बंगाल चुनाव में बीजेपी को मिली प्रचंड जीत के बाद पीएम मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन पर महिलाओं की प्रगति रोकने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति विकसित भारत का महत्वपूर्ण स्तंभ है। नारी शक्ति अब विकसित भारत के निर्माण में तेजी से आगे बढ़ रही है।
कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके को बहन-बेटियों ने सजा दी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि नारी शक्ति की रफ्तार को कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने कुछ दिन पहले रोकने का काम किया। इन नारी विरोधी दलों ने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन को पास नहीं होने दिया। इसलिए मैंने कुछ दिन पहले कहा भी था कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करने वाले ऐसे दलों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा। आज कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके को बहने और बेटियों ने सजा दी है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि केरलम में लेफ्ट के 10 वर्षों के कुशासन का फायदा कांग्रेस को हुआ है, लेकिन मुझे विश्वास है कि केरलम की बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को जरूर सबक सिखाएंगी। समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण को रोका, उसे भी यूपी की महिलाओं का आक्रोश सहना पड़ेगा। महिला विरोधी समाजवादी पार्टी कुछ भी करके अपने पाप को कभी धूल नहीं पाएगी।
यह भी पढ़ें: महज 24 महीनों में सत्ता के करीब TVK, विजय ने दोहराया NTR का 43 साल पुराना इतिहास
'एक भी राज्य में कम्युनिस्ट सरकार नहीं'
पीएम मोदी का कहना है कि आज हम भारत की राजनीति में एक और बड़ा बदलाव देख रहे हैं। पूरे देश में एक भी राज्य ऐसा नहीं, जहां कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार हो। यह सिर्फ सियासत का बदलाव नहीं है। यह सोच का भी बदलाव है। यह बताता है कि विकसित होता भारत किस दिशा में आगे बढ़ना चाहता है। आज का भारत अवसर चाहता है। विकास चाहता है। विश्वास चाहता है। प्रगति और स्थिरता चाहता है। आज का भारत देश को आगे बढ़ाने वाली राजनीति चाहता है।
यह भी पढ़ें: 'गंगोत्री से गंगासागर तक BJP की सरकार', 3 राज्यों में जीत के बाद बोले PM मोदी
कांग्रेस अर्बन नक्सल का गिरोह: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि आज की कांग्रेस बिल्कुल विपरीत दिशा में चल पड़ी है। ऐसे समय में जब पूरे देश ने कम्युनिज्म से किनारा कर लिया है तब कांग्रेस उसी विचारधारा को अपनाने में लगी है। जिसे देश ने ठुकरा दिया है, जो माओवाद जगंलों में समाप्त हो रहा है, वह अब कांग्रेस में अपनी जड़ें मजबूत कर चुका है। इसलिए कांग्रेस 'अर्बन नक्सल' का गिरोह बनती जा रही है। कांग्रेस को एक बात नहीं भूलनी चाहिए कि जिस विचार को जनता ने ठुकराया, उसे जो अपनाएगा, जनता उसे भी ठुकराएगी।