दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जल्द ही सिविल लाइंस इलाके के सरकारी बंगले में शिफ्ट हो सकती हैं। उन्होंने करीब चार महीने पहले सीएम का पद संभाला था। अधिकारियों के मुताबिक, अब उन्हें आधिकारिक तौर पर बंगला आवंटित कर दिया गया है और वहां मरम्मत और रेनोवेशन का काम भी शुरू हो गया है। फिलहाल रेखा गुप्ता अपने परिवार के साथ शालीमार बाग में रह रही हैं। एक सूत्र ने बताया कि सिविल लाइंस इलाके में चार सरकारी बंगले हैं जिनमें से 2 पहले ही डिप्टी स्पीकर और समाज कल्याण मंत्री को दिए जा चुके हैं। बाकी दो बंगलों में से एक मुख्यमंत्री के रहे के लिए और दूसरा उनका कैंप ऑफिस बनाने के लिए रखा गया है।
PWD ने शुरू किया रेनोवेशन
एक अधिकारी ने बताया, 'पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया है, जो हर नए आवंटन के वक्त होता है। इसमें दिवारों की पुताई, खिड़कियों और छत की सफाई जैसे काम शामिल होते हैं। जैसे ही काम पूरा होगा, सीएम वहां शिफ्ट हो जाएंगी।' बताया गया है कि मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए बने बंगलों की मरम्मत और कैंप ऑफिस तैयार करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने कई टेंडर जारी किए हैं। इन कामों की अनुमानित लागत 47 लाख रुपये बताई जा रही है और ये काम दो महीने में पूरा हो सकता है। इसी तरह का एक और काम 90 लाख रुपये के टेंडर के तहत किया जाएगा।
यह भी पढे़ं: विकास का मंत्र, पाकिस्तान को संदेश, कश्मीर में क्या-क्या बोले PM मोदी?
लुटियंस दिल्ली में देख रही थीं घर
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री इन दिनों लुटियंस दिल्ली में एक नया घर ढूंढ रही थीं लेकिन ये इलाके केंद्र सरकार के अधीन आते हैं इसलिए कोई भी घर दिल्ली सरकार को तभी मिल सकता है जब दोनों के बीच अदला-बदली हो। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रक्रिया थोड़ा वक्त ले रही है क्योंकि अभी तक कोई भी सही घर खाली नहीं है।
यह भी पढ़ें: बहाव के साथ बदलता है चिनाब नदी का नाम, पढ़िए इसकी पूरी ABCD
केजरीवाल का 'शीश महल'
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने 10 साल के कार्यकाल के दूसरे हिस्से में सिविल लाइंस इलाके के 6 फ्लैगस्टाफ रोड वाले घर में परिवार के साथ रहना शुरू किया था। यह घर उस समय चर्चा में आ गया था जब भारतीय जनता पार्टी ने इस पर आप के खिलाफ अभियान चलाया। बीजेपी का आरोप था कि इस घर पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए और इसे 'शीश महल' तक कहा गया। अब इस खर्च और इससे जुड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।