स्विट्जरलैंड के एक बार मं नए साल के जश्न में आग लगने से 40 लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह आग एक मशहूर स्की रिसॉर्ट क्रांस-मोंटाना के ले कॉन्स्टेलेशन नाम के बार में लगी। नए साल पर यहां जश्न मनाया जा रहा था, तभी यहां पहले धमाका हुआ और फिर आग लग गई।
इस आग में मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी हैं। स्विट्जरलैंड में इटली के राजदूत जियान लोरेंजो कोर्नाडो ने बताया कि घायलों में से 13 इटैलियन थे और 6 अब भी लापता हैं।
जिस क्रांस-मोंटाना रिसॉर्ट के बार में यह धमाका हुआ, वह स्विस आल्प्स में बना है और स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न से लगभग दो घंटे की दूरी पर है। वैलेइस इलाके की बर्फीली चोटियों और पाइन के जंगलों के बीच लगभग 9,850 फीट की ऊंचाई पर स्की रन होने के कारण क्रांस-मोंटाना वर्ल्ड कप सर्किट के टॉप जगहों में से एक है।
यह भी पढ़ें-- राहत भी, आफत भी... क्या-क्या लेकर आया है 2026? सब समझ लीजिए
कैसे लगी आग?
पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगा रही है। हालांकि, चश्मदीदों का कहना है कि शैंपेन की बोतल पर स्पार्कलर्स थे, जिनके कारण आग लग गई।
पेरिस के रहने वाले 16 साल के एक्सल क्लेवियर ने न्यूज एजेंसी AP को बताया कि इस आग में उनके एक दोस्त की मौत हो गई और 2-3 लापता हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने आग लगते हुए नहीं देखा लेकिन उन्होंने वेट्रेस को शैंपेन की बोतलों के साथ स्पार्कलर्स लाते हुए देखा।

उन्होंने कहा कि उन्हें घुटन महसूस हो रही थी और शुरू में वह एक मेज के पीछे छिप गए, फिर ऊपर भागकर खिड़की को तोड़ने के लिए एक मेज का इस्तेमाल करने की कोशिश की। खिड़की से ही वह बच निकले। उन्होंने कहा कि भागते समय उनका जैकेट, जूते, फोन और बैंक कार्ड खो गया। उन्होंने कहा, 'लेकिन मैं अभी भी जिंदा हूं और ये सब तो बस सामान है। मैं अभी भी सदमे में हूं।'
यह भी पढ़ें-- खड़े-खड़े ही खुद पर पेशाब कर ले रहे लोग, न्यूयॉर्क में नए साल का ये कैसा जश्न?
पायरोटेक्निक डिवाइस बनी वजह!
चश्मदीदों ने बताया कि बार में आग की वजह आतिशबाजी है, जिसे तकनीकी भाषा में 'पायरोटेक्निक डिवाइस' कहा जाता है। यह असल में ऐसी छोटी-छोटी डिवाइस होती हैं, जिनका इस्तेमाल पार्टियों में आतिशबाजी के लिए किया जाता है। इसे आप ऐसे समझ लीजिए कि केक के ऊपर जो आतिशबाजी वाली मोमबत्ती लगती है, वह पायरोटेक्निक डिवाइस ही होती है।
दो महिलाओं ने फ्रेंच ब्रॉडकास्टर BEMTV को बताया कि अंदर उन्होंने देखा कि एक पुरुष बारटेंडर एक महिला बारटेंडर को अपने कंधों पर उठा रहा था, जिसके हाथ में शैंपेन की बोतल थी और उस पर जलती हुई मोमबत्ती थी। इससे आग फैल गई। लकड़ी की छत होने की वजह से आग भड़क गई। उन्होंने बताते कि लोग बेसमेंट नाइटक्लब से एक संकरी सीढ़ी और एक छोटे से दरवाजे से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, जिससे हालात बिगड़ गए।
एक और चश्मदीद ने बताया कि आग से बचकर भागने के लिए लोग खिड़कियां तोड़ रहे थे। उसने बताया कि उसने लगभग 20 लोगों को आग और धुएं से बाहर निकलने की कोशिश करते देखा और यह सब एक हॉरर फिल्म की तरह था।
यह भी पढ़ें-- कश्मीर से कन्याकुमारी तक, इंडिया ने कैसे किया नए साल का स्वागत?
कितनी भयानक थी आग?
स्विट्जरलैंड में आग लगने की घटनाएं बहुत कम सामने आती हैं। नए साल के जश्न में भी आग इसलिए भड़की क्योंकि शैंपेन की बोतल पर जलती हुई मोमबत्तियां थीं। लकड़ी की छत होने के कारण आग भड़क गई। बेसमेंट में क्लब होने की वजह से अफरा-तफरी मच गई।
इससे पहले स्विट्जरलैंड में 25 साल पहले नए साल पर वोलेंडम शहर में एक भीषण आग लगी थी। तब कैफे में जश्न मनाया जा रहा था और आग भड़क गई थी। उस दुर्घटना में 14 लोग मारे गए थे और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
क्रांस-मोंटाना में आग लगने के बाद 5 दिन का शोक घोषित किया गया है। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पारमेलिन ने कहा, 'स्विट्जरलैंड एक मजबूत देश इसलिए नहीं है, क्योंकि यह मुश्किलों से बचा हुआ है, बल्कि इसलिए है क्योंकि यह साहस और आपसी मदद की भावना के साथ उन मुश्किलों का सामना करना जानता है।'
