चीन ने रविवार को कहा कि वह ताइवान के साथ निलंबित संबंधों को कुछ हद तक फिर से शुरू करेगा। इनमें समूचे चीन के शहरों के लिए सीधी उड़ानें और ताइवानी मत्स्य उत्पादों का आयात भी शामिल है। हाल में ताइवान की विपक्षी पार्टी की नेता ने चीन की यात्रा की थी।
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अधीन ‘ताइवान वर्क ऑफिस’ ने एक बयान जारी कर कहा कि वह कम्युनिस्ट पार्टी और ताइवान की कुओमिंतांग पार्टी के बीच एक दीर्घकालिक संचार तंत्र स्थापित करने की संभावना तलाशेगा। ताइवान के जलीय कृषि उत्पादों के आयात को सुविधाजनक बनाएगा जिन पर हाल के वर्षों में प्रतिबंध लगा दिया गया था।
यह भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट में दाखिल हुए अमेरिकी जहाज? ईरान ने दे दिया बेबाक जवाब
ताइवान को अपना मानता है चीन
कुओमिंतांग पार्टी की प्रमुख चेंग ली-वुन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की जिसमें दोनों ने शांति की अपील की, लेकिन कोई विशिष्ट प्रस्ताव नहीं दिया। ताइवान स्वशासित देश है लेकिन चीन इस द्वीप को अपना हिस्सा मानता है।
संबंध 2016 से तनावपूर्ण
चीन और ताइवान के बीच संबंध 2016 से तनावपूर्ण हैं, जब ताइवान की जनता ने डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी की त्साई इंग-वेन को राष्ट्रपति चुना था। तब से बीजिंग ने राजधानी ताइपे में ताइवान सरकार के साथ अपने अधिकतर आधिकारिक संपर्क बंद कर दिया और रोजना द्वीप की ओर सैन्य विमान तथा जहाज भेजना शुरू कर दिया। बयान में उल्लिखित कदमों की सूची में उन विषयों को शामिल किया गया है जिन्हें चीन ने हाल के वर्षों में तनाव बढ़ने के कारण निलंबित कर दिया था।
यह भी पढ़ें: ईरान के लिए मरने-मारने पर क्यों तुले रहते हैं हिजबुल्लाह के लड़ाके?
ताइवान की व्यक्तिगत यात्रा करने पर बैन
इसमें कहा गया कि चीन मुख्य भूमि के शीआन या उरुमकी जैसे शहरों से ताइवान तक सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने की योजना बना रहा है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इन उपायों को कैसे लागू किया जाएगा। चीन ने 2019 में चीनी नागरिकों के ताइवान की व्यक्तिगत यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। ताइवान के नियमों के अनुसार, अब चीनी लोगों को आगंतुक वीजा के लिए आवेदन करने के वास्ते उनके पास अमेरिका या यूरोपीय संघ जैसे किसी अन्य देश का रेजिडेंट वीजा होना आवश्यक है।
बीजिंग ने यह भी कहा कि वह ताइवान के मात्सु और किनमेन द्वीपों को जोड़ने वाले पुल के निर्माण की दिशा में काम करेगा, जो भौगोलिक रूप से चीन के करीब हैं। चीन ने 2021 में ताइवान से अनानास के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद प्रतिबंध को बढ़ाते हुए इसमें ग्रुपर फिश, स्क्विड, टूना प्रजाति की मछलियों और फलों जैसे विभिन्न उत्पादों को शामिल किया गया।
