तख्तापलट की साजिश में 27 साल कैद की सजा पाने वाले ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने बड़ा ऐलान किया है। अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने अपने बेटे फ्लेवियो बोल्सोनारो को उतारने की बात की। हर्निया के ऑपरेशन के चलते बोल्सोनारो को जेल से बाहर लाया गया है। उन्होंने राजधानी ब्रासीलिया के एक अस्पताल में अपने समर्थकों के बीच बेटे के राष्ट्रपति पद के चुनाव में उतरने की घोषणा की। बता दें कि साल 2018 में जायर बोल्सोनारो पर एक चुनावी रैली में चाकू से हमला किया गया था। तब से उन्हें कई बार सर्जरी करवानी पड़ी है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्लेवियो बोल्सोनारो ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के सबसे बड़े बेटे हैं। वह 2003 से 2019 तक रियो डी जनेरियो के स्टेट डिप्टी रहे। इसके बाद 2019 से सीनेट का हिस्सा रहे। वह रियो डी जनेरियो से राज्य सांसद भी रह चुके हैं। बताया जाता है कि फ्लेवियो और उनकी सौतेली मां मिशेल बोल्सोनारो के बीच अनबन रहती है। उनके छोटे भाई कार्लोस और जायर रेनन सिटी काउंसलर हैं। उनके पिता जायर बोल्सोनारो को ब्राजील व उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों का ट्रंप भी कहा जाता है।

 

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: अचानक BJP नेता दुष्यंत कुमार गौतम क्यों चर्चा में आ गए?

 

  • 44 वर्षीय फ्लेवियो बोल्सोनारो ने रियो डी जनेरियो के यूनिवर्सिटी रिसर्च इंस्टीट्यूट से पब्लिक पॉलिसी में पढ़ाई की है। उन्होंने पिछली सरकार में अपने पिता के आर्थिक उदारीकरण के कदमों की भरपूर समर्थन किया था। ब्राजील के अखबार ओ ग्लोबो की रिपोर्ट के मुताबिक फ्लेवियो पर गबन, मनी लॉन्ड्रिंग और एक आपराधिक संगठन की अगुवाई करने का आरोप है। कहा जाता है कि ब्राजील में कर्मचारी अपनी सैलरी का कुछ पैसा रिश्वत के तौर पर उन्हें देते थे।

 

  • अगले साल यानी अक्टूबर 2026 तक ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव होने की संभावना है। अभी तक माना जा रहा था कि जेल जाने के बाद जायर बोल्सोनारो की पत्नी मिशेल बोल्सोनारो अगला चुनाव लड़ सकती हैं। इसके अलावा साओ पाउलो के गवर्नर टार्सिसियो गोम्स डी फ्रीटास का नाम भी उछला। मगर पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो ने बेटे के नाम का ऐलान करके सभी कयासबाजी पर विराम लगा दिया।

 

  • अब अगले साल फ्लेवियो बोल्सोनारो का सामना 80 वर्षीय मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से होगा। 2022 के चुनाव में लूला दा सिल्वा ने कीरीबी अंतर से जायर बोल्सोनारो को शिकस्त दी थी। अगर लूला चुनाव जीतने में कामयाब रहे तो यह उनका चौथा कार्यकाल होगा।

 

यह भी पढ़ें: जापान की रबड़ फैक्ट्री में सिरफिरे ने 14 लोगों को चाकू से गोदा, मचा हड़कंप

2022 के चुनाव में क्या हुआ था?

2022 के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में लूला और बोल्सोनारो को बहुमत नहीं मिला। मगर दूसरे चरण में लूला ने 50.9 प्रतिशत मतों के साथ मामूली अंतर से चुनाव जीत लिया। उस वक्त जायर बोल्सोनारो राष्ट्रपति थे। उन्होंने हार मानने से मना कर दिया और कानूनी याचिका के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़ा किया। बाद में यह याचिका खारिज होने पर उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और संघीय पुलिस मुख्यालय पर अटैक किया। कई अन्य सरकारी इमारतों को निशाना बनाया। यहां तक कि सेना को भी उकसावे की कार्रवाई करने की कोशिश की गई। इसी मामले में बोल्सोनारो को 27 साल की सजा हुई है।