यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने गुरुवार को उम्मीद जताई है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की दखल के बाद एक बार फिर से उनके देश में शांति बहाली हो सकती है। वोलोदिमीर जेलेंस्की का मानना है कि शांति वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है। 


रूस ने 20 फरवरी 2022 को यूक्रेन पर हमला किया था, तब से लेकर अब तक लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं, हर दिन यूक्रेन में भीषण तबाही मच रही है, सैनिकों की मौतें हो रही हैं लेकिन जंग थमी नहीं है। 


क्या बदले-बदले से हैं पुतिन के अंदाज?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का साफ संदेश है कि वह शांति वार्ता भी केवल अपनी शर्तों पर करेंगे। व्लादिमीर पुतिन और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच बुधवार को शांति वार्ता पर लंबी 90 मिनट की वार्ता भी हुई। दिलचस्प बात यह है कि अपना दबदबा साबित करने के लिए हमेशा की तरह व्लादिमीर पुतिन, बैठक में एक घंटे देरी से पहुंचे। 

यह भी पढ़ें: ट्रंप पहले नहीं, दिग्गजों को इंतजार कराने के लिए बदनाम रहे हैं पुतिन

पहले पुतिन, फिर जेलेंस्की, ट्रम्प की बैठक से मिला क्या?

वोलोदिमीर जेलेंस्की ने डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुई बातचीत पर कहा, 'हमारा मानना है कि अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ इस साल स्थाई शांति हासिल की जा सकती है। हमारी बातचीत सकारात्मक और बहुत गहरी रही।'

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की। (Photo Credit: Volodymyr zelensky/X)

क्या अब यूक्रेन में आएगी शांति, ट्रम्प से उम्मीद क्यों?

जब तक रूस, यूक्रेन पर हमले नहीं रोकता है, यूक्रेन में शांति थोड़ी मुश्किल है। वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ट्रम्प से बातचीत के बाद कहा, 'अगर रूस सीज फायर की शर्तें तोड़ता है तो यूक्रेन जवाबी कार्रवाई करेगा। जब तक हम शांति वार्ता के लिए सहमत नहीं हो जाते हैं, तब तक सब कुछ चलता रहेगा।' डोनाल्ड ट्रम्प, रूस और यूक्रेन दोनों से लगातार वार्ता कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके हस्तक्षेप के बाद दोनों देश 30 दिनों के लिए पहले युद्ध विराम के लिए तैयार हो सकते हैं। अब सब कुछ निर्भर पुतिन के रुख पर करेगा।

यह भी पढ़ें: सीजफायर पर ट्रंप के साथ मोदी को क्यों 'थैंक्यू' कह रहे जेलिंस्की?

बुरी बातचीत का हल क्या निकलेगा?
वोलोदीमीर जेलेंस्की फरवरी के अंतिम दिनों में अमेरिका दौरे पर थे। जेडी वेंस और डोनाल्ड ट्रम्प के साथ व्हाइट हाउस में हुई मुलाकात बेहद तनावपूर्ण रही थी। ट्रम्प ने जेलेंस्की पर तानाशाही का आरोप लगाया था। अमेरिका ने सैन्य मदद, खुफिया इनपुट अस्थाई तौर पर रोक दिया था। 11 मार्च को दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई, यूक्रेन ने सीज फायर के लिए हां किया। 

3 साल से जारी है रूस और यूक्रेन के बीच जंग। (Photo Credit: Social Media)

क्या हमले रोकेंगे पुतिन?
मंगलवार को व्लादिमीर पुतिन और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच फोन पर बातचीत हुई। पुतिन ने कहा है कि वह एनर्जी प्लांट्स को निशाना नहीं बनाएंगे। उन्होंने शर्त रखी कि कीव की सैन्य मदद यूरोप नहीं करेगा। इसी शर्त पर बात अटकी है।  

व्लादिमीर पुतिन की सेना यूक्रेन पर हमला बोल रही है। यूक्रेन भी जवाब दे रहा है। संघर्ष विराम होता नजर नहीं आ रही है। दक्षिण रूस के क्रास्नोडार में यूक्रेन ने हाल ही हमला किया, जिसके बाद रूस ने भी कार्रवाई की। दोनों देशों की ओर से युद्धबंदियों को रिहा किया जा रहा है। दोनों पक्षों ने 175 युद्धबंदियों को रिहा किया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि यूरोप में शांति बहाली हो सकती है।