कराची, लाहौर और राजधानी इस्लामाबाद के बाद पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के स्कर्दू में हिंसक विरोध प्रदर्शन की खबर है। ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद गुस्साई भीड़ ने संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की। स्कार्दू में जगह-जगह आगजनी और धुएं का गुबार दिख रहा है। भारी हिंसा के बाद पाकिस्तान ने यहां कर्फ्यू लगा दिया है।

 

पुलिस का कहना है कि पहले विरोध प्रदर्शन शांति पूर्ण तरीके से शुरू हुए। मगर बाद में हिंसक रूप धारण कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने यूएन के क्षेत्रीय कार्यालय के अलावा सेना के स्कूल विद्यालय, एसपी ऑफिस, सॉफ्टवेयर प्रौद्योगिकी पार्क और आगा खान ग्रामीण सहायता कार्यक्रम की इमारत पर हमला किया। बिगड़ते हालात के बीच पाकिस्तान की सेना को अनुच्छेद 245 के तहत स्कार्दू में तैनात कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हालात अब भी तनाव पूर्ण हैं। लोगों से घरों पर ही रहने की अपील की जा रही है। 

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: जब अली खामेनेई ने की थी नेहरू की तारीफ, 13 साल पुराना बयान अब चर्चा में

 

खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में भी इजरायल और अमेरिका के खिलाफ रैली निकाली गई है। कराची में हिंसक भीड़ ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को आग के हवाले कर दिया। एमटी खान रोड पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। बड़ी संख्या में अन्य लोग घायल हैं। राजधानी इस्लामाबाद की सुरक्षा बेहद चाक चौबंद कर दी गई है। हर वाहन की गहन जांच की जा रही है। लोगों से रेड जोन में जाने की अपील की जा रही है। पूरे राजधानी क्षेत्र में धारा 144 लागू की गई है। 

 

इस्लामाबाद और लाहौर में भी विरोध प्रदर्शन की खबरें आई हैं। संघीय राजधानी में, तहरीक-ए-जाफरिया पाकिस्तान ने विरोध प्रदर्शन और अमेरिकी दूतावास की घेराबंदी की योजना की घोषणा की। अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए रेड ज़ोन को सील कर दिया और उससे जुड़े सभी रास्तों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए। बख्तरबंद वाहनों और भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: UAE से ओमान तक, खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने कहां-कहां किया हमला?

 

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक लाहौर प्रेस क्लब के बाहर इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की गई। यहां भी कुछ लोगों ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को घेरने की कोशिश की। बैरिकेड हटाने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। इस बीच तहरीक-ए-जाफरिया पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में विरोध प्रदर्शन और अमेरिकी दूतावास को घेरने का ऐलान किया है।