देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी एअर इंडिया चर्चा में है। एअर इंडिया पर एक बुजुर्ग महिला यात्री को व्हीलचेयर न देने का आरोप लगा है। पारुल कंवर नाम की महिला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने उनकी दादी राज परिसचा के लिए दिल्ली से बेंगलुरु का टिकट बुक किया था। टिकट बुक करते समय ही व्हीलचेयर की रिक्वेस्ट भी की थी। इसके बावजूद एअर इंडिया ने व्हीलचेयर नहीं दी। इस कारण उनकी दादी परिवार के सदस्य का हाथ पकड़कर पैदल ही चल पड़ीं और थोड़ी ही देर बाद गिर गईं। गिरने से उनके सिर और नाक में चोटें आई हैं। दावा है कि बुजुर्ग महिला अस्पताल में ICU में भर्ती हैं।


पारुल कंवर ने इस पूरे वाकये को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि एअर इंडिया की फ्लाइट AI2600 में टिकट बुक किया गया था। टिकट बुक करते समय ही व्हीलचेयर की रिक्वेस्ट की थी लेकिन जब उनकी दादी इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (IGI) पहुंचीं तो उन्हें वहां व्हीलचेयर नहीं दी गई।


पारुल का दावा है कि एअर इंडिया के स्टाफ से लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी तक मदद मांगी लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। उन्होंने बताया कि पैदल चलने के कुछ देर बाद ही उनकी दादी गिर गई थी। उनके होठों से खून बह रहा था। सिर और नाक में चोटें भी आई थीं लेकिन फर्स्ट एड तक नहीं मिला। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें देखा और दो टांके लगाए। इस मामले पर एअर इंडिया ने पारुल से बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने जांच न किए जाने तक बात करने से मना कर दिया। एअर इंडिया का कहना है कि कंपनी इस पर सक्रिय रूप से काम कर रही है।

 

यह भी पढ़ें-- महिला को नहीं दी व्हीलचेयर, गिरने से ICU में भर्ती; Air India पर आरोप


बहरहाल, इस मामले के सामने आने के बाद जानते हैं कि व्हीलचेयर को लेकर एयरपोर्ट और एअर इंडिया के नियम क्या हैं? क्या व्हीलचेयर लेने पर कोई एक्स्ट्रा चार्ज भी देना पड़ता है?

एयरपोर्ट पर मिलती है व्हीलचेयर की व्यवस्था

ऐसे यात्री जो चल-फिर नहीं सकते या बीमार होते हैं तो उन्हें व्हीलचेयर की सुविधा दी जाती है। सभी एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर की सुविधा मिलती है। 


अगर टिकट बुक करते समय व्हीलचेयर की रिक्वेस्ट नहीं की है तो एयरपोर्ट पहुंचकर भी इसकी मांग कर सकते हैं। दिल्ली एयरपोर्ट की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, Airport Kruz पर जाकर व्हीलचेयर ले सकते हैं। हालांकि, इसके लिए एक फीस चुकानी होती है।


इसके अलावा, अगर अपनी व्हीलचेयर लेकर आए हैं तो ऐसे यात्रियों के लिए भी अलग लेन बनी होती है। इस लेन के जरिए यात्री फ्लाइट तक पहुंच सकती है।

फ्री मिलती है व्हीलचेयर की सुविधा

दिव्यांगों या बीमारों को लगभग सभी एयरलाइन कंपनियां फ्री व्हीलचेयर की सुविधा देती हैं। एअर इंडिया भी फ्री व्हीलचेयर देती है। हालांकि, इसके लिए टिकट बुक करते समय ही व्हीलचेयर की रिक्वेस्ट करनी होती है।


एअर इंडिया की वेबसाइट के मुताबिक, टिकट खरीदते समय ही व्हीलचेयर की प्री-बुकिंग करनी होती है, ताकि एयरपोर्ट पहुंचने पर कोई देरी न हो। इसके लिए कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं देना होता है। हालांकि, मेडिकली अनफिट लोगों को मेडिकल इंफोर्मेशन फॉर्म (MEDIF) भरना होता है। इसके बाद एअर इंडिया के मेडिकल ऑफिसर व्हीलचेयर की रिक्वेस्ट अप्रूव करने के लिए कम से कम 72 घंटे का समय लेते हैं।

 

यह भी पढ़ें-- 1 साल में 30 बार दुबई की ट्रिप, लाखों की कमाई, ऐसे पकड़ी गई रान्या राव

ऐसे मिलती है व्हीलचेयर की सुविधा

टिकट बुक करते समय ही बताना होता है कि यात्री को व्हीलचेयर कहां तक के लिए चाहिए? यात्री को बताना होता है कि उसे व्हीलचेयर फ्लाइट की सीढ़ियों तक चाहिए या एंट्री गेट तक चाहिए या फिर सीट तक चाहिए? इसके अलावा, उड़ान से 48 घंटे पहले बताना होता है कि उन्हें इस दौरान क्या-क्या मदद चाहिए। अगर किसी यात्री के साथ गंभीर मेडिकल कंडीशन है या उड़ान के दौरान ऑक्सीजन की जरूरत है, तो इसकी जानकारी भी देनी होती है।

अपनी व्हीलचेयर भी ले जा सकते हैं

यात्री अपने साथ अपनी व्हीलचेयर भी फ्लाइट में ले जा सकते हैं। अगर किसी यात्री के पास इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर है तो उसकी जानकारी भी एयरलाइन कंपनी को देनी होती है। बताना होता है कि व्हीलचेयर में कितने वॉट की और कितनी बैटरी लगी है। इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर की बैटरी 300 वॉट से ज्यादा की नहीं होनी चाहिए।


हालांकि, व्हीलचेयर ऐसी जरूर होनी चाहिए जो एयरपोर्ट से लेकर फ्लाइट तक आसानी से जा सके। कुछ मामलों में व्हीलचेयर को फ्लाइट के एंट्री गेट पर ले लिया जाता है और एयरक्राफ्ट होल्ड में रख दिया जाता है। ऐसी स्थिति में एयरलाइन की व्हीलचेयर दी जाती है। लैंड करने के बाद व्हीलचेयर वापस कर दी जाती है।