फ 7947 था, 30 हजार से ज्यादा वोट चिराग पासवान के उम्मीदवार को पड़े थे। इस बार एनडीए के साथ आने से महागठबंधन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। महनार में पिछले चार चुनावों में चार अलग-अलग पार्टियां जीतीं। बीते दो दशकों में कोई पार्टी दोबारा नहीं चुनी गई।

 

यह भी पढ़ें: मधेपुरा: RJD लगा चुकी जीत की हैट-ट्रिक, JDU क्या ढहा पाएगी किला?

 2020 का चुनाव 

विधानसभा चुनाव 2020 में राष्ट्रीय जनता दल की बीना सिंह यहां से विजयी हुईं। उन्हें कुल 61721 वोट पड़े। जेडीयू ने इस सीट से उमेश सिंह कुशवाहा को टिकट दिया था। उन्हें 53774 वोट पड़े। जीत का अंतर 7,947 रहा। यहां से चिराग पासवान ने रवींद्र कुमार सिंह को उतार दिया था। 
 

विधानसभा का इतिहास

महनार समाजवादी दलों का गढ़ है। साल 1951 में यह विधानसभा अस्तित्व में आई। 1952 और 1957 में इस विधानसभा से कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की थी। साल 2010 में सिर्फ एक बार बीजेपी यहां से जीती है। 14 चुनावों में समाजवादी दल विजेता बने। संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, जनता पार्टी, जेडीयू और एलजेपी ने दो-दो बार जीत हासिल की है। प्रजा सोशलिस्ट पार्टी, सोशलिस्ट पार्टी, सोशलिस्ट पार्टी-लोहिया, लोक दल, जनता दल और आरजेडी ने एक-एक बार जीत दर्ज की। आरजेडी की महनार में पहली जीत 2020 में हुई। 

  • 1952 विधानसभा चुनाव: दीप नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1957 विधानसभा चुनाव: बनारसी देवी, कांग्रेस
  • 1962 विधानसभा चुनाव: मुनेश्वर प्रसाद सिंह, प्रजा सोशलिस्ट पार्टी
  • 1967 विधानसभा चुनाव: मुनेश्वर प्रसाद सिंह, संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी
  • 1969 विधानसभा चुनाव: मुनेश्वर प्रसाद सिंह, संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी
  • 1972 विधानसभा चुनाव: मुनेश्वर प्रसाद सिंह, सोशलिस्ट पार्टी
  • 1977 विधानसभा चुनाव: मुनेश्वर प्रसाद सिंह, जनता पार्टी
  • 1980 विधानसभा चुनाव: मुंशीलाल राय, जनता पार्टी
  • 1985 विधानसभा चुनाव: मुंशीलाल राय, लोक दल
  • 1990 विधानसभा चुनाव: मुनेश्वर प्रसाद सिंह, सोशलिस्ट पार्टी-लोहिया
  • 1995 विधानसभा चुनाव: मुंशीलाल राय, जनता दल
  • 2000 विधानसभा चुनाव: राम किशोर सिंह, जदयू
  • फरवरी 2005 विधानसभा चुनाव: राम किशोर सिंह, लोक जनशक्ति पार्टी
  • अक्टूबर 2005 विधानसभा चुनाव: राम किशोर सिंह, लोक जनशक्ति पार्टी
  • 2010 विधानसभा चुनाव: अच्युतानंद सिंह, बीजेपी
  • 2015 विधानसभा चुनाव: उमेश कुशवाहा, जेडीयू
  • 2020 विधानसभा चुनाव: बीना सिंह, आरजेडी