उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बकरीद के दिन हुए हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद, एक पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया है। वह 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या का मुख्य आरोपी था। वह शहर छोड़कर भागने की योजना बना रहा था, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस ने बताया है कि असद ने पुलिस पर हमला किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी है।

सूर्या चौहान पर गुरुवार को एक झगड़े के दौरान चाकू से हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया था। इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले ही तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें: पहली पत्नी और बेटी ने कराई कांग्रेस नेता रामसिंह की हत्या? मौत की गुत्थी उलझी

पुलिस ने असद पर रखा था 50 हजार का इनाम

असद हत्या के बाद से फरार था। पुलिस ने उसे पकड़ने की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस को सूचना मिली कि असद खोदा इलाके में अपने दोस्तों से मिलने आ रहा है। यहां वह पैसे लेने आ रहा था। पैसों को लेकर वह कहीं और भागने की फिराक में था। 

पुलिस टीम पर ही असद ने किया हमला 

पुलिस टीम ने पूरे इलाके में सर्चिंग की और नाकाबंदी लगा दी। जब असद अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर आ रहा था तो पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। उसने रुकने की जगह, पुलिस पर ही गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें असद घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। 

 

यह भी पढ़ें: अमृतसर में पाकिस्तान सीमा के पास ASI की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिली लाश

हमले में पुलिस कांस्टेबल घायल

गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने असद की बाइक और उसकी पिस्तौल भी बरामद कर ली है। पूरी घटना की जांच की जा रही है।

'कुर्बानी देखी है कभी' बोलकर मार डाला

खोड़ा में कुछ लोगों ने सूर्या चौहान को फोन करके बुलाया था। सूर्या के दोस्तों ने बताया कि फोन करने वाले ने कहा था, 'कभी बकरा कुर्बान होते देखे हो, आओ हम कुर्बानी दिखाते हैं।' सूर्या पर दोस्त की बातों पर यकीन करना भारी पड़ गया। जब सूर्या वहां पहुंचा तो उसी को चाकू से गोदकर मार डाला। अस्पताल में उसकी सांसें थम गई। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।