अगर आप इस वीकेंड बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं तो इससे पहले एक बार मौसम का पूर्वानुमान जरूर जान लीजिए। पिछले 24 घंटे की बात करें तो देशभर में पिछले 24 घंटे में बारिश, ओले और तेज हवाएं देखने को मिली हैं। उत्तर भारत से दक्षिण और मध्य और पूर्वी-पूर्वोत्तर भारत में मौसम खराब रहा। बेमौसम बारिश से किसान परेशान हैं और फसलों की कटाई से लेकर मंडी तक पहुंचाने में मुश्किलें आ रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज भी देश के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकते हैं और उनका सबसे ज्यादा असर 4 अप्रैल यानी आज देखने को मिलेगा।
दिल्ली एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 अप्रैल को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और एनसीआर के अन्य हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की संभावना है। यह सिलसिला अगले 2 दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: काबुल से कारगिल तक हिली धरती, अफगानिस्तान में भूकंप से 8 की मौत
उत्तर भारत में भूकंप के झटके
कल रात 9 बजकर 45 मिनट पर उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। दिल्ली, जम्मू कश्मीर, पंजाब और हरियाणा और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के कारण किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
यूपी-बिहार में अलर्ट
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य में मौसम में अचानक बदलाव का अलर्ट जारी किया है। आज राज्य के बड़े हिस्से में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव से आज अचानक तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बिहार की बात करें तो बिहार की राजधानी पटना में ही बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में गर्मी और बादलों को मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। आज राज्य में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, 5 अप्रैल के बाद मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी है।
पहाड़ों पर खराब मौसम
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग ने आज भले ही कोई अलर्ट जारी ना किया हो लेकिन कल इन राज्यों में मौसम खराब रहने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इन तीनों राज्यों में हवाओं के झोंके चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: AAP छोड़ेंगे या स्वाति मालीवाल के रास्ते पर चलेंगे राघव चड्ढा, विकल्प क्या हैं?
पूर्वोत्तर भारत में सामान्य मौसम
पूर्वोत्तर भारत में बीते एक हफ्ते से मौसम की गतिविधियां देखने को मिली थी। हालांकि, आज सामान्य मौसम रहने की संभावना है। असम मेघालय में हल्की बारिश हो सकती है इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के अन्य राज्यों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
अन्य राज्यों का मौसम
राजस्थान में आज ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में तेज आंधी-बारिश देखने को मिलेगी। वहीं, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ-साथ ओले गिरने की भी संभावना है। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद मौसम साफ रह सकता है।
