उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक मौसम के अलग-अलग रंग आज देखने को मिलेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, देश के किसी हिस्से में गर्मी है तो किसी भाग में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने एक बार फिर से पहाड़ी राज्यों समेत कई मैदानी इलाकों में झमाझम बरसात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में लू का भी अलर्ट जारी किया है और बताया कि है कि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो आज सुबह से ही दिल्ली में आसमान साफ है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी किया है लेकिन आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की बात कही है। आज राजधानी में तापमान में बढ़ोतरी का अंदेशा जताया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली में तापमान आज 40 डिग्री के पार भी जा सकता है।
यह भी पढ़ें: रजनीकांत से तक कमल हसन तक, सियासत में 'चूके', विजय क्यों उत्साहित हैं?
यूपी-बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में तो ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से आग बरस रही हो। कई जिलों में भीषण गर्मी का तांडव देखने को मिल रहा है। कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर में कल भी लू का असर देखने को मिला था। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी पड़ सकती है। कुछ जगहों पर तो लू चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बिहार की बात करें तो बिहार में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 19 अप्रैल को गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सीधे धूप के संपर्क में ना आने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों का मौसम
मैदानी राज्यों में लोगों को गर्मी परेशान कर रही है तो पहाड़ी राज्यों में अभी भी तापमान कम है। मौसम की गतिविधियां अभी भी जारी हैं जिससे उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में तापमान कम है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देदा। आज शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा और कुछ पड़ोसी हिस्सों पर बारिश, ओले और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड की बात करें तो यहां भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के कुछ ऊंचाई वाले हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षओभ के असर के कारण मौसम काफी खराब है। पिछले दो दिन से बारिश और बर्फबारी जारी है। कश्मीर घाटी में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसरा, आज भी मौसम की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और कश्मीर के हिस्सों पर बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: संसद में 33% महिला आरक्षण पर रार, राज्यों में 10% महिलाएं भी नहीं बन पा रही MLA
अन्य राज्यों का हाल
पूर्वोत्तर भारत में अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं। असम, अरुणाचल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों में गर्मी का कहर दिखाई दे रहा है। अधिकांश राज्यों में सुबह से शाम तक तेज धूप और दिन भर गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं।
कर्नाटक में आज बारिश की संभावना है और तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों पर आंधी-बारिश का अनुमान है। कुछ हिस्सों में बारिश की घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे दक्षिण भारत में मौसम गर्मी वाला ही रहेगा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
