ईरान के मारे गए सुप्रीम लीडर अली खामेनेई (86 वर्ष) की मौत 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमले में हुई थी। इस हमले के बाद ईरान में बड़ा संघर्ष शुरू हो गया। अब एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद उनकी लाश को दफनाने की जगह और तारीख तय नहीं हो पाई है।

 

ईरान सरकार ने शुरू में 4 मार्च से तीन दिन का राज्य स्तरीय अंतिम संस्कार करने की योजना बनाई थी लेकिन अमेरिका और इजरायल के लगातार बमबारी और हमलों के कारण यह योजना रद्द कर दी गई। बाद में अधिकारियों ने कहा कि इतनी बड़ी भीड़ आने की उम्मीद है, इसलिए तैयारी में देरी हो रही है लेकिन अब तक कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है।

 

यह भी पढ़ें: टैंकरों पर फायरिंग, राजदूत तलब; भारत और ईरान के बीच अब तक क्या-क्या हुआ?

उमड़ पड़े थे लाखों लोग

1989 में खामेनेई के पहले वाले लीडर रुहोल्लाह खोमैनी की अंतिम यात्रा में लाखों लोग तेहरान की सड़कों पर उमड़ पड़े थे लेकिन खामेनेई की मौत के बाद ऐसी कोई बड़ी भीड़ नहीं देखी गई। खासकर इसलिए क्योंकि पिछले कई हफ्तों में हवाई हमलों में ईरान के कई बड़े नेता मारे गए हैं।

 

फाउंडेशन फॉर डिफेंस ऑफ डेमोक्रेसीज के विशेषज्ञ बेहनाम तालेब्लू ने कहा, 'साफ शब्दों में कहें तो ईरान की सरकार अभी इतनी डरी हुई और कमजोर है कि वह बड़ा जोखिम नहीं लेना चाहती।'

अधिकारियों को कई चिंताएं

उन्होंने आगे कहा कि 1989 में संस्थापक लीडर की अंतिम यात्रा भारी भीड़ वाली थी लेकिन एक पीढ़ी बाद उनके उत्तराधिकारी की अंतिम यात्रा भी एक महीने बाद तक नहीं हो पाई। तालेब्लू ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया, 'इस्लामिक रिपब्लिक सड़कों पर अपना पूरा जोर दिखाने की बात करती है लेकिन 50 दिन तक इंटरनेट बंद रखना यह बताता है कि सरकार सच्चाई बाहर आने से डरती है।'

 

अभी ईरान के अधिकारियों को कई चिंताएं सता रही हैं जैसे कि इजरायल के हवाई हमले का खतरा, राष्ट्रवादी विरोध प्रदर्शन की आशंका इत्यादि। खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई अब नए सुप्रीम लीडर बने हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'किसी भी पल शुरू हो सकता है युद्ध', ईरान की धमकी के बाद इजरायल में हाई अलर्ट

मशहद शहर पर हो रहा विचार

राज्य मीडिया के अनुसार, खामेनेई को दफनाने के लिए मशहद शहर को चुना जा सकता है। मशहद खामेनेई का पैतृक शहर है। यह तुर्कमेनिस्तान की सीमा के पास है और इजरायल से काफी दूर है। यहां इमाम रजा का मकबरा है, जो शिया मुसलमानों का बहुत पवित्र स्थल है। सुरक्षा भी पहले से मजबूत है।

 

इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल को अस्थायी शांति समझौता हुआ था, जो इस बुधवार को खत्म होने वाला है।