दिल्ली में एक 13 साल की नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना समयपुर बादली के नजदीक की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बच्ची को जबरन शराब पिलाया और नशे में होने के बाद सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना शनिवार की बताई जा रही है। परिवार वालों ने पुलिस को दी शिकायत में बच्ची के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया।

 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय नरोत्तम और 26 वर्षीय ऋषभ झा के तौर पर हुई है। राजा विहार का रहने वाला नरोत्तम नाई की दुकान चलता है, जबकि ऋषभ झा एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करता है। उसका परिवार जेजे कैंप में रहता है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि नरोत्तम पहले से ही पीड़िता और उसके परिवार को जानता है।

 

यह भी पढ़ें: केरल में BJP की धमक, कौन हैं तिरुवनंतपुरम के मेयर वी वी राजेश?

 

यहां आपको यह बता दें कि एक अध्ययन में सामने आया है कि अमेरिका में दुष्कर्म के 60% केस में आरोपी परिचित ही थे। वहीं 31% अपराध अजनबियों ने किए। मतलब साफ है कि महिलाओं को अपने जान पहचान के लोगों से अधिक खतरा है। यूनिसेफ की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 20 वर्ष से कम उम्र की हर 10 में से एक लड़की ने दुष्कर्म का सामना किया। वहीं 90 प्रतिशत बच्चियों का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाला उनका कोई परिचित ही था। 

 

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: अचानक BJP नेता दुष्यंत कुमार गौतम क्यों चर्चा में आ गए?

बच्ची ने फोन कर बताई पूरी आपबीती

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नरोत्तम के घर पर पीड़िता को जबरन शराब पिलाई। नशे में होने पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची ने फोन पर अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। उसने जबरन शराब पिलाने और मारपीट करने की बात कही। रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70 (गैंगरेप) और पॉक्सो की धारा 6 के तहत केस दर्ज किया है।