पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार, 9 मई की शाम एक ऐतिहासिक मोड़ लेकर आई। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य की दो सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम पर शानदार जीत दर्ज की। इसमें से उन्होंने भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हरा दिया। भवानीपुर में जीत का सर्टिफिकेट मिलने के बाद, सुवेंदु ने दावा किया कि उन्हें CPM सदस्यों से भी वोट मिले हैं।
चुनाव आयोग के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। सुवेंदु को कुल 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट प्राप्त हुए। वहीं, नंदीग्राम में उन्होंने 9,665 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। सुवेंदु को 127,301 वोट मिले, जबकि TMC उम्मीदवार पवित्र कर को 117,636 वोट प्राप्त हुए।
यह भी पढ़ें: 'अपने पाप को कभी धुल नहीं पाएगी', बंगाल जीत के बाद PM मोदी सपा पर क्यों बरसे?
सुवेंदु अधिकारी का बयान
BJP के सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'ये बहुत अहम लड़ाई थी। ममता बनर्जी को हराना जरूरी था। ये उनकी राजनीति से रिटायरमेंट जैसा है। इस बार भी वे 15 हजार से ज्यादा वोटों से हारी हैं। मुसलमानों ने खुलकर उन्हें वोट दिया। वार्ड नंबर 77 में जितने भी मुसलमान वोट देने निकले, सबने ममता को ही वोट दिया। वहीं हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध समाज ने मुझे आशीर्वाद दिया और जिताया। ये जीत हिंदुत्व की जीत है।'
सुवेंदु अधिकारी ने आगे कहा, 'CPM के पक्के समर्थकों ने भी मुझे वोट दिया। भवानिपुर में CPM के करीब 13 हजार वोट थे, जिनमें से कम से कम 10 हजार मेरे खाते में आए। इसके लिए मैं CPM के वोटरों का भी धन्यवाद करता हूं। बंगाली हिंदुओं ने खुलकर मुझे वोट दिया। उनके साथ-साथ गुजराती, जैन, मारवाड़ी, पूर्वांचली और सिख समाज ने भी खुलकर मेरा साथ दिया।'
यह भी पढ़ें: 'मेरी बेटी पूरे बंगाल में कमल खिलाएगी', जीत पर बोलीं RG केस की पीड़िता की मां
भवानीपुर सीट को लेकर चिंतित थे अमित शाह
सुवेंदु अधिकारी ने बयान के दौरान बताया कि अमित शाह भवानीपुर सीट को लेकर चिंतित थे। उन्होंने कहा, 'अमित शाह ने मुझे दो-तीन बार फोन किया। उन्हें भवानीपुर को लेकर थोड़ी चिंता भी थी। मैंने उन्हें थोड़ी देर पहले बताया है। मैं किसी और से बात नहीं कर पाया, फोन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं थी। अब उनसे बात करूंगा, वे इंतजार कर रहे हैं। मुझे नंदीग्राम का सर्टिफिकेट भी लेना है।'
