अमेरिका में अब पढ़ाई करना मुश्किल होता जा रहा है। अमेरिकी सरकार बड़ी संख्या में F-1 वीजा को खारिज कर रही है। अमेरिका ने अक्टूबर 2023 से सितंबर 2024 के बीच 41% F-1 वीजा के आवेदन को खारिज कर दिया।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 2023-24 (अक्टूबर से सितंबर) के बीच 6.79 लाख छात्रों ने स्टूडेंट वीजा के लिए आवेदन दिया था, जिनमें से 2.79 लाख (41%) को खारिज कर दिया गया। इससे पहले 2022-23 में 6.99 लाख आवेदनों में से 2.53 लाख (36%) खारिज किए गए थे।
पिछले साल 9 दिसंबर को अखबार ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि 2024 के पहले 9 महीनों में 2023 की तुलना में भारतीयों को 38% कम वीजा जारी किए गए हैं। आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि एक दशक में यह पहली बार है जब अमेरिकी सरकार ने F-1 वीजा के आवेदनों को खारिज किया है।
यह भी पढ़ें-- अब फर्जी शादी पर ट्रंप सरकार का लगाम, पकड़े गए तो क्या होगा?
कितने स्टूडेंट वीजा खारिज?
पिछले 10 साल में सबसे ज्यादा 8.56 लाख आवेदन 2014-15 में हुए थे। उस समय अमेरिका ने 2.12 लाख यानी 25 फीसदी वीजा आवेदन खारिज कर दिए थे।
कोविड के बाद 2022-23 में आवेदनों की संख्या फिर बढ़ी लेकिन 2023-24 में इसमें 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। 2022-23 में 6.99 लाख और 2023-24 में 6.79 लाख आवेदन आए थे। 2023-24 में कुल 4.01 लाख वीजा जारी किए गए। जबकि इससे पहले 2022-23 में 4.45 लाख वीजा जारी हुए थे।
F-1 वीजा अमेरिका के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को जारी किए जाते हैं। जबकि, M-1 वीजा वोकेशन और नॉन-एकेडमिक प्रोग्राम के लिए जारी होते हैं।
यह भी पढ़ें-- पढ़ाई कराने में 'फेल' रहे तो ट्रम्प ने बंद किया एजुकेशन डिपार्टमेंट
कितने भारतीयों को मिला वीजा?
अमेरिका में भारतीय छात्रों की तादाद अच्छी-खासी है। अमेरिका में पढ़ने वाले विदेशी छात्रों में सबसे ज्यादा भारतीय ही हैं। ओपन डोर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2023-24 में अमेरिका में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 3.31 लाख है।
हालांकि, अमेरिकी सरकार ने इस बात के आंकड़े नहीं दिए हैं कि उसने कितने भारतीय छात्रों के वीजा आवेदन को खारिज किया है। इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि 2024 में जनवरी से सितंबर के बीच अमेरिका ने 63,973 भारतीय छात्रों को वीजा जारी किए गए थे। इससे पहले 2023 में इन्हीं 9 महीनों में 1.03 लाख छात्रों को वीजा मिला था। 2022 में 93,181 और 2021 में 65,235 छात्रों को वीजा मिला था।