अरिजीत सिंह ने हाल ही में एक ऐसी घोषणा की, जिसने पूरे देश को चौंका दिया है। अरिजीत ने आधिकारिक तौर पर 'प्लेबैक सिंगिंग' से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। इस खबर से उनके फैंस को नाखुश तो किया ही लेकिन अब इसके पीछे की जो वजह सामने आ रही है, वह और भी ज्यादा हैरान करने वाली है। खबरों की मानें तो अरिजीत सिंह अब गायकी को छोड़कर राजनीति का दामन थामने जा रहे हैं।
न्यूज चैनल NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अरिजीत सिंह अपनी एक पॉलिटिकल पार्टी बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। बंगाल फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया है कि अरिजीत पहले ग्रासरूट लेवल पर चुनाव लड़कर राजनीति की बारीकियां समझेंगे।
यह भी पढ़ें: जमकर पैसे छाप रही 'बॉर्डर 2', 70 पर्सेंट लागत एक हफ्ते में निकल आई
नई पार्टी लॉन्च करने के कयास
अरिजीत सिंह के करीबी सूत्र ने चैनल को बताया कि शुरुआती दौर में वह पहले जमीनी स्तर पर काम करेंगे और फिर चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद वह अपनी पार्टी को बड़े स्तर पर लॉन्च करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया है कि वह फिलहाल 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव का हिस्सा नहीं बनेंगे।
रिटायरमेंट की घोषणा
अरिजीत ने 27 जनवरी शाम को इंस्टाग्राम पर एक मैसेज लिखकर अपने रिटायरमेंट की पुष्टि की। उन्होंने अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि वह अब बतौर प्लेबैक सिंगर कोई नया काम नहीं लेंगे और अपनी इस शानदार करियर को यहीं रोकने का फैसला ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें: रानी मुखर्जी की फिल्म 'मर्दानी 3' भी हिट होगी? ये 5 फैक्टर जो कर रहे इशारा
अरिजीत सिंह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले (जियागंज) के रहने वाले हैं। उन्होंने अब तक राजनीति में एंट्री को लेकर कोई सीधा बयान नहीं दिया है । यहां तक की अभी तक एनडीटीवी की खबर पर किसी भी तरह का रिएक्शन नहीं आया है। अरिजीत ने भले ही अपनी राजनीतिक पारी पर अब तक कोई सीधा बयान नहीं दिया है लेकिन अगर इसमें किसी भी तरह की सच्चाई है तो इस फैसले ने बंगाल की गलियों से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज कर दी है।
अरिजीत सिंह ने 'तुम ही हो', 'चन्ना मेरेया', 'केसरिया' और 'अगर तुम साथ हो' जैसे कई गाने गाए हैं। हाल ही में फिल्म 'बॉर्डर 2' का गाना 'घर कब आओगे' रिलीज हुआ है। साथ ही विशाल भारद्वाज की आने वाली फिल्म 'ओ रोमियो' में भी उनकी आवाज सुनाई देगी।
