देश की राजधानी दिल्ली में आपको कई राज्यों के भवन देखने को मिलेंगे। ये भवन उन लोगों के लिए छिपे हुए खजाने की तरह हैं, जो महंगे रेस्टोरेंट के बजाय असली और स्थानीय स्वाद की तलाश में रहते हैं। इन भवनों की खासियत है कि इनमें उन राज्यों की स्थानीय डिश असली स्वाद के साथ परोसी जाती हैं। अक्सर इन भवनों की कैंटीन में खाना खाने वालों की लाइन लगी रहती है। उन राज्यों के लोग तो खाना खाने जाते ही हैं, दूसरे राज्यों के लोग भी अलग-अलग राज्यों के खाने का स्वाद लेने के लिए इन भवनों में जाते रहते हैं।
दिल्ली शहर वैसे ही खाने-पीने वाली चीजों के लिए जाना जाता है। स्ट्रीट फूड से लेकर महंगे रेस्टोरेंट में मिलने वाली डिशेज तक को लोग ट्राई करते रहते है। दिल्ली में मौजूद ये स्टेट भवन सिर्फ सरकारी गेस्ट हाउस नहीं, बल्कि अपने-अपने राज्यों के खान–पान की एक सुंदर नुमाइश करते हैं।
यह भी पढ़ें: कहां है उत्तराखंड का 'छोटा कश्मीर', बर्फबारी देखनी है तो कैसे पहुंचे?
दिल्ली के 10 स्टेट भवन और उनका जायका
1. सिक्किम हाउस
सिक्किम हाउस की छोटी सी कैंटीन आपको निराश नहीं करेगी। वहां के मोमोज और थुकपा का स्वाद आपको नेपाल की थाली की याद दिला देगी।
2. महाराष्ट्र सदन
मराठी खान-पान की बात की जाए तो ऑथेंटिक झलक देने वाला यह भवन सादगी और संतुलित स्वाद के लिए जाना जाता है। पारंपरिक थाली यहां की खासियत है। यहां आप कोल्हापुरी मटन से लेकर पुरन पोली जैसे महाराष्ट्रियन डिशेज का आनंद ले सकते हैं।
3. आंध्र प्रदेश भवन
तेज मसालों और तीखे स्वाद के लिए मशहूर आंध्र प्रदेश के भवन की कैंटीन में आंध्र की लंच थाली असली खाने का अनुभव कराती है। यहां की साउथ इंडियन थाली और हैदराबादी बिरयानी खाने के लिए लंबी लाइनें लगती हैं। सिर्फ 220 रुपये में आप भरपेट वेज खाना खा सकते हैं और खाना भी अनलिमिटेड मिलता है।
4. केरल हाउस
नारियल, करी पत्ता और समुद्री स्वादों से भरपूर केरल का पारंपरिक खाना यहां मिलता है। अप्पम और केरल करी यहां की सबसे ज्यादा चर्चित डिश है। यहां का खाना सादा, पौष्टिक और बेहद किफायती होता है।

यह भी पढ़ें: बर्फबारी का मजा लेना चाहते हैं तो घूमने जाएं ये जगहें, पैसे भी होंगे कम खर्च
5. तमिलनाडु हाउस
यहा के शुद्ध शाकाहारी साउथ इंडियन फूड के लिए तमिलनाडु हाउस जाना जाता है। इडली, डोसा, सांभर और फ़िल्टर कॉफी यहां बेहद लोकप्रिय है। यहा के डोसे भी बहुत क्रिस्पी होते हैं।
6. गुजरात भवन
यहां की सबसे बड़ी खासियत यहां की अनलिमिटेड थाली है। जिसमें आपको एक ही बार में गुजरात के कई व्यंजनों का स्वाद मिल जाता है। यहां खाने आने वालों की पहली पंसद गुजराती थाली रहती है। यहां हल्के मसालों और मीठे नमकीन का बेहतरीन संतुलन मिलता है।
7. राजस्थान सदन
राजस्थानी शाही स्वाद का अनुभव तो दाल बाटी, सब्जियां और देसी घी से होता है। नॉन वेज के शौकीनों के लिए भी यह किसी वरदान से कम नहीं है। यह मटन करी मथानिया मिर्च (लाल मिर्च) के साथ बनाई जाती है, जिससे इसका रंग गहरा लाल और स्वाद बेहद तीखा होता है।

8. पश्चिम बंगाल भवन
बंगाली खाना अपनी अनूठी मिठास, मछली के प्रति प्रेम और सरसों के तेल की खुशबू के लिए जाना जाता है। दिल्ली में रहते हुए अगर आप कोलकाता की गलियों का स्वाद चखना चाहते हैं, तो बंगा भवन सबसे बेहतरीन जगह है।
9. असम भवन
असम का खाना अपनी सादगी, प्राकृतिक जड़ी-बूटियों और कम मसालों के उपयोग के लिए जाना जाता है। यहां का स्वाद बहुत ही ताजा और औषधीय गुणों से भरपूर होता है। दिल्ली में असम हाउस में आप इस अनोखे जायके का अनुभव कर सकते हैं।

10.जम्मू-कश्मीर भवन
जम्मू-कश्मीर का खाना अपनी शाही रंगत, केसर की खुशबू और सूखे मेवों के, भरपूर इस्तेमाल के लिए जाना जाता है। यहां का भोजन दो मुख्य शैलियों में बंटा है, एक तरफ कश्मीरी पंडितों का भोजन और दूसरी तरफ कश्मीरी मुस्लिम (वाजवान) भोजन।
क्यों खास हैं स्टेट भवन?
इन स्टेट भवनों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां मिलने वाला खाना सिर्फ बिजनस के तौर पर नहीं होता, बल्कि पारंपरिक तौर पर भी होता है। यही वजह है कि आज भी ये जगहें दिल्ली में रीजनल फूड के शौकीनों की पहली पसंद बनी हुई हैं।
