चीन के उत्तरी प्रांत शानशी में एक कोयला खदान में भीषण गैस धमाका हुआ है। गैस विस्फोट होने से कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई। ग्लोबल टइ्म्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि शुक्रवार शाम 7:29 बजे शानशी टोंगझोउ ग्रुप की ओर से संचालित लिउशेन्यु कोयला खदान में यह गैस विस्फोट हुआ। हादसे के वक्त खदान के अंदर कुल 247 कामगार मौजूद थे।

हादसे के बाद प्रांतीय, शहर और काउंटी स्तर की पार्टी समितियों और सरकारों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। बचाव अधिकारी मौके पर हैं। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी हिरासत में लिए गए हैं। हादसे के बाद रेस्क्यू के लिए 870 मेडिकल स्टाफ, रेस्क्यू टीम और पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया है।  

यह भी पढ़ें: भारत-नेपाल बॉर्डर पर पकड़ा गया चीनी नागरिक, संदिग्ध खिलौने ने मचाई खलबली

शी जिनपिंग ने क्या आदेश दिया है?

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को घायलों के इलाज और बाकी बचे मजदूरों को बचाने के लिए पूरी कोशिश करने का आदेश दिया। उन्होंने हादसे की वजह की गहन जांच कराने और दोषियों को सख्ती से कानून के अनुसार सजा देने की बात कही। 

सरकार, अधिकारी सब मौके पर 

प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी इस मामले में सही और समय पर जानकारी देने तथा जिम्मेदार लोगों को सख्त जवाबदेही तय करने की बात कही। उप-प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग खुद घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: भारत ने चीनी के निर्यात पर क्यों लगाई रोक? अमेरिका और यूरोप के लिए छूट

कई खादान अधिकारी हिरासत में 

स्थानीय प्रशासन के अनुसार बचाव कार्य अभी भी जारी है और विस्फोट की वजह की जांच चल रही है। खदान चलाने वाली कंपनी के कुछ अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया है।

चीन में खादान नियमों को लेकर उठे हैं सवाल

 चीन में पिछले कुछ सालों में सुरक्षा नियमों को सख्त कर कोयला खदानों में मौत के मामलों को काफी कम किया गया था, लेकिन लियूशेनयू खदान का यह हादसा पिछले दस साल में देश के सबसे घातक खदान हादसों में से एक है।

अब आगे क्या? 

शी जिनपिंग ने पूरे देश के अधिकारियों को चेतावनी दी कि इस हादसे से सबक लें, काम के जगहों पर सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें और छोटी-छोटी खामियों को भी तुरंत दूर करें ताकि बड़े हादसे न हों। उन्होंने बाढ़ के मौसम को देखते हुए आपातकालीन तैयारियों को भी मजबूत करने के निर्देश दिए।